संगीत का कोई मज़हब, कोई ज़बान नहीं होती। 'रेडियोवाणी' ब्लॉग है लोकप्रियता से इतर कुछ अनमोल, बेमिसाल रचनाओं पर बातें करने का। बीते नौ बरस से जारी है 'रेडियोवाणी' का सफर।
Showing posts with label rafi. Show all posts
Showing posts with label rafi. Show all posts

Friday, July 31, 2020

मोहम्‍मद रफी और मुंशी प्रेमचंद 'पिपरा के पतवा'



आज मोहम्‍मद रफी की याद का दिन है। और आज ही है प्रेमचंद का जन्‍मदिन।
हमने सोचा कि
‘रेडियोवाणी’ पर किसी ऐसे गाने की बात की जाए- जिसमें इन दोनों कलाकारों का संगम हुआ हो और ऐसे में ‘गोदान’ की याद आना सहज ही था। प्रेमचंद का उपन्‍यास गोदान सबसे पहले सन 1936 में मुंबई से ही प्रकाशित हुआ था। इसके प्रकाशक थे हिंदी ग्रंथ रत्‍नाकर। इस उपन्‍यास को आप ऑनलाइन यहां पढ़ सकते हैं।


                       


 प्रेमचंद और मुंबई का क्‍या यही एकमात्र कनेक्‍शन था। जी नहीं....यहां आपको दिलचस्‍प बात बतायी जाये कि मुंशी प्रेमचंद एक ज़माने में मुंबई आए थे। वो भी फिल्‍मों में अपना भाग्‍य आज़माने के लिए। पर उससे भी पहले उनका मुंबई कनेक्‍शन बन गया था। उनके उपन्‍यास
‘सेवा-सदन’ पर बाज़ार-ए-हुस्‍न नाम की फिल्‍म बनाने का क़रार हुआ था और इससे प्रेमचंद बड़े खुश थे। उन्‍होंने 14 फरवरी 1934 को जैनेंद्र कुमार को एक ख़त लिखा जिसमें लिखा--"सेवा सदन का फिल्म हो रहा है. इस पर मुझे साढ़े सात सौ मिले... साढ़े सात सौ."। पर दिक्‍कत ये हुई कि मुंबई की कंपनी महालक्ष्‍मी पिक्‍चर्स ने किताब के अधिकार ले लिये और नानूभाई वकील के निर्देशन में एक दोयम दर्जे की फिल्‍म परोस दी, जिससे प्रेमचंद खासे दुःखी हुए। इसके बाद जब प्रेमचंद की आर्थिक स्थिति ख़राब हुई ‘हंस’ और ‘जागरण’ को छापना तक मुश्‍किल होने लगा तो भगवतीचरण वर्मा के आग्रह पर प्रेमचंद मुंबई आए थे। और अजंता सिनेटोन में आठ हज़ार रूपए सालाना की नौकरी कर ली थी। 1935 में वो वापस भी लौट गए थे। इस बीच उनकी कहानी पर मोहन भवनानी ने ‘मिल मज़दूर’ बनायी थी- इस फिल्‍म में प्रेमचंद ने एक रोल भी किया था। फिल्‍म मजदूरों के बीच इतनी हिट हुई कि अँग्रेज़ सरकार को इस पर प्रतिबंध लगाना पड़ गया था।

     
                       



आगे चलकर प्रेमचंद की कृतियों पर कई फिल्‍में बनीं—जिन पर हम बाद में कभी चर्चा करेंगे। सन 1963 में
‘गोदान’ पर त्रिलोक जेटली ने इसी नाम की फिल्‍म बनायी थी, जिसमें होरी बने थे राजकुमार, धनिया बनीं कामिनी कौशल और गोबर की भूमिका निभाई महमूद ने। यहां दिलचस्‍प बात ये है कि जब फिल्‍म के लिए गीत-संगीत की जिम्‍मेदारी देने की बारी आयी तो बड़ा ही अनूठा चयन किया गया। फिल्‍म के लिए संगीत का जिम्‍मा मैहर घराने के प्रसिद्ध सितार वादक पंडित रविशंकर को दिया गया और गीतकारी का जिम्‍मा सहज रूप से आया अंजान के नाम। अंजान चूंकि मूल रूप से बनारस के रहने वाले थे—वहां की बोली-बानी को भली-भांति जानते थे इसलिए यह एकदम सही चयन बन गया। कहते हैं कि पंडित रविशंकर ने इस फिल्‍म के संगीत के लिए खूब रिसर्च किया था। बनारस के आसपास के गांवों के लोक-संगीत को गहराई से जाना समझा और तब बना ‘गोदान’ का संगीत- जो सही मायनों में अमर हो गया। पंडित रविशंकर ने इस फिल्‍म के संगीत में क्‍या कमाल किया था इसे समझने के लिए आपको ‘गोदान’ का टाइटल म्‍यूजिक ज़रूर सुनना चाहिए। हम आपके लिए इसे खोजकर लाए हैं। ये रहा।





आज हम जिस गाने की बात करने जा रहे हैं- वो है—
‘पिपरा के पतवा सरीखे डोले मनवा’। अद्भुत गीत है ये। गोबर यानी महमूद को होली पर शहर से गांव जाना है। वो अपने सेठ जी से छुट्टी मांगता है और जब छुट्टी मिल जाती है तो उसकी खुशी का ठिकाना नहीं रहता। अब गोबर चल पड़ा है—कांधे पर लाठी—और साथ में एक पोटली। महमूद को हमेशा हास्‍य-भूमिकाओं में देखने की आदत के रहते उनकी ये भूमिका आपको झटका देती है। शहर में नौकरी करने आए गांव के एक युवक गोबर की भूमिका। प्रेमचंद का एक किरदार। मोहम्‍मद रफी गाने की पहली पंक्ति बिना संगीत के गाते हैं—ये एक पुकार है—एक ललक—खुशी, उत्‍साह अपने घर वापस जाने का--





पिपरा के पतवा सरीखे डोले मनवा
कि हियरा में उठत हिलोर
पुरवा के झोंकवा में आयो रे संदेसवा
कि चल आज देसवा की ओर।।


और इसके बाद लोक-वाद्यों का ऐसा संयोजन कि गर्दन और पैर अपने आप ही थिरकने लगते हैं। इस गाने को डूबकर सुनें तो ऐसा अहसास होने लगता है कि आप खुद ही गांव लौट रहे हैं। अपने घर। अपने लोगों के पास। पंडित रविशंकर हों और सितार ना हो संगीत में—ऐसा नहीं हो सकता। बांसुरी
, मैंडोलिन और सितार इंटरल्‍यूड में आपको बहा ले जाता है अपने साथ।


झुकी-झुकी बोले काले काले ये बदरवा
कबसे पुकारे तोहे नैनों का कजरवा
उमर-घुमर जब गरजे बदरिया रे
ठुमुक ठुमुक नाचे मोर
पुरवा के झोंकवा में आयो रे संदेसवा
कि चलो आज देसवा की ओर।। 

अंजान ने भले अमिताभ बच्‍चन की फिल्‍मों के लिए ढेर कमर्शियल गीत रचे हों
, पर इस फिल्‍म के गीतों में उनका भदेस रूप खूब खिला है। ऐसा लगता है जैसे ‘गोदान’ की भावभूमि पर उन्‍हें बनारस का क़र्ज़ चुकाने का मौक़ा मिला और उन्‍होंने इसे खूब निभाया। गाने में यहां सितार के टुकड़े के ज़रिए मोर नाचने का जो प्रभाव पैदा किया गया है—वो अद्भुत से भी परे है।

यहां ये भी ग़ौर करने की बात है कि मोहम्‍मद रफ़ी के गानों में उनका पंजाबी मिज़ाज खूब झलकता रहा है। कुछ शब्‍दों में तो खास तौर पर—जैसे
‘संग’ में वो खास पंजाबी तरीक़े से ‘सांग्‍ग’ गाते हैं और वो बड़ा प्‍यारा भी लगता है। रफी को इस उत्‍तर भारत के इस ग्रामीण गीत को गाने के लिए खासा अभ्‍यास करना पड़ा होगा और उन्‍होंने इसे बड़ी कुशलता से निभाया है। ऊंचे दर्जे के कलाकार ऐसे ही होते हैं।

यहां जब वो गाते हैं
‘सिमिट सिमिट बोले लंबी ये डगरिया/ जल्‍दी जल्‍दी चल राही अपनी नगरिया’... तो आनंद आ जाता है। गाने में जो टेर चाहिए थी—जो उछाह- उसे रफी ने गाने में अपनी आवाज़ से साकार कर दिया है।

सिमिट सिमिट बोले लंबी ये डगरिया
जल्‍दी जल्‍दी चल राही अपनी नगरिया
रहिया तकत बिरहिनिया दुल्हनिया रे
बांधके लगनिया की डोर
पुरवा के झोंकवा में आयो रे संदेसवा
कि चलो आज देसवा की ओर।।

मोहम्‍मद रफी की आवाज़ की मस्‍ती
‘गोदान’ के होली गीत में भी खूब खिलती है।
‘गोदान’ के किसी भी गाने को सुनें तो आपको केवल बोल नहीं सुनने होते—प्रील्‍यूड और इंटरल्‍यूड में घुली देसी तरंग पर थिरकना भी होता है। एक अच्‍छी फिल्‍म का सही संगीत ऐसा ही होता है। ‘होली खेलत नंदलाल’ में रफी की आवाज़, अंजान के बोल और पंडित रविशंकर का संगीत कुछ ऐसा जादू रचता है कि गीत खत्‍म होने के बाद भी आप उससे बाहर नहीं निकल पाते। गीत आपके ज़ेहन में गूंजता रहता है।








मोहम्‍मद रफी की याद का दिन है आज और हम उन्‍हें सलाम करते हैं। मुंशी प्रेमचंद का जन्‍मदिन भी- इन दोनों महान कलाकारों को हमारा नमन। 

READ MORE...

Saturday, July 31, 2010

घोड़ा पिशौरी मेरा--रफ़ी साहब का एक यादगार तांगा-गीत


31 जुलाई मोहम्‍मद रफी की याद का दिन होता है । ज़ा‍हिर है कि इस दिन रेडियो से आपको दिन भर रफ़ी साहब के गाए गाने सुनाए देते हैं। यूं तो हर दिन रफ़ी साहब का है। उनके बिना कोई रेडियो-स्‍टेशन, टी.वी.चैनल, कोई आई.पॉड, कोई म्‍यूजिक-प्‍लेयर नहीं चलता। 

रेडियोवाणी पर हमारा प्रयास यही रहता है कि लोकप्रिय और प्रचलित रचनाओं से इतर rafi and aliकुछ नया, अनसुना और अलग सुनवाया जाए। रफ़ी साहब का एक ऐसा गाना आज हम आपके लिए 'रेडियोवाणी' पर लेकर आये हैं जो सुनने, देखने और पढ़ने तीनों में आपको अद्भुत लगेगा। और ज्‍यादा सुनाई भी नहीं देता ये गाना। बाईं ओर जो तस्‍वीर आप देख रहे हैं उसमें मोहम्‍मद रफ़ी और जाने-माने मुक्‍केबाज़ मोहम्‍मद अली एक दूसरे पर मुक्‍के ताने नज़र आ रहे हैं। तस्‍वीर फ्लिकर के इस यूज़र-अकाउंट से साभार है।

सन 1963 में नरेश सहगल की फिल्‍म आई थी--'प्‍यार का बंधन'। कलाकार थे राजकुमार, निशी, नाज़, जॉनी वॉकर, हेलेन वग़ैरह। इस फिल्‍म के गाने नक्‍श लायलपुरी ने लिखे थे और संगीतकार थे रवि।  दिलचस्‍प बात ये है कि इस फिल्‍म के जिस गाने का आज जिक्र है--उसमें फिल्‍म के हीरो राजकुमार शानदार अंदाज़ में तांगा चला रहे हैं। तांगे वालों के गीत सिनेमा में और भी आए हैं। 'नया दौर' को याद करें जिसमें दिलीप साहब खांटी तांगा-वाले लगे थे। यहां राजकुमार भी खांटी तांगावाले ही लग रहे हैं। इस गाने में रफ़ी साहब के गाने का पंजाबी टोन बड़ा ख़ूबसूरत लगता है। अफ़सोस कि अब फिल्‍मों में ऐसे गानों की गुंजाईश नहीं रही।

एक ज़माने में अनगिनत ऐसे गीत आए जिनमें 'तांगा-रिदम' था। और कुछ गीत तो ऐसे हैं जो तांगा-रिदम के बावजूद फिल्‍माए तांगे पर नहीं गए हैं । तांगा-गीतों पर मैंने 'भास्कर' में यहां एक लेख लिखा है। वैसे रफ़ी साहब के बारे में एक दिलचस्प बात ये है कि उन्‍होंने जिंदगी के कुछ ज़रूरी काम करने वाले मेहनती लोगों के कई गाने गाए। छोटी-सी फेहरिस्‍त--

मैं एक रिक्‍शा-वाला (फिल्‍म छोटी बहन) रिक्‍शा वाले का गीत
मूलीराम और भिंडीमल (फिल्‍म दुल्‍हन) सब्‍ज़ी वाले का गीत
बरतन क़लई करा लो (फिल्‍म गर्ल्स हॉस्टल) बर्तन क़लई कराने वाले का गीत
मालिश तेल मालिश (प्‍यासा) चंपी-वाले का गीत
ले लो चूडियां (घर की लाज) चूड़ी वाले का गीत 

तो आईये आज रफ़ी साहब की पुण्‍यतिथि वाले दिन रफ़ी का ये अलबेला गाना सुनें। 
 

यहां सुनिए।

song:ghoda pishori mera
singer:: mohd rafi
lyrics: naksh layalpuri  sahir ludhiyanvi
music:ravi
film: pyar la bandhan
year: 1963



घोड़ा पिशौरी मेरा, तांगा लाहौरी मेरा,
बैठो मियांजी बैठो लाला मैं हूं अलबेला तांगे वाला। 
टांगें थकेंगी यारो, टांगे में आओ 
गर्मी बड़ी है यारो पैदल ना जाओ
होगा गुलाबी रंग काला, गुलाबी रंग काला
मैं हूं अलबेला तांगेवाला।
बचना ओ जाने वाले मैं तुझपे वारी
टकरा ना जाए कहीं शाही सवारी
रोता फिरेगा घर वाला
मैं हूं अलबेला तांगेवाला।
मेहनत मजूरी करूं, झुकना ना जानूं
आंधी तूफान में भी रूकना ना जानूं
अपना साईं है रखवाला, साईं है रखवाला
मैं हूं अलबेला तांगेवाला। 

यहां देखिए ।



-----

अगर आप चाहते  हैं कि 'रेडियोवाणी' की पोस्ट्स आपको नियमित रूप से अपने इनबॉक्स में मिलें, तो दाहिनी तरफ 'रेडियोवाणी की नियमित खुराक' वाले बॉक्स में अपना ईमेल एड्रेस भरें और इनबॉक्स में जाकर वेरीफाई करें। 

READ MORE...

Sunday, August 2, 2009

रफ़ी साहब का एक अनमोल प्राइवेट गीत- मैंने सोचा था अगर मौत से पहले-पहले

मैं 'रेडियोवाणी' पर हमेशा कहता हूं कि महान कलाकारों की याद के लिए हम तारीख़ों के मोहताज नहीं होते । उनकी याद तो किसी भी वक्‍त और किसी भी बहाने से आ सकती
है । पिछले तकरीबन एक महीने से रफ़ी साहब के गाने सुनने का मन करता रहा है और मैंने कुछ ऐसे गीत ख़ासतौर पर खोजकर सुने हैं जो कम सुने जाते हैं । अब मन कर रहा है कि इस envialble फेहरिस्‍त को आपको भी दिखाया जाए ।

शायद इसकी वजह ये है कि मुझे लगता है, रफ़ी साहब की याद के बहाने ज़माना वही 'मनMohammed_Rafi तड़पत हरि दरशन', 'ओ दुनिया के रखवाले' और 'आज पुरानी राहों से कोई मुझे आवाज़ ना दे' ही सुनकर तसल्‍ली करता रहा है । जबकि
रफ़ी का संगीत-संसार इतना विस्‍तृत है कि उसमें 'सल्‍ले-अला ज़ुल्‍फ़ काली-काली' जैसी नातें और हम्‍द शामिल हैं तो दूसरी तरफ़
'पैंया पड़ूं तोरे श्‍याम बिरज में लौट चलो' जैसी मार्मिक भक्ति-रचनाएं भी हैं । रफ़ी एक तरफ मेहबूबा को रिझा रहे किसी 'थर्ड ग्रेड' फिल्‍म के हीरो को भी आवाज़ देते नज़र आते हैं तो दूसरी तरफ़ हेलीकॉप्‍टर के होंठों पर सजा लटके शम्‍मी कपूर को 'आसमान से आया फ़रिश्‍ता' जैसा गीत भी बन जाते हैं । इसलिए हमें रफ़ी साहब को हर बार एक नए रंग में सुनना चाहिए । चलिए मेरी फेहरस्ति से आपको गुज़ारा जाए । ये वो गाने हैं जिनके साथ जिंदगी आराम से गुज़ारी जा सकती है ।

ख़ामोश ज़माना है-हीर
क्‍या रात सुहानी है--अलिफ लैला
ले गई एक हसीना दिल मेरा-बेनज़ीर
मुहब्‍बत की बस इतनी दास्‍तां है-बारादरी
तेरी तस्‍वीर भी-किनारे किनारे
तुम बिन सजन बरसे नयन-गबन
दिल मेरा तुम्‍हारी अदाएं ले गयीं-गौरी
मेरी मेहबूब मेरे साथ ही चलना है तुझे-ग्‍यारह हज़ार लड़कियां
माना मेरे हसीं सनम तू रश्‍क-ए-माहताब है-the adventure of robinhood
ये दिन नहीं है कि जिसके सहारे जीते हैं-आबरू
इक झूठ है जिसका दुनिया ने रखा है मुहब्‍बत नाम-जादू
जाता हूं मैं मुझे अब ना बुलाना-दादी मां

ये फेहरिस्‍त शायद envialble है....पता नहीं क्‍यों मुझे अंग्रेज़ी के इस शब्‍द का बेहतर हिंदी विकल्‍प नहीं मिलता । हां 'रश्‍क करना' उर्दू का बेहतरीन जुमला है । फिलहाल आपको इतना ही बताना है कि ये सारे गाने वैसे तो आपके आसपास आसानी से उपलब्‍ध हैं पर आज और अगले रविवार को रात दस बजे प्रसारित होने वाले 'छायागीत' में मैंने इन्‍हें विशेष रूप से शामिल किया है ।

बहरहाल...अब आज की पेशकश पर आया जाए । न्‍याय शर्मा फिल्‍म-जगत के कम चर्चित गीतकार रहे हैं । उनके बारे में ज्‍यादा कुछ पता नहीं है । उनके लिखे कुछ गीतों की सूची यहां है । समय-समय पर यहां भी उनके गीत आपको सुनवाए जाते रहेंगे । वैसे न्‍याय शर्मा की सबसे चर्चित फिल्‍म रही है 'किनारे किनारे' और इस फिल्‍म के गानों की सूची ये रही । इस फिल्‍म में मुकेश का चर्चित गीत था-'जब ग़म-ए-इश्‍क़ सताता है तो हंस लेता हूं' और तलत महमूद का भी....'देख ली तेरी ख़ुदाई अब मेरा दिल भर गया' । इन्‍हीं न्‍याय शर्मा का एक बेहद पेचीदा और मार्मिक प्राइवेट-गीत रफी साहब ने गाया है । इस गाने को मैंने इसके बोलों और जज़्बात के लिए पेचीदा कहा है । हो सकता है कि पहली बार में ये गीत अपने मायने आप तक ना पहुंचा सके....पर इसे सुनने में आपको आनंद आए । लेकिन बार-बार सुनने पर ये गीत ज़ेहन पर एकदम छप ही जाता है ।

ये गाना सितार की तान से शुरू होता है, फिर रफ़ी साहब की गाढ़ी और शीरीं आवाज़ पर सवार होकर इस गाने के बोल ज़ेहन में उतरते जाते हैं । इसके बोल और बनावट देखकर ही आप समझ सकते हैं कि इसे धुन में पिरोना कितना मुश्किल काम रहा होगा । बाबुल ने इसकी धुन बनाई है । आईये ये गाना सुनें ( और डाउनलोड करके दूसरों को सुनवाएं )



 

मैंने सोचा था अगर मौत-से पहले-पहले
मैंने सोचा था अगर दुनिया के वीरानों में
मैंने सोचा था अगर हस्‍ती की शमशानों में


किसी इंसान को बस एक भी इंसान की 'गर
सच्‍ची बेलाग मोहब्‍बत कहीं हो जाए नसीब
वो ही साहिल जो बहुत दूर नज़र आता है
खु़द-ब-ख़ुद खिंचता चला आता है कश्‍ती के क़रीब

मैंने सोचा था यूं ही दिल के कंवल खिलते हैं
मैंने सोचा था  यूं ही सब्रो-सुकूं मिलते हैं
मैंने सोचा था यूं ही ज़ख्‍़मे-जिगर सिलते हैं

लेकिन......
सोचने ही से मुरादें तो नहीं मिल जातीं 
ऐसा होता तो हरेक दिल की तमन्‍ना खिलती
कोशिशें लाख सही बात नहीं बनती है
ऐसा होता तो हरेक राही को मंजिल मिलती
मैंने सोचा था कि इंसान की किस्‍मत अकसर



फूट जाती है बिखरती है संभल जाती है
अप्‍सरा चांद की बदली से निकल जाती है
पर मेरे वक्‍त की गर्दिश का तो कुछ अंत नहीं
खुश्‍क धरती भी तो मंझधार बनी जाती है
क्‍या मुक़द्दर से शिकायत क्‍या ज़माने से गिला
ख़ुद मेरी सांस ही तलवार बनी जाती है

हाय......फिर भी सोचता हूं.....
रात की स्‍याही में तारों के दिये जलते हैं
ख़ून जब रोता है दिल, गीत तभी जलते हैं
जिनको जीना है वो मरने से नहीं डरते हैं
इसलिए....
मेरा प्‍याला है जो ख़ाली तो ख़ाली ही सही
मुझको होठों से लगाने दो, यूं ही पीने दो
जिंदगी मेरी हरेक मोड़ पे नाकाम सही
फिर भी उम्‍मीदों को पल भर के लिए जीनो दो ।

READ MORE...

Monday, December 24, 2007

गोरकी पतरकी रे--मो. रफ़ी के भोजपुरी और बांगला गीत--जन्‍मदिन पर विशेष

आज चौबीस दिसंबर है ।
मो. रफ़ी साहब का जन्‍मदिन । इस दिन को रफ़ी के चाहने वाले बड़े चाव ये याद रखते हैं ।


दिन भर की हड़बड़ी और भागमभाग के बीच भी रफ़ी साहब की याद में मैंने एक गाना रेडियोवाणी पर सुनवाने की ठान रखी थी । और वो है एक भोजपुरी गीत । सन 1979 में आई फिल्‍म बलम परदेसिया का ये गीत मुझे इंटरनेट खंगालने के बाद आखि़रकार मिल ही गया । इसे चित्रगुप्‍त ने स्‍वरबद्ध किया है ।

रफी साहब की ख़ासियत ये थी कि वो किसी भी भाषा का गाना बड़ी सहजता से गा लेते थे । उन्‍होंने भोजपुरी भी गाय, बांगला भी और अंग्रेज़ी भी । यहां तक कि दक्षिण की भाषाओं में भी उनके कुछ गीत हैं । मो. रफ़ी के चाहने वाले उनकी याद में एक वेबसाईट चलाते हैं जिस पर टिप्‍पणियों की तादाद देखकर आपको हैरत होगी । यहां सामग्री भी कमाल की है । मुझे निजी रूप से रफ़ी साहब के गाये भजन और कुछ नाज़ुक रूमानी गाने बेहद पसंद हैं । कुछ गाने यहां पेश हैं । आज रफ़ी साहब को याद करना उनके शैदाईयों के लिए एक रवायत भी है और ज़रूरत भी । रफ़ी की आवाज़ हमारी जिंदगी की खुशनसीबी है ।

पहले सुनिए--फिल्‍म बलम परदेसिया का ये गीत--गोरकी पतरकी रे ।

Get this widget | Track details | eSnips Social DNA

जल्‍दी जल्‍दी चल रे कहारा सुरूज डूबे रे नदिया

Get this widget | Track details | eSnips Social DNA

ये रहे रफ़ी साहब के गाये कुछ बांगला गीत ।

आज मोधुरो बंसरी बाजे ।।

Get this widget | Track details | eSnips Social DNA

कोने चालबाजेर मुखे

Get this widget | Track details | eSnips Social DNA

काजी नजरूल इस्‍लाम की रचना रफ़ी साहब की आवाज़ बोल हैं --आधो आधो बोल लाजे.......

Get this widget | Track details | eSnips Social DNA

उम्‍मीद है कि रफ़ी साहब के इन गीतों को सुनकर आपकी आज की शाम संवर जायेगी । मैं तो आज रफ़ी साहब की आवाज़ में डूबकर एक दूसरी ही दुनिया में पहुंच गया हूं ।

READ MORE...

Tuesday, July 31, 2007

मो. रफी पर रेडियोवाणी का विशेष आयोजन: तीसरी कड़ी—रफी साहब के गाये मराठी, पंजाबी, बांगला और कन्‍नड़ गीत और साथ में एक ग़ज़ल भी ।

तीसरी कड़ी में मैं आपको सुनवा रहा हूं रफी साहब के गाये अन्‍य भाषाओं के नग्‍मे । सबसे आखिर में एक ग़ज़ल है ग़ालिब की ।
ये रहा रफी साहब का गाया मराठी गीत—शोढीषी मालवा


Get this widget Share Track details




पंजाबी गीत’-रब्‍बा रे तेरीयां बेपरवाहियां
Get this widget Share Track details



मो0 रफी का गाया बांगला गीत सुनने के लिये यहां क्लिक करें



मो0 रफी का गाया कन्‍नड़ गीत सुनने के लिये
यहां क्लिक करें



और ये है कलाम-ऐ-ग़ालिब--

बस के दुश्‍वार है हर काम का आसां होना
आदमी को भी मयस्‍सर नहीं इंसां होना
गिरीयां चाहे है ख़राबी मेरे काशाने की
दरो दीवार से टपका है बयाबां होना
इशरते कत्‍ल गहे अहले तमन्‍ना ना पूछ
ईदे नज्‍जारा है शमशीर का उरियां होना
की मेरे क़त्‍ल के बाद उसने जफ़ा से तौबा
हाय उस दूद-पशेमां का पशेमां होना

Get this widget Share Track details



Technorati tags: ,

READ MORE...

मो.रफी की पुण्‍यतिथि पर ‘रेडियोवाणी’ का विशेष आयोजन:दूसरा भाग—जब रफ़ी ने किशोर कुमार के लिए ‘प्‍लेबैक’ किया ।

मो0 रफी की पुण्‍यतिथि है आज ।

बहुत मुश्किल में हूं कि आपको क्‍या सुनाऊं और क्‍या छोड़ दूं ।
दरअसल रफी साहब इतने वरसेटाईल गायक थे कि उनके गानों में से श्रेष्‍ठ गीत चुनना भी किसी सज़ा से कम नहीं । बड़ी मुश्किल हो जाती है । जहां तक मुझे याद आता है दो मौक़े ऐसे थे जब रफ़ी साहब ने किशोर कुमार के लिए प्‍लेबैक किया था । फिलहाल हम ऐसा ही एक गीत सुनेंगे और उसकी बात करेंगे ।

इसका श्रेय जाता है संगीतकार ओ.पी.नैयर को । नैयर साहब दिलदार आदमी थे । एक पंजाबी जिद उनके भीतर समाई हुई थी । जो सोच लेते वही करते । एक किस्‍सा आपको बताता हूं । गीतकार प्रदीप फिल्‍म ‘संबंध’ के गीत लिख रहे थे । याद कीजिए मुकेश का गाया गीत—‘चल अकेला’ । लेकिन प्रदीप की सूरत पसंद नहीं थी नैयर साहब को । हालांकि वो उनकी इज्‍जत बहुत करते थे । उनकी प्रतिभा से आतंकित भी थे । अजीब बात लगती है, पर नैयर तो नैयर थे । उन्‍होंने प्रदीप को अपने स्‍टूडियो आने से मना कर दिया था । वो फेमस स्‍टूडियो के बाहर अपनी गाड़ी में बैठे रहते और गाना किसी आदमी के ज़रिए स्‍टूडियो में नैयर को पहुंचा देते । और नैयर उसकी धुन बना
लेते । क्‍या गाने हैं फिल्‍म ‘संबंध’ के ।


बहरहाल यही नैयर साहब ही थे जिन्‍होंने रफ़ी की आवाज़ उस फिल्‍म के लिए जिसमें अभिनय कर रहे थे किशोर कुमार । ये फिल्‍म ‘रागिनी’ थी । सन 1958 में आई थी । प्रोड्यूसर उनके अपने भाई अशोक कुमार ।

ओ0पी0 नैयर ने खुद अपने इंटरव्यू में बताया था कि जब किशोर कुमार को पता चला कि ये गीत उनकी बजाय रफी साहब से गवाया जायेगा और फिल्‍माया उन्‍हीं पर जायेगा तो वो बहुत नाराज़ हुए और फिल्‍म के प्रोड्यूसर यानी अपनी बड़े भैया अशोक कुमार के पास पहुंचे । दादा मुनि ने किशोर से कहा कि देखो किशोर, संगीत के बारे में सारे फैसले संगीतकार करेगा । अगर नैयर साहब को लगता है कि इस गाने के लिए रफ़ी साहब ठीक रहेंगे तो इस बारे में मैं क्‍या कर सकता हूं । हारकर किशोर कुमार को राज़ी होना पड़ा । नैयर साहब का कहना था कि ये एक शास्‍त्रीय रचना है और इसे किशोर ठीक से नहीं गा सकेंगे । रफी साहब की शास्‍त्रीयता का किशोर से भला क्‍या मुक़ाबला । जिद्दी नैयर साहब फिल्‍म संसार के एकमात्र ऐसे संगीतकार रहे जिन्‍होंने ये करिश्‍मा किया । तो आईये सुनें फिल्‍म ‘रागिनी’ का ये गीत—जो अपने आप में पक्‍का शास्‍त्रीय गीत है । इस गाने में रफी साहब की गायकी के तो कहने ही क्‍या ।

Get this widget | Share | Track details


मन मोरा बावरा, मन मोरा बावरा
निसदिन गाये गीत मिलन के
मन मोरा बावरा ।।

आशाओं के दीप जलाके
बैठी कब से आस लगाके
आया प्रीतम प्‍यारा
मन मोरा बावरा ।।

मन मंदिर में श्‍याम बिराजे
छुनछुन मोरी पायल बाजे
कैसा जादू डारा
मन मोरा बावरा ।।

है ना कमाल की बात । फिल्‍म-संसार का एक ऐतिहासिक गाना बन गया है ये ।
रफ़ी की आवाज़ का सच्‍चाई, मासूमियत और समर्पण का शिखर है ये गीत ।




रफी साहब को गाते हुए देखने के लिए यहां पर क्लिक करें

रफी साहब के
इस गीत को पूरे हुए साठ साल


Technorati tags: ,

READ MORE...

मो. रफी की पुण्‍यतिथि पर रेडियोवाणी का विशेष आयोजन—पहला भाग : रफ़ी के जीवन के कुछ अनछुए पहलू, बेमिसाल गीत और एक दुर्लभ इंटरव्यू


कल बैंगलोर के हमारे मित्र शिरीष कोयल ने संदेश भेजा कि रफ़ी साहब की पुण्‍यतिथि पर उनसे जुड़े कुछ अनजान तथ्‍य पेश किए जाएं ।

उनका सुझाव अच्‍छा है, इसलिये सिर आंखों पर ।



मो.रफ़ी चाय और मीठे के बड़े शौक़ीन थे । संगीतकार जोड़ी लक्ष्‍मी-प्‍यारे के प्‍यारेलाल जी ने बताया कि उनकी चाय बड़ी शाही हुआ करती थी और सबको नसीब नहीं होती थी । चूंकि लक्ष्‍मी-प्‍यारे युवा थे इसलिये अपना बचपना दिखाकर हिमाक़त कर लेते थे और रफ़ी साहब से ‘चाय’ मांग लिया करते थे । प्‍यारेलाल जी बताते हैं कि रफ़ी साहब की चाय कैसे बनती थी—एक सेर दूध को ओटा कर आधा सेर कीजिए, उसमें बादाम पिस्‍ता, काजू वग़ैरह पीस कर डालिए । फिर थर्मस में भरिए और रिकॉर्डिंग पर लेकर चल पडिये । अगर रफ़ी साहब ने चाय दिलवा दी तो चुपचाप पीने पर वो ख़फ़ा हो जाते थे । इस चाय को ज़ोरदार वाहवाही करते हुए पीना पड़ता था ।


रफ़ी साहब फ़क़ीरों जैसी तबियत रखते थे । उनके भीतर व्‍यापारिक-बुद्धि नहीं थी । कितने-कितने संगीतकारों और निर्माताओं से उन्‍होंने पैसे नहीं लिए । कितने ही छोटे प्रोड्यूसर ऐसे थे जिनके गीत केवल अनुनय-विनय करने पर रफ़ी साहब ने गा लिये, कई बार शगुन के तौर पर थोड़े-बहुत पैसे लिये, पर ज़्यादातर बिल्‍कुल पैसे नहीं लिए । आपके रफ़ी साहब के कई शानदार गाने ऐसे मिलेंगे जो बहुत ही छोटी फिल्‍मों के हैं । इन फिल्‍मों का कोई नामलेवा आज नहीं है, लेकिन रफ़ी के गानों को हम सिर-आंखों पर रखते हैं ।

क्‍या आपको पता है कि मो. रफ़ी का आखिरी नग़्मा कौन-सा है । 31 जुलाई 1980 को रफ़ी साहब ने फिल्‍म ‘आसपास’ का गीत रिकॉर्ड किया था । ये गाना था-‘तू कहीं आसपास है दोस्‍त-दिल फिर भी उदास है दोस्‍त’ । इस रिकॉर्डिंग के बाद ही उनकी तबियत ख़राब हो गयी थी । और बॉम्‍बे हॉस्पिटल उन्‍हें ले जाया गया । जहां उनकी रूह दुनिया को छोड़ चली गयी । वो मीडिया का दौर नहीं था, इंडस्‍ट्री को बहुत देर से इसकी ख़बर मिली थी । ये रहा वो गाना । इसे सुनिए तो लगेगा जैसे रफ़ी को अहसास हो गया था कि उनके हिस्‍से में सांसों का ख़ज़ाना ख़त्‍म हो चुका है । जैसे वो भरे मन से दुनिया को अलविदा कह रहे हैं ।


Get this widget Share Track details




मो.रफ़ी जब फिल्‍म ‘नीलकमल’ के गाने ‘बाबुल की दुआएं लेती जा’ की रिकॉर्डिंग कर रहे थे तो उन्‍हें अपनी बेटी की विदाई का ख्‍याल आ गया, उन दिनों जल्‍दी ही उसकी शादी होने वाली थी । इस अहसास ने इस गाने को और भी दर्दीला बना दिया है ।


मो. रफ़ी से जुड़ी कुछ अनमोल तस्‍वीरें देखने के लिए आप
यहां क्लिक कर सकते हैं । याद रहे कि इससे रफ़ी के फ़ोटो अलबम का पहला पृष्‍ठ खुलेगा । पेज के नीचे एक नीली पट्टी है, जिस पर पेज नंबर दिये हुए हैं, उन्‍हें क्लिक करके आप आगे के पन्‍ने देखना मत भूलिएगा । इस फ़ोटो अलबम में कुल चार सौ बावन तस्‍वीरें हैं । एक से एक अनूठी और अनमोल । इसे रफ़ी के जुनूनी दीवानों ने जमा किया है ।

मो. रफ़ी इतना मद्धम बोलते थे कि बगल में बैठा व्‍यक्ति भी ना सुन सके । रफ़ी के शैदाई और मेरे परिचित मुंबई के ख़लीक अमरोहवी बताते हैं कि रफ़ी साहब बहुत ही नाज़ुक-ज़बान थे । वो बहुत कम बोलते थे । बस मुस्‍कुराते रहते थे । आपको हैरत होगी कि ना तो विविध-भारती के पास और ना ही दुनिया के किसी अन्‍य रेडियो-चैनल के पास रफ़ी साहब का इंटरव्यू है । हां बी.बी.सी. ने ज़रूर रफ़ी साहब का एक छोटा-सा इंटरव्यू किया है । जो आज यहां प्रस्‍तुत किया जा रहा है ।









शायद आपको पता न हो कि लता मंगेशकर और ओ.पी.नैयर दोनों से अलग-अलग रफ़ी साहब से ख़फ़ा हो गये थे । लता जी उन दिनों गायकों को रॉयल्‍टी के पैसे दिलवाने की मुहिम चला रही थीं । कई गायक उनके साथ थे । रफ़ी सा‍हब रॉयल्टी के पैसों के लिए संघर्ष करने से इत्‍तेफ़ाक नहीं रखते थे । बस इसी बात पर लता जी थोड़े दिन के लिए ख़फ़ा हो गयीं । बातचीत बंद । पर दोनों ने गाने साथ-साथ गाए । नैयर साहब के ख़फ़ा होने की वजह शायद रफ़ी साहब का एक बार स्‍टूडियो में देर से आना रही । उन्‍होंने महेंद्र कपूर से गवाना शुरू कर दिया था । लेकिन नैयर साहब रफ़ी से बहुत प्‍यार करते थे । उनका कहना था कि उनके गाने अगर कोई गा सकता था तो वो रफ़ी ही थे ।


ये तो सभी जानते हैं कि रफ़ी साहब ने पहला गीत पंजाबी फिल्‍म ‘गुल-बलोच’ के लिए गाया था । गाना था-‘सोणिए हीरीए’ । मुंबई में जब वो नौशाद से मिले तो नौशाद को उनकी आवाज़ पर इतना विश्‍वास नहीं था । इसलिए एक फिल्‍म में उन्‍होंने रफ़ी को कुंदनलाल सहगल के पीछे कोरस में गवाया था । ये रहा वो गीत । इसके आखिर में एक कोरस आता है-जिसमें रफ़ी साहब की आवाज़ साफ़ पहचान में आ रही है ।

Get this widget Share Track details




रफ़ी साहब शराब को छूते भी नहीं थे । लेकिन शराबियों के जो गीत उन्‍होंने गाये हैं
वो कमाल हैं । मदनमोहन का स्‍वरबद्ध किया फिल्‍म शराबी का गीत ‘कभी ना कभी कहीं ना कहीं कोई ना कोई तो आयेगा, अपना मुझे बनाएगा’ इसकी सबसे अच्‍छी मिसाल है ।

Get this widget Share Track details



ये थे रफ़ी साहब की शख्सियत से जुड़े कुछ दिलचस्‍प तथ्‍य ।



रफी साहब को गाते हुए देखने के लिए यहां पर क्लिक करें

रफी साहब के
इस गीत को पूरे हुए साठ साल


Technorati tags: , Technorati tags: मो
.रफी" rel=tag>मो.रफी

READ MORE...
Blog Widget by LinkWithin
.

  © Blogger templates Psi by Ourblogtemplates.com 2008 यूनुस ख़ान द्वारा संशोधित और परिवर्तित

Back to TOP