संगीत का कोई मज़हब, कोई ज़बान नहीं होती। 'रेडियोवाणी' ब्लॉग है लोकप्रियता से इतर कुछ अनमोल, बेमिसाल रचनाओं पर बातें करने का। बीते नौ बरस से जारी है 'रेडियोवाणी' का सफर।
Showing posts with label manna dey. Show all posts
Showing posts with label manna dey. Show all posts

Wednesday, May 1, 2019

खेला फुटबॉल खेला-- मन्‍ना डे के जन्‍मदिन पर विशेष




आज मज़दूर दिवस है और आज ही है हमारे प्रिय गायक मन्‍ना डे का जन्‍मदिन भी। जब तक मन्‍ना डे हयात थे, फोन पर उन्‍हें बधाई देते थे और कृतज्ञता ज्ञापन भी कि आपने हमारी जिंदगी को अपनी आवाज़ से सुनहरा बनाया है।

आज मन्‍ना डे के जन्‍मदिन के मौक़े पर उनके एक अनमोल गाने की याद और उसकी कहानी। 16 अगस्‍त 1980 को कोलकाता के ईडन गार्डन्‍स में भारत के दो सबसे पुराने और पारंपरिक प्रतिद्वंद्वी क्‍लबों मोहन बागान और ईस्‍ट बंगाल के बीच
‘कोलकाता डर्बी’ नामक मुक़ाबला हो रहा था। मोहन बागान के कप्‍तान थे--कॉम्‍प्‍टन दत्‍ता और ईस्‍ट बंगाल के कप्‍तान थे—सत्‍यजीत मित्रा। इस मैच में हुआ ये कि बार-बार फाउल के बावजूद जब एक टीम के खिलाडियों को रेफरी ने कार्ड नहीं दिखाया, उन्‍हें सज़ा नहीं दी तो स्‍टेडियम में दोनों टीमों के समर्थकों के बीच ज़ोरदार झड़प हो गयी। आमतौर पर दोनों टीमों के समर्थकों को अलग अलग गैलेरीज़ में बैठाया जाता था पर जाने क्‍यों उस दिन मिले-जुले समर्थक बैठे थे। स्‍टेडियम में ज़ोरदार हिंसा हुई। ऐसे में दर्शक अपनी जान बचाने के लिए गेट की तरफ भागे। कुछ लोगों ने ऊँचाई से कूदकर भागने की भी कोशिश की। गेट संकरे थे, पुलिस की व्‍यवस्‍था पर्याप्‍त नहीं थी, इस वजह से कुल 16 लोगों की इस अशांति में मौत हो गयी थी और बड़ी तादाद में लोग घायल भी हुए थे।

नतीजा ये हुआ कि
‘कोलकाता डर्बी’ के आगे के सारे मैच रद्द कर दिए गए और दोनों टीमों पर भारी मात्रा में फाइन भी लगाया गया। कोलकाता के फुटबॉल के दीवानों को इस घटना से भारी झटका लगा। आगे चलकर इसका असर ये हुआ कि फुटबॉल के पारंपरिक बांग्‍ला फैन्‍स ने मैदान में मैच देखना आना कम कर दिया। परिवार के लोगों ने सुरक्षा के मद्देनज़र जमकर विरोध किया। लोगों को जाने ही नहीं दिया जाता था। इससे उबरने में तकरीबन दो दशक लग गये।

भारतीय फुटबॉल फेडरेशन ने मारे गये लोगों की याद में इस दिन को
‘फुटबॉल लवर्स डे’ घोषित कर दिया। इस मौक़े पर मन्‍ना दा ने एक गाना गाया- जिसके बोल थे—‘खेला फुटबॉल खेला’। इस गाने को लिखा था-सत्‍या बंदोपाध्‍याय ने और कंपोज़ किया था सुपर्ण कांति घोष ने। इस गाने के बाद लोगों से पैसे जमा किये गये और इस तरह जमा रकम मृतकों के परिजनों को सौंप दी गयी थी। इस गाने का संदेश था खेल को प्रेम से खेला जाये। मिल जुलकर रहा जाये। खेल के नाम पर हिंसा ना की जाए। फुटबॉल से जुड़ा ये सारी दुनिया में अपनी तरह का अनूठा गीत है।

आपको ये भी बता दें कि मन्‍ना दा और सचिन देव बर्मन फुटबॉल के परम दीवानों में से रहे हैं। अपनी टीम के कट्टर समर्थक। आज मन्‍ना डे के सौवें जन्‍मदिन और उनकी जन्‍मशती की शुरूआत के मौक़े पर ये बहुत ही खा़स गीत आप सबकी नज़र। 


Song: khela Football Khela
Singer: Manna Dey
Lyrics: Satya Bandopadhyay
Music: Suparn kanti Ghosh
Duration: 06:08 






ये रहे इस गाने के अधूरे बोल
(पूरे बोल किसी के पास रोमन में हों तो कृपया भेजें)

khela football khela
khela football khela
khoka dekhte gelo
sei sakal bela
khela football khela…..

chhoto baro teami er khela
shato shato loker mela
khoka dekhte gelo
sei sakal bela
khela football khela…..
oi oi oi jarsi pore
namlo duto dal hajar hajar lok hoye othe chanchal
khokar mukhe ghamer alpona
chokher taray utte jona
khokar mukhe ghamer alpona
chokher taray utte jona
ke jete ke hare ke kata gol kare
ke kata gol kare
ke kata gol kare
referir huisel khela holo shuru
kapchhe buk aj duru duru
chhutchhe je bal e gol theke o gole
mete uthechhe math lokeder bhishon kalorole
uttejonay fatchhe mather buk
alo adhari hochchhe khokar mukh
hathath khelte khelte kheloarder laglo thokathuki
sange sange darshok der hate iter lofalufi
nimeshete khelar mather aj bodle gelo rup
ranokhetro ar kake bale khoka bhaye chup
praner bhaye chhutlo manush
sabai dishshara
sara mathe boye gelo
rakto gangar dhara
sabar sathe chhutlo





READ MORE...

Friday, October 25, 2013

सावन की रिमझिम में थिरक-थिरक नाचे रे... मन्‍ना दा के ग़ैर-फिल्‍मी गीत (पहला भाग)

रेडियोवाणी पर हमने मन्‍ना दा के बारे में कई बार लिखा। उनके कई गीत सुनवाए। हमने ये भी बताया है कि किस तरह स्‍कूल के ज़माने में मित्रों के साथ पुराने फिल्‍म-संगीत का शौक़ लगा और हम मन्‍ना दा के शैदाई होते चले गए। इस बीच जिंदगी की राहें हमें विविध-भारती ले आयीं और फिर मन्‍ना दा से संयोग‍वश मुलाक़ात भी हुई। बहुत थोड़ी देर की। यक़ीन ही नहीं हुआ कि हम मन्‍ना दा के समक्ष हैं। उनके घर पर।

अद्भुत था वो अहसास। फिर एक बार मन्‍ना दा का 'लाइव कंसर्ट' देखा। मुंबई में ही। जहां कविता कृष्‍णमूर्ति उनके साथ गा रही थीं। मन्‍ना दा तकरीबन ढाई घंटे तक लोगों की फ़रमाईशों को पूरा करते रहे थे। बहराहल...मन्‍ना दा अब हमारे बीच नहीं हैं। उनके लिए क़सीदे पढ़े जाने का दौर भी ख़त्‍म होने को है। और लोग अपने काम-धंधों में लग रहे हैं। पर शुभ्रा जी (मशहूर समाचार-वाचिका शुभ्रा शर्मा, जिन्‍हें हम जिज्‍जी कहते हैं) ने फ़ेसबुक पर कितनी बढिया बात लिखी है--


'मैं नहीं मानती कि मन्ना युग का अंत हो गया है, हो ही नहीं सकता। उनके गीतों की धारा ऐसे ही अविरल, अजस्र बहती रहेगी ....
संगीत मन को पंख लगाये, गीतों से रिमझिम रस बरसाये ....
इतना रस बहाने वाली सरिता सूख कैसे सकती है, बस सरस्वती की तरह आँखों से ओझल हो गयी है। लेकिन संगम पर सरस्वती आज भी पूजी जाती है कि नहीं?'



इसे ही हमारे मन की बात भी समझा जाए। हम ये कहेंगे कि मन्‍ना दा ने देह-photo_24_01_2013_22_36_345101fdc20220fत्‍याग किया है। पर वे कहीं नहीं गए। वे तो 'रेडियोवाणी' पर भी हैं। मन्‍ना दा को नमन करते हुए आज से एक श्रृंखला रेडियोवाणी पर शुरू की जा रही है। सोचा यही है कि इस श्रृंखला में उनके गाए ग़ैर-फिल्‍मी गाने सुनवायेंगे। पर अभी से बताये दे रहे हैं कि आगे चलकर मुमकिन है हमारा मन बदल जाए और हम उनके कुछ कम सुने गीत भी यहां प्रस्‍तुत करें। तो शुरूआत करते हैं उस गाने से...जिसे सुनकर हम मदहोश ही हो गये थे। आपको बतायें कि इंटरनेट-विहीन उस ज़माने में गानों के लिए कैसेट खोजने पड़ते थे। और जाने कितनी मेहनत के बाद हमें मिला था वो दो कैसेट अलबम--'मन्‍ना डे: हिज़ ग्रेटेस्‍ट नॉन फिल्‍म हिट्स'। ये तस्‍वीर नेट से हासिल की गयी है पर है उसी अलबम की। उन दिनों ये हमारे संग्रह का अनमोल नगीना होता था। आज भी है। इस अलबम में जो अनमोल गाने थे उनकी फेहरिस्‍त आपको दिखला दी जाए।

1- सावन की रिमझिम में थिरक थिरक नाचे रे मयूरपंखी रे सपने
2- नथली से टूटा मोती रे
3- शाम हो जाम हो सुबू भी हो
4- कुछ ऐसे भी पल होते हैं जब रात के गहरे सन्‍नाटे गहरी नींद में सोते हैं
5- चंद्रमा की चांदनी से भी नरम और उषा के भाल से ज्‍यादा गरम, है नहीं कुछ और केवल प्‍यार है
6. याद फिर आयी आंख भर आयी
7. तुम जाने तुमको ग़ैर से जो रस्‍मो-राह हो
8. ये आवारा रातें.. वग़ैरह

और इस फ़ेहरिस्‍त का पहला ही गीत हमने आज के लिए चुना है।
इस वेबसाइट के मुताबिक़ गाना सन 1974 में रिकॉर्ड किया गया था। गीतकार अंजान और संगीतकार भी एक गीतकार ही हैं। प्रेम धवन।

Song: Sawan ki rimjhim mein thirak thirak nache re 
Singer: Manna dey
Lyrics: Anjaan
Music: Prem Dhavan
Year: 1974
Duration: 4 32




ये रहे इस गाने के बोल:
खुले गगन पे झुक गयी, किसी की सुरमई पलक
किसी की लट बिखर गयी, घिरी घटा जहां तलक
धुली हवा में घुल गयी, किसी की सांस की महक
किसी का प्‍यार आज बूंद-बूंद से गया छलक


सावन की रिमझिम में थिरक-थिरक नाचे रे मयूर पंखी रे सपने
कजरारी पलक झुकी रे, घिर गयी घटायें
चूडियां बजाने लगीं रे, सावनी हवाएं
माथे की बिंदिया, जो घुंघटा से झांके
चमके बिजुरिया, कहीं झिलमिलाके
बूंदों के घुंघरू झनका के रे।
सावन की रिमझिम में।।

छलक गयीं नीलगगन से रसभरी फुहारें
महक उठीं तेरे बदन सी भीगती बहारें
रिमझिम फुहारों के रस में नहाके
सिमटी है फिर मेरी बांहों में आके
सपनों की दुलहन शर्मा के हो।
सावन की रिमझिम में।।

रेडियोवाणी पर मन्‍ना दा के ग़ैर-फिल्‍मी गीतों का सिलसिला जारी रहेगा।


अगर आप चाहते  हैं कि 'रेडियोवाणी' की पोस्ट्स आपको नियमित रूप से अपने इनबॉक्स में मिलें, तो दाहिनी तरफ 'रेडियोवाणी की नियमित खुराक' वाले बॉक्स में अपना ईमेल एड्रेस भरें और इनबॉक्स में जाकर वेरीफाई करें। 

READ MORE...

Tuesday, May 1, 2012

'क्‍यूं प्‍याला छलकता है': मन्‍ना दा के जन्‍मदिन पर विशेष























आज हमारे प्रिय मन्‍ना दा का जन्‍मदिन है। मज़दूर दिवस के दिन सन 1919 में पैदा हुए थे वो। हमने प्रबोधचंद्र मन्‍ना डे की आवाज़ को हाइ-स्‍कूल के अन्‍वेषक दिनों में पहचाना था। ये दूरदर्शन और विविध-भारती से सराबोर दिन हुआ करते थे। दूरदर्शन ने दोपहर का प्रसारण शुरू किया था और तब ब्‍लैक-एंड-व्‍हाइट फिल्‍मों के गानों का एक कार्यक्रम दिखाया जाता था। और उसमें अकसर मन्ना दा के ऐसे गाने आते जो पहले हमने सुने नहीं होते थे।




कैसेट्स के उस दौर में मन्‍नादा के गाने खोज-खोजकर सुने। और धीरे-धीरे मन्‍ना दा की आवाज़ हमारी आवाज़ बन गयी। मन्‍ना दा हमारे पूज्‍य बन गये। मन्‍ना दा के बारे में हर जानकारी हमें आनंद देती। दिलचस्‍प बात ये है कि विविध-भारती में आने के बाद एक दिन जब महेंद्र मोदी जी ने कहा, मन्‍ना दा के घर चलोगे। मना करने का सवाल ही कहां उठता था। उन्‍हें किसी शो के सिलसिले में मुलाक़ात करनी थी। तब पहली बार मन्‍ना दा को देखा और हम अवाक रह गये। मुंह से शब्‍द ना फूटे। बस देखते रह गये।

  



मन्‍ना दा के ग़ैर-फिल्‍मी गीतों का एक डबल-कैसेट अलबम एच.एम.वी. ने रिलीज़ किया था। शायद नाम ‘His greatest Non-film hits”. हमारी पॉकेट-मनी इतनी तो थी कि उसे इसaf महंगे अलबम पर ख़ाली किया जा सके। आज डिजिटल युग में वो सभी गीत एम.पी.3 के रूप में उपलब्‍ध हैं। पर उन
कैसेट्स को देखकर हम 'छपाक'' से पुराने दिनों में छलांग लगा लेते हैं। अगर आप मन्‍ना दा के भक्‍त हैं तो ये अलबम नज़रअंदाज़ नहीं किया जा सकता। इस अलबम की रचनाओं की एक फेहरिस्‍त लगाकर मुझे उतना ही आनंद मिल रहा है, जितना इन गानों को अब तक अनगिनत बार सुनकर मिला है।


1. मेरी भी एक मुमताज थी
2. कुछ ऐसे भी पल होते हैं


  


3. सावन की रिमझिम में
थिरक-थिरक नाचे रे
4. ओ रंगरेजवा रंग दे ऐसी चुनरिया
5. चंद्रमा की चांदनी से भी नरम
6. चांद होगा ज़मीं की बात करो
7. शाम हो जाम हो सुबू भी हो


8. याद फिर आई
9. ये आवारा रातें
10. पल भर की पहचान आपसे

11. हैरा हूं ऐ सनम

12. दर्द उठा फिर हल्‍का हल्‍का


13. नथली से टूटा मोती रे

14. तुम जानो तुमको ग़ैर से


15. नज़ारों में हो तुम वगैरह।


16. पल भर की पहचान आपसे

17. रूक जा के सुबह तक ना हो


18. तुम्‍हारी जफाएं हमारी वफाएं

19. दो पंछी बेचैन

20. मुझे समझाने मेरे पास ना आए कोई


अफसोस कि HMV ने इस अलबम को अपने सी.डी. रूप में छोटा करके रिलीज़ किया है। यानी ये सारे गाने उसका हिस्‍सा नहीं हैं। लगे हाथों ये रहा लिंक सारेगामा से इसे हासिल करने का। इसके अलावा मन्‍ना दा की गाई बच्‍चन जी की 'मधुशाला' का कैसेट बचपन के उन दिनों में सबसे पहले स्‍कूली-दोस्‍त श्रवण ने दिया था। मन्‍ना दा की रचनाओं का संग्रह उसके बाद से लगातार बढ़ता गया है। मन्‍ना दा को एक बार मुंबई में लाइव-कंसर्ट में सुनने का अवसर मिला। सबसे ज्‍यादा खु़शी की बात ये थी कि उन्‍होंने मेरी एक फ़रमाईश भी पूरी की। मन्‍ना दा के चाहने वालों को उनकी आत्‍मकथा memories come alive ज़रूर पढ़नी चाहिए। इसका एक अंश 'यहां' पढ़ा जा सकता है। ये पुस्‍तक हिंदी में भी उपलब्‍ध है। नाम है--'यादें जी उठीं'। इसे पेंग्विन ने छापा है।

मन्‍ना दा अब बैंगलोर में हैं और कभी-कभी उनसे बात होती है। हर बार फोन करते हुए संकोच होता है। लगता है पता नहीं आराम कर रहे होंगे। बात करने का मन होगा या नहीं। पर फिर भी मन मानता नहीं। मन्‍ना दा दीर्घायु हों। यही शुभकामनाएं।




मन्‍ना दा के जन्‍मदिन पर फिल्‍म 'फिर  भी' का ये गीत।


song: kyon pyala chalakta hai
singer: manna dey
lyrics: Pt. narendra sharma
music: raghunath seth
Film: Phir Bhi  (1971)
Duration: 3 04



क्‍यूं प्‍याला छलकता है क्‍यूं दीपक जलता है दोनों के मन में कहीं अनहोनी विकलता है ।।
पत्‍थर में एक फूल खिला, दिल को एक ख्‍वाब मिला
क्‍यूं टूट गये दोनों, इस का ना जवाब मिला
दिल नींद से उठ उठकर क्‍यूं आंखें मलता है ।।
हैं राख की रेखाएं लिखती हैं चिंगारी
हैं कहते मौत जिसे जीने की तैयारी
जीवन फिर भी जीवन जीने को मचलता है ।।
क्‍यूं प्‍याला छलकता है ।।

-----

अगर आप चाहते  हैं कि 'रेडियोवाणी' की पोस्ट्स आपको नियमित रूप से अपने इनबॉक्स में मिलें, तो दाहिनी तरफ 'रेडियोवाणी की नियमित खुराक' वाले बॉक्स में अपना ईमेल एड्रेस भरें और इनबॉक्स में जाकर वेरीफाई करें। 

READ MORE...

Sunday, June 12, 2011

'रहने को घर दो'--मन्‍ना दा की आवाज़ (श्रृंखला 'बीवी और मकान' दूसरा भाग)

रेडियोवाणी पर फिल्‍म 'बीवी और मकान' के गानों की अनियमित श्रृंखला चल रही है। पिछली कड़ी में मैंने आपको एक गीत सुनवाया था--'जब दोस्‍ती होती है, तो दोस्‍ती होती है'। आज इसी फिल्‍म का एक और गीत। लेकिन पहले गुलज़ार की बातें।

गुलज़ार आने गीतों को याद करते हुए फिल्‍मफेयर के एक पुराने अंक में कहते हैं--
ऋषिकेश मुखर्जी की फिल्‍मों का संगीत अनूठा होता था। उसे कहानी में काफी बारीकी से बुना जाता था। कभी ऐसा नहीं होता था कि गाना चाहिए इसलिए गाना है। ना ही आइटम नंबर का कोई कंसेप्‍ट था। गाने कहानी को आगे बढ़ाते। वो कहानी कहते थे। ऋषि दा और मुझमें कुछ समानताएं थीं। हम दोनों ने फिल्‍म की बारीकियां बिमल रॉय से सीखी थीं। मैं तो ये भी कहूंगा कि अगर बिमल रॉय उस स्‍कूल के प्रिंसिपल थे तो ऋषि दा उसके स्‍कूल-मास्‍टर। मैंने सबसे पहले ऋषि दा के साथ जिस फिल्‍म में काम किया था उसका नाम है--'बीवी और मकान'। पहली बार उन्‍होंने एक संगीत-प्रधान फिल्‍म पर हाथ आज़माया था। फिल्‍म में परिस्थितियां कुछ ऐसी थीं कि कुछ अनूठे गानों की ज़रूरत थी। इसलिए इस फिल्‍म के गाने अनूठे थे।



गुलज़ार की ये बात पूरी तरह सही है। ऋषि दा की फिल्‍मों और ख़ासकर इस फिल्‍म के बारे में तो एकदम सटीक। मिसाल के लिए आज के गाने को ही लीजिए। इसका शीर्षक है--'रहने को घर दो'। इसे मेहमूद पर फिल्‍माया गया है। आगे की कडियों में भी इस फिल्‍म की कहानी के बारे में चर्चा की जाएगी पर फिलहाल तो इतना बता दें कि इस कहानी का ताल्‍लुक महानगर में घर की समस्‍या से है। गांवों से आए अकेले युवकों को कोई शहर में मकान नहीं देता। बस...यही सूत्र है कहानी का। और कमोबेश ये समस्‍या आज तक कायम है।

मन्‍ना दा की अदायगी इस गाने का USP है।
अब हम शब्‍दों में क्‍या कहें। आप ख़ुद सुन लीजिए।





रहने को घर दो
छत पे हो फर्श या फर्श पे छत हो।
खिड़की-विड़की, बिजली-खुजली, घंटी-वंटी कुछ नहीं चईए प्‍यारे।


बस इक छोटा-सा दरवाज़ा हो।।

ईंट पे ईंट जमा कर लो
घर ऊपर ऊपर ज्‍यादा है
आए थे ऊंची बिल्डिंग में
बिल्डिंग से ऊंचा भाड़ा है
फ़र्श पे रहने वाले कैसे अर्श पे जाएं जाएं।


रहने को घर दो।।



थोड़े सा जल, थोड़े से चने
इक चारदीवारी, पांच जने।


पांच पांडवा, युधिष्ठिरा, भीम, अर्जुना, नकुल-सहदेवा
वन फोर फाइव, फाइव परसना।
थोड़ा-सा जल, थोड़े से चने
इक चारदीवारी पांच जने।
शहर में तेरे शरण बिना
शरणार्थी हो गए प्‍यारे।
कुटिया ना सही कोई ख़ाली कुंआ
ऊपर ना सही तहख़ानों में
ख़ाली हो अगर तो जेल सही
शामिल कर लो दीवानों में
आस-पड़ोस उधार मिले तो
कुछ नईं चईये प्‍यारे
रहने को घर दो।।



कहना  ना होगा कि घर की समस्‍या को लेकर लिखा गया गुलज़ार का ये अपने आप में एकदम अनूठा गाना है। रूमानियत ये लबरेज़ 'दो दीवाने शहर में' का मिज़ाज बिल्‍कुल अलग है। अगली बार जब मिलेंगे तो चर्चा करेंगे इसी फिल्‍म के किसी और गाने की।

-----

अगर आप चाहते  हैं कि 'रेडियोवाणी' की पोस्ट्स आपको नियमित रूप से अपने इनबॉक्स में मिलें, तो दाहिनी तरफ 'रेडियोवाणी की नियमित खुराक' वाले बॉक्स में अपना ईमेल एड्रेस भरें और इनबॉक्स में जाकर वेरीफाई करें। 

READ MORE...

Thursday, June 26, 2008

मन्‍ना दा का गाया गीत ऊपर गगन विशाल ।। 58 साल पुराना नग़मा

अहमदाबाद की यात्रा की वजह से रेडियोवाणी पर पिछले कई दिनों से कुछ जारी नहीं किया जा सका । अब गीतों का सिलसिला दोबारा शुरू किया जा mannaरहा है । पिछले कुछ दिनों से मैं मन्‍ना दा के गीत सुन रहा हूं । शायद  रेडियोवाणी पर पहले भी बताया है कि मन्‍ना दा को सुनने का शौक़ बचपन से ही लग गया था । वो पहले गायक थे जिनके गाने हम सभी मित्र ढूंढ ढूंढकर सुनते थे । और इसी खोज में मन्‍ना डे की गायी 'मधुशाला' हासिल हुई और बहुत आगे चलकर मिले मन्‍ना दा के गाये ग़ैर-फिल्‍मी गीत और ग़ज़लें । फिर मन्‍ना दा के गाए बांगला गीत भी मिले और एक पूरा ख़ज़ाना हमारे सामने आ गया ।

आज जो गीत रेडियोवाणी के ज़रिए आप तक पहुंचाया जा रहा है ये मन्‍ना दा का पहला हिट गीत था ।

आप जानते होंगे कि मन्‍ना डे का असली नाम था प्रबोधचंद्र डे । वो अपने ज़माने के प्रख्‍यात गायक के.सी.डे के भतीजे थे । सन 1940 में जब के.सी.डे बंबई आए तो मन्‍ना डे भी उनके साथ चले आये । और संगीतकार एच पी दास के सहायक बन गये । फिल्‍म 'रामराज्‍य' में उन्‍होंने अपना पहला गीत गाया और उसके बाद उन्‍हें लंबा स्‍ट्रगल करना पड़ा । उन्‍होंने वापस लौटने पर भी विचार किया । लेकिन इसी बीच उन्‍हें 'मशाल' फिल्‍म का ये गीत मिला ।

इस गाने से जुड़ी एक कथा सचिन देव बर्मन के बारे में भी है । सचिन देव बर्मन ने 'शिकारी' और 'आठ दिन' जैसी फिल्‍मों से अपनी संगीत यात्रा शुरू hfs6 की थी । ये सन 1946 की बात है । इसके बाद उन्‍होंने 'दो भाई' फिल्‍म का बेहतरीन गीत ' मेरा सुंदर सपना बीत गया' भी दिया । जो गीता रॉय का पहला फिल्‍मी गाना था । लेकिन सचिन दा को कामयाबी नहीं मिल रही थी । निराश होकर सचिन देव बर्मन ने कोलकाता वापस लौटने का मन बना लिया था । उन दिनों सचिन देव बर्मन फिल्मिस्‍तान की फिल्‍म 'मशाल' में संगीत दे रहे थे । फिल्मिस्‍तान के पार्टनर अशोक कुमार सचिन देव बर्मन के क़द्रदान थे । उन्‍होंने सचिन दा को समझाया कि इस फिल्‍म का काम पूरा करके ही आगे के बारे में सोचें । सन 1950 की बात है ये । ख़ैर इस फिल्‍म के गाने 'ऊपर गगन विशाल' ने ना सिर्फ मन्‍ना डे की कि़स्‍मत बदल दी बल्कि सचिन देव बर्मन को भी मुंबई में स्‍थापित कर दिया ।

ये गीत कवि प्रदीप ने लिखा है । यू ट्यूब पर छानबीन करने से मुझे इसका वीडियो भी मिल गया है । तो चलिए सुनें 'ऊपर गगन विशाल' ।

ये गाना जैसे जैसे आगे बढ़ता है, इसके सुर ऊपर होते जाते हैं । ख़ासतौर पर इसका कोरस बड़ा ही विकल और उत्‍साहित करने वाला है ।


Subscribe Free  Add to my Page

ऊपर गगन विशाल नीचे गहरा पाताल
बीच में धरती वाह मेरे मालिक तू ने किया कमाल
को: अरे वाह मेरे मालिक क्या तेरी लीला
तू ने किया कमाल
म: ऊपर गगन विशाल
म: एक फूँक से रच दिया तू ने
सूरज अगन का गोला
एक फूँक से रचा चन्द्रमा
लाखों सितारों का टोला
तू ने रच दिया पवन झखोला
ये पानी और ये शोला
ये बादल का उड़न खटोला
जिसे देख हमारा मन डोला
सोच सोच हम करें अचम्भा
नज़र न आता एक भी खम्बा
फिर भी ये आकाश खड़ा है
हुए करोड़ो साल मालिक
तू ने किया कमाल
ऊपर गगन विशाल
को: आ हा आ हा आ आ आ
म: तू ने रचा एक अद्भुत्‌ प्राणी
जिसका नाम इनसान - २
इसकी नन्ही प्राण है लेकिन
भरा हुआ तूफ़ान
इस जग में इनसान के दिल को
कौन सका पहचान
इस में ही शैतान बसा है
इस में ही भगवान
बड़ा ग़ज़ब का है ये खिलौना - २
इसका नहीं मिसाल
मालिक तू ने किया कमाल ...
ऊपर गगन विशाल
को: आ आ आ आ आ आ।।

READ MORE...

Monday, April 30, 2007

कुछ ऐसे भी पल होते हैं, जब रात के गहरे सन्‍नाटे गहरी नींद में सोते हैं : एक मई मन्‍ना डे के जन्‍मदिन पर विशेष


मित्रो पिछले कुछ दिनों से मैं मन्‍ना दा के कुछ गैर फिल्‍मी गीतों की ओर आपका ध्‍यान आकर्षित करने की कोशिश कर रहा हूं । आज उनका जन्‍मदिन है । मन्‍ना डे का जन्‍म एक मई 1919 को हुआ था । मन्‍ना डे इन दिनों बैंगलोर में रहते हैं, और समय समय पर अपने कंसर्ट करते ही रहते हैं । मुझे भी उनके ऐसे ही एक कंसर्ट को सुनने का अवसर मिला है । बहरहाल मन्‍ना डे के जन्‍मदिन पर पिछले कुछ दिनों से चल रहे रेडियोवाणी के इस आयोजन की इस विशेष कड़ी में हम उनके कुछ अनमोल गीतों को सुनेंगे और उनकी विशेषताओं को समझने की कोशिश करेंगे ।


आज हम जिस गीत की सबसे पहले चर्चा कर रहे हैं उसके बोल हैं--
कुछ ऐसे भी पल होते हैं

यहां सुनिए

ये गीत योगेश ने लिखा है, वही योगेश, जिन्‍होंने फिल्‍म ‘आनंद’ का गीत जिंदगी कैसी तू पहेली हाय’ लिखा था । उस गीत में योगेश की इन पंक्तियों पर गौर फरमाईये—कभी देखो मन नहीं माने, पीछे पीछे सपनों के धागे, चला सपनों का राही सपनों से आगे कहां’
उफ़ क्‍या कशिश है योगेश जी की कलम में । क्‍या आपको यक़ीन होगा कि इतना शानदार गीतकार आज गोरेगांव मुंबई में एक लगभग गुमनाम जिंदगी जी रहा है । मुझे योगेश से कई बार मिलने और उनसे लंबी लंबी बातचीत करने का सौभाग्‍य प्राप्‍त हुआ
है । पहली बार की ही मुलाक़ात में मैंने उनसे पूछा था कि योगेश जी आप कैसे लिख लेते हैं इतने नरमो नाज़ुक बोल । कहने लगे—जब कलम चलती है ना तो होश नहीं रहता । बस जो दिल में होता है कागज पर उतर आता है । लिखने का मेरा कोई साइंस नहीं है, बस जो दिल में आया लिख दिया । आज आप लोग इतना पसंद करते हैं तो मुझे हैरत होती है कि ये सब मैंने ही लिखा है या किसी और ने मुझसे लिखवा लिया
है ।
बहरहाल योगेश के इस गीत की पंक्तियों को पढिये ज़रा ---


कुछ ऐसे भी पल होते हैं, जब रात के गहरे सन्‍नाटे गहरी सी नींद में सोते हैं
तब मुस्‍कानों के दर्द यहां, बच्‍चों की तरह से सोते हैं ।
कुछ ऐसे भी पल होते हैं ।।

जब छा जाती है खामोशी, तब शोर मचाती है धड़कन
इक मेला सा लगता है, बिखरा बिखरा सा ये सूनापन
यादों के साये ऐसे में करने लगते हैं आलिंगन
चुभने लगता है सांसों में बिखरे सपनों का हर दरपन
फिर भी जागे ये दो नैना सपनों का बोझ संजोते हैं
कुछ ऐसे भी पल होते हैं ।।

यूं ही हर रात पिघलती है, यूं ही हर दिन ढल जाता है
हर सांझ यूं ही ये बिरही मन, पतझर में फूल खिलता है
आखिर ये कैसा बंधन है, आखिर ये कैसा नाता है
जो जुड़ तो गया अनजाने में पर टूट नहीं अब पाता है
और हम उलझे इस बंधन में दिन रात ये नैन भिगोते हैं ।।
कुछ ऐसे भी पल होते हैं ।।

सबसे पहली बात तो ये कि इतना ललित गीत क्‍या हिंदी फिल्‍मों में कोई और है । चलिए अलबमों की दुनिया में ही ढूंढ निकालिए । नहीं मिलेगा । यकीन मानिए बिल्‍कुल नहीं मिलेगा । क्‍योंकि पहले कभी और ना ही बाद में कभी ऐसा लिखा गया । इसीलिए तो मन्‍ना डे के जन्‍मदिन पर मैं इस गीत को खोजकर आपके लिए लाया हूं ।
जरा इसके दोनों अंतरों को पढिये । खासकर दूसरा अंतरा, हर सांझ यूं ही ये बिरही मन, पतझर में फूल खिलाता है, आखिर ये कैसा बंधन है, आखिर ये कैसा नाता है ।
कितनी अबूझ और कितनी गहरी बात योगेश ने लिखी और मन्‍ना डे को आज तीस चालीस साल बाद ही सही, क्‍यों ना हम बधाई तो दे दें । बधाई तो योगेश जी को भी दी ही जानी चाहिये । क्‍या आप लोगों में कोई योगेश जी का क़द्रदान है । अगर हां तो कृपया अपनी बात कहिए । ऐसा क्‍यूं है कि एक समय के बाद हमारे समय के सबसे अच्‍छे लेखक यूं गुमनाम बना दिये जाते हैं । क्‍या किसी के पास कोई जवाब है ।


आज का दूसरा गीत है---नथली से टूटा मोती रे ।।

ये गीत भी मधुकर राजस्‍थानी का है । और इसे आप रीयल प्‍लेयर पर
यहां सुन सकते हैं । इस गाने को सुनते हुए ज़रा इसके बोलों को भी पढिये ---
सजनी, सजनी
कजरारी अँखियां रह गईं रोती रे
नथली से टूटा मोती रे
रूप की अगिया अंग में लागी
कैसे छुपाए, लाज अभागी,
मनवाऽऽ कहताऽऽ भोर कभी ना होती रे
कजरारी अँखियाँ रह गईं ...
बोली दुलहनिया पलकें झूकाएऽऽ
घूँघटवा में सहमे लजाये
बलमाऽऽ पढ़ाएऽऽ प्रीत की पहली पोथी रे
कजरारी अँखियाँ रह गईं ...

कुल मिलाकर चार मि0 बाईस सेकेन्‍ड का गीत है ये । बेहद भारतीय गीत है । अगर आप इसे ध्‍यान से सुनें और पढ़ें तो पायेंगे कि एक बेहद निषिद्ध विषय पर मधुकर राजस्‍थानी ने ये गीत लिखा है, जिसमें अश्‍लील हो जाने की पूरी संभावनाएं थीं । मगर ऐसा नहीं हुआ बल्कि जिस अंदाज़ में इसे लिखा गया है उससे गीत का लालित्‍य कुछ और बढ़ ही गया है । पिछले कुछ लेखों में मैंने आपको मधुकर राजस्‍थानी के गीतों से अवगत कराया है । इन सबको क्रम से पढ़ने के बाद आप जान चुके होंगे कि सादगी, सरलता और शिष्‍टता इन गीतों की सबसे बड़ी विशेषता है । गीत सितार की तान से शुरू होता है । फिर मन्‍ना दा की नर्म आवाज़ में ‘सजनी सजनी’ की पुकार । और फिर ‘नथली से टूटा मोती रे’ । इसी गीत में मन्‍ना दा जब गाते हैं ‘रूप की अगिया अंग में लागी, कैसे छिपाए लाज अभागी’ तो लाज शब्‍द पर मन्‍ना डे अपनी आवाज़ में जिस तरह का भाव लाते हैं वो अनमोल है, नये गायक अगर ये भाव व्‍यक्‍त करना सीख जाएं तो हमारा संगीत बहुत कुछ सुधर जाए ।

बहरहाल मित्रो, इन गीतों को सुनिए और मन्‍ना डे के प्रति कृतज्ञता ज्ञापित कीजिए ।

READ MORE...
Blog Widget by LinkWithin
.

  © Blogger templates Psi by Ourblogtemplates.com 2008 यूनुस ख़ान द्वारा संशोधित और परिवर्तित

Back to TOP