'अल्लाह मेघ दे'.... मूल बांग्ला गीत, अब्बासुद्दीन अहमद की आवाज़।
उनकी याद गरमी के इन आखिरी तपते दिनों और बारिश की ज़ोरदार आहट के लम्हों में खूब-खूब आती है। इसलिए क्योंकि उन्होंने वो गाना गाया था जिसे आज रेडियोवाणी पर पेश किया जा रहा है।
अब्बाासुद्दीन बलरामपुर तूफानगंज, कूचबिहार में जन्मे साल 1901 में।
बचपन से ही संगीत में रूचि जागी। उस्ताद जमीरूद्दीन ख़ान और उस्ताद कादर बख्श से
सीखा। और बांग्ला लोकगीतों की एक बहुत ही लोकप्रिय आवाज़ बन गए। शुरूआती दौर में भवैया गीत गाते थे। उसके बाद भटियाली और मुरशीदी गीतों के लिए भी चर्चित हुए। कोलकाता में उन्होंने HMV और अन्य म्यूजिक कंपनियों के लिए अपने लोकगीत और इस्लामिक गीत रिकॉर्ड करवाए थे। उनका जो गीत आज हम यहां सुनवा रहे हैं, फिल्म 'गाइड' में सचिन देव बर्मन ने इसी गाने से प्रेरित होकर 'अल्लाह मेघ दे' जैसा गीत दिया था।
सुनिए अब्बासुद्दीन की आवाज़ में 'अल्ला मेघ दे' का मूल संस्करण।
यूट्यूब से गाने का लिंक ये रहा।
ये रही रोमन में इस गाने की इबारत
(इस ब्लॉग से साभार)
Bela dwiprohor dhudhu baluchor
Dhupetey kolija phatey piyasey kator.
Allah megh de pani de chaya de re tui.
Asman hoilo toota toota jomin hoilo phata
Meghraja ghumaiya roichey megh dibo tor keda.
Phaitya phaitya roichey joto khala bila nodi
Panir laigya kainda biley ponkhi jolodhi
aler goru baindha gerosto re kainda
khabar paner khodor khodo na re aan ki korey
kopot kopoti kandey khopetey boshiya
shukna phuler koli podey jhoriya jhoriyaअब सुनते हैं सचिन देव बर्मन की आवाज़ में फिल्म 'गाइड' में आया संस्करण। जिसे लिखा था शैलेंंद्र ने। ये मूल संस्करण से कहीं भी कम नहीं है। ना कविता में, ना गायकी में।
और ये 'गाइड' वाले संस्करण की इबारत।
अल्लाह मेघ दे, पानी दे, छाया दे रे रामा मेघ दे
श्यामा मेघ दे
अल्लाह मेघ दे, पानी दे, छाया दे रे रामा मेघ दे
आँखें फाड़े दुनिया देखे, हाय ये तमाशा
आँखें फाड़े ...
आँखें फाड़े दुनिया देखे, हाय ये तमाशा
है ये विश्वास तेरा, है तेरी आशा
अल्लाह मेघ दे ...
अल्लाह मेघ दे, पानी दे, छाया दे रे रामा मेघ दे
इस गाने का एक रूप था गुलज़ार के बोलों वाला। फिल्म थी--'पलकों की छांव में'
जिसे यू-ट्यूब पर यहां सुना जा सकता है।
शुभकामनाएं इस बरस मेघा बरसे और खूूब बरसे। READ MORE...
Sunday, April 27, 2008
फिल्म गाईड से जुड़े कुछ दिलचस्प तथ्य और एक शिकायत ।
मित्रो जयपुर से हमारे मित्र राजेंद्र जी ने मुझे ई-मेल करके 'गाईड' पर केंद्रित आलेख-श्रृंखला के बारे में कुछ तथ्य उजागर किये हैं । मैंने रोशमिला भट्टाचार्य के आलेख का अनुवाद प्रस्तुत किया था । राजेंद्र जी का कहना है कि रोशमिला के आलेख में कुछ त्रुटियां हैं । इस आलेख को उस श्रृंखला की अगली कड़ी के रूप में पढ़ा जाए ।
भाई यूनुस,
गाईड फ़िल्म पर आलेख के लिए बधाई. मैं जो बात कह रहा हूं, आशा है आप उसे अन्यथा नहीं लेंगे. रोष्मिला भट्टाचार्य के लेख में कई सारी गलतियां हैं, यह कहना कि गाईड फ़िल्म के लिए देवानंद राज खोसला को निर्देशन का भार देने वाले थे इसका कोई प्रमाण नहीं है । नवकेतन की 'काला पानी' 1958 में बनी थी जिसके निर्देशक राज खोसला थे । मगर इस सन के बाद नवकेतन की फिल्मों का निर्देशन विजय आनंद करने लगे थे । हालांकि इससे एक बरस पहले ही विजय आनंद नवकेतन के लिए 'नौ दो ग्यारह' का निर्देशन कर चुके थे । 'काला पानी' के बाद आई 'काला बाज़ार', 'हम दोनों' और 'तेरे घर के सामने' सबका निर्देशन विजय आनंद ने ही किया था । कोई सबब नहीं था कि देवानंद 'काला पानी' के सात साल बाद राज खोसला को वापस लाते । राज खोसला भी तब तक 'एक मुसाफिर एक हसीना' और 'वो कौन थी' जैसी फिल्में बना कर अपनी अलग राह बना चुके थे ।
'गाईड' के लिए देव आनंद की पहली पसंद चेतन आनंद थे और उन्होंने इस फ़िल्म की शूटिंग भी शुरू कर दी थी. मगर जब देवानंद ने फ़िल्म शुरू होने के तुरन्त बाद तय किया कि पहले अंग्रेजी संस्करण बनेगा उसके बाद हिन्दी संस्करण की शूटिंग शुरू होगी । तब समस्या ये आयी के चेतन आनंद अपनी फ़िल्म 'हक़ीक़त' से फारिग़ नहीं थे । तब देवानंद को विजय आनंद को निर्देशन के लिए तैयार करना पड़ा । देवानंद की हाल ही में प्रकाशित आत्मकथा "रोमेंसिंग विथ लाइफ" में राज खोसला का कोई जिक्र नहीं है । देव साहब लिखते हैं ----"जैसे ही चेतन फ़िल्म से बाहर चले गए मैंने गोल्डी (विजय आनंद का प्यार का नाम) को तैयार किया । गोल्डी पहले थोड़ा हिचक रहा था लेकिन बाद में वह इस प्रोजेक्ट का एक बड़ा हिस्सा बन गया. उनके शब्द है "As soon as Chetan walked out, I had persuaded Goldie to step into his shoes. Goldie was a little hesitant at first but later became a big part of the project."
इसलिए वहीदा और राज खोसला के झगडे़ की कहानी गढ़ना उचित नहीं है । भाई यूनुस, इसमें आपका दोष नहीं है । आपने भट्टाचार्य के लेख का ही अनुवाद किया है । लेखिका ने देव आनंद से मुलाका़त का हवाला दिया है । इससे एसा लगता है जैसे यह बात देव आनंद ने बताई हो । मगर एसा संभव नहीं है । जिस विस्तार और सच्चाई से देव साहब ने किताब लिखी है, यदि ऐसा होता तो वे उसका वहां ज़रूर जिक्र करते । न तो देव साहब की किताब में और न परिस्थितिजन्य साक्ष्य से यह स्थापित होता है के राज खोसला गाईड का निर्देशन करने वाले थे ।
आज कल नेट पर ही नहीं अखबारों में भी ग़लत तथ्यों की भरमार हो रही है. कोई कुछ भी लिख दे रहा है । हाल ही में एक समाचार-एजेंसी ने शमशाद बेगम को मरा हुआ बता दिया । इसलिएजब हम किसी सामग्री का इस्तेमाल करें तो पहले उसे जांच लेना चाहिए । अब आपके ब्लॉग से उठा कर यही घटना कोई और लिख देगा । हिंदुस्तान-टाइम्स के तो मुंबई संस्करण में ही यह गलती रही मगर आपके ब्लॉग से तो यह पूरी दुनिया में फ़ैल गयी । बाद में जाकर यही इतिहास बन जाएगा जो कि सच नहीं होगा ।
--राजेंद्र
इस श्रृंखला के अन्य लेख
फिल्म गाईड से जुड़ी दिलचस्प बातें पहला भाग
फिल्म गाईड से जुड़ी दिलचस्प बातें दूसरा भाग
Friday, April 25, 2008
फिल्म गाईड के निर्माण से जुड़ी दिलचस्प बातें: दूसरा भाग ।
85 बरस के देव आनंद इस साल पहली बार cannes film festival में जा रहे हैं । उनकी सदाबहार फिल्म 'गाईड' को इस साल कान्स फिल्म समारोह के 'क्लासिक्स-सेक्शन' के लिए चुना गया है । मुंबई के अंग्रेज़ी अख़बार The Hindustan Times की रोशमिला भट्टाचार्य ने बाईस अप्रैल के अख़बार में फिल्म 'गाईड' के निर्माण से जुड़ी दिलचस्प बातें लिखी हैं । ये उन्हीं के लेख का हिंदी अनुवाद है ।
अपनी पिछली पोस्ट में मैंने फिल्म गाईड से जुड़ी कुछ अनजान और दिलचस्प बातें बताईं थी । आईये रोशमिला के लेख का आगे का हिस्सा पढ़ा जाए ।
पिछली पोस्ट में मैंने बताया था कि किस तरह से वहीदा रहमान और राज खोसला की अनबन की वजह से देव साहब ने राज खोसला को गाईड का निर्देशन करने से हटा दिया और अपने बड़े भाई साहब यानी चेतन आनंद के पास गए । उनसे निवेदन किया कि वो 'गाईड' का निर्देशन करें । चेतन आनंद 'नीचा नगर' और 'अफसर' जैसी फिल्में बनाकर नाम कमा चुके थे । इस तरह फिल्म गाईड की शूटिंग का पहला शेड्यूल शुरू हुआ । इस दौरान सबकी समझ में आ गया कि हिंदी और अंग्रेज़ी में एक साथ शूटिंग करना बेहद सुस्त, बोझिल और उबाऊ हो रहा है । आपस में बहसबाज़ी और टकराव भी हो रहा है । इसलिए तय किया गया कि पहले अंग्रेज़ी संस्करण को फिल्मा लिया जाए फिर हिंदी की बारी आए ।
इस तरह डेनियलवस्की ने अंग्रेजी फिल्म 'गाईड' का निर्देशन संभाल लिया ।
चेतन आनंद अब अपनी युद्ध-फिल्म 'हक़ीक़त' के निर्माण में वयस्त हो गये । जिस समय गाईड की शूटिंग के लिए वो उदयपुर जाने की तैयारी कर रहे थे तभी खबर आई कि सेना ने हक़ीक़त की शूटिंग के लिए उन्हें लद्दाख़ आने की इजाज़त दे दी है । उन्हें फ़ौरन लद्दाख़ के लिए रवाना होना पड़ा । इस तरह एक बार फिर देव आनंद के सपनों की फिल्म 'गाईड' निर्देशक-विहीन हो गयी ।
मुसीबत में एक बार देव साहब ने अपने भाई का सहारा लिया । इस बार छोटे भाई विजय आनंद का । गोल्डी यानी विजय आनंद ने दो बार पहले भी गाईड के निर्देशन का प्रस्ताव ठुकरा दिया था । पर इस बार संकट था इसलिए वे राज़ी हो गए । पर इस शर्त पर कि गाईड को वो अपने अंदाज़ में बनाएंगे और देव साहब कोई दख़लअंदाज़ी नहीं करेंगे । उदयपुर जाकर शूटिंग करने से पहले गोल्डी ने पूरे 18 दिन खंडाला में बिताए और फिल्म 'गाईड' की स्क्रिप्ट को दुरूस्त किया । इस दौरान डैनियलवस्की भी
मालगुड़ी से गाईड की शूटिंग करने उदयपुर आ गये थे । उनका मानना था कि सुनहरी रेत, ऊंट और रंग बिरंगी पोशाकों वाले स्थानीय लोग फिल्म को एक नया रंग देंगे । हालांकि विवाहेत्तर संबंधों वाले मुद्दे को 'तरल' करने या संभालने के लिए टैड डैनियलवस्की राज़ी नहीं थे । और गोल्डी को ये बात लगातार परेशान कर रही थी । गोल्डी का कहना था कि मैं अपनी फिल्म को इस तरह शुरू नहीं कर सकता कि रोज़ी और गाईड राजू अपनी मुलाक़ात के कुछ ही घंटों बाद सीधे बिस्तर पर नज़र आएं । भारतीय दर्शक इसे स्वीकार ही नहीं करेंगे और इस तरह देश की छबि भी विदेशों में ग़लत तरीक़े से पहुंचेगी ।
विजय आनंद ने 'गाईड' की स्क्रिप्ट को दोबारा लिखा और इसके लिए आर के नारायण के उपन्यास से एकदम अलग अंत तैयार किया । फिर गोल्डी ने इसकी शूटिंग महज़ अस्सी शिफ्टों में पूरी कर ली । इस तरह गाईड का हिंदी संस्करण टैड डैनियलवस्की वाले संस्करण से एकदम अलग बना । भारतीय संवेदनाओं और अंग्रेजी तकनीक से बनी ये फिल्म । डैनियलवस्की ने भारतीय संस्करण से कुछ सीन भी उठाए । पर गाईड का अंग्रेजी संस्करण
survival ज्यादा समय तक थियेटरों में नहीं टिका । कहते हैं कि आर के नारायण ने पहले तो देव आनंद को फिल्म की प्रशंसा में खत लिखा पर बाद में सार्वजनिक तौर पर फिल्म को बहुत उधेड़ा । उनका कहना था कि ये 'मिसगाईडेड गाईड' है । अंग्रेज़ी संस्करण की नाकामी की वजह से कोई भी डिस्ट्रीब्यूटर हिंदी संस्करण को हाथ नहीं लगा रहा था ।
आखिरकार नवकेतन के प्रोडक्शन कंट्रोलर यश जौहर को जिम्मेदारी दी गयी कि वो दिल्ली के डिस्ट्रीब्यूटर को चुपचाप फिल्म के कुछ गीत दिखाएं । ' पिया तोसे नैना लागे रे' देखते ही वितरक ने फिल्म खरीदने की घोषणा कर दी । इस तरह सन 1965 में मुंबई के मराठा मंदिर थियेटर में गाईड का प्रीमियर किया गया । हालांकि सुस्त शुरूआत हुई पर फिल्म वहां दस सप्ताह तक चली ।
पड़ोसी राज्य गुजरात में धीमी शुरूआत हुई । पर अचानक अकाल आ जाने से लोग गाईड राजू की ओर दौड़े । फिल्म में गाईड राजू अकाल खत्म करने के लिए बारह दिन का उपवास करता है और उसकी मौत के बाद बारिश आती है । गुजरात में पोस्टरों पर लिखा गया-- गाईड राजू बारिश के लिए प्रार्थना कर रहा है । और अहमदाबाद में फिल्म ने अपनी सिल्वर जुबली मनाई ।
विदेशों में भी गोल्डी के निर्देशन की प्रशंसा हुई । हॉलीवुड के महान निर्माता निर्देशक हॉवर्ड हॉक्स ने गोल्डी को MGM स्टूडियो की एक फिल्म निर्देशित करने का प्रस्ताव रखा और पहले गोल्डी से कहा कि पहले वो एक ऑस्कर जीतकर लाएं । जी हां गाईड को सन 1966 में भारत की ओर से ऑस्कर पुरस्कार में भेजा गया था । हॉक्स के कहने पर बाईस रील की फिल्म को आधो घंटे कम किया गया था और इसमें अंग्रेजी सब टाइटल भी डाले गये थे । लेकिन इस साल नॉर्वे की एक फिल्म को ये पुरस्कार मिला ।
आज देव साहब इस फिल्म के प्रिंट को री-कलर करवा रहे हैं । और हो सकता है कि कांस फिल्म समारोह के बाद एक बार फिर भारत में इसे रिलीज़ किया जाए । वो कहते हैं ना कि क्लासिक फिल्में तो कभी भी देखी दिखाई जा सकती हैं । क्या आपने फिल्म 'गाईड' देखी है ।
ये था रोशमिला भट्टाचार्य का हिंदुस्तान टाइम्स में छपे लेख का अनुवाद । और अब गाईड का एक और गीत सुना जाए । गीत नहीं भजन । बल्कि कीर्तन । आपको याद है कि इसे फिल्म में कहां पर रखा गया था ।
फिल्म गाईड से जुड़ी बातें आखिरी भाग
फिल्म गाईड से जुड़ी बातें पहला भाग- वहां कौन है तेरा
Wednesday, April 23, 2008
'वहां कौन है तेरा मुसाफिर जायेगा कहां' : फिल्म गाईड के निर्माण से जुड़ी दिलचस्प बातें
85 बरस के देव आनंद इस साल पहली बार cannes film festival में जा रहे हैं । उनकी सदाबहार फिल्म 'गाईड' को इस साल कान्स फिल्म समारोह के 'क्लासिक्स-सेक्शन' के लिए चुना गया है । मुंबई के अंग्रेज़ी अख़बार The Hindustan Times की रोशमिला भट्टाचार्य ने बाईस अप्रैल के अख़बार में फिल्म 'गाईड' के निर्माण से जुड़ी दिलचस्प बातें लिखी हैं । ये उन्हीं के लेख का हिंदी अनुवाद है ।
देव आनंद कहते हैं कि जब मैंने नोबेल पुरस्कार विजेता पर्ल एक बक के साथ भारत और अमरीकी सहयोग से बनने वाली फिल्म 'गाईड' को घोषणा की तो लोगों ने कहा कि मेरा दिमाग़ ख़राब हो गया है । पर्ल एस बक ने फिल्म
के अंग्रेज़ी संस्करण का प्रोडक्शन भी किया था और स्क्रिप्ट पर भी काम किया था । देव आनंद ने साहित्य अकादमी पुरस्कार प्राप्त आर. के. नारायण की पुस्तक 'गाईड' को चुना था और ये फिल्म संसार में बेहद चर्चा का विषय बन गया था । सभी का कहना था कि देव आनंद जैसे स्टार को एक ऐसे टूरिस्ट गाईड की भूमिका निभाने की क्या ज़रूरत है, जिसने अनैतिक संबंधों से लेकर धोखाधड़ी तक दुनिया भर के पाप किए हैं । और फिल्म के अंत में जाकर वो एक ठिकाने का काम करता है । इस पर देव आनंद का जवाब थ कि लीक से हटकर जीवन जीने के लिए व्यक्ति के भीतर एक पागलपन का तत्त्व होना ज़रूरी है । गाईड राजू में वही पागलपन मौजूद है । ( पर्ल एस बक की ये तस्वीर विकीपीडिया से साभार )
जब ये तय हो गया कि देव आनंद ही राजू का किरदार निभाएंगे तो तलाश शुरू हुई रोज़ी की । 'गाईड' के अंग्रेज़ी संस्करण के निर्देशन की जिम्मेदारी Tad danielwski को सौंपी गयी थी और उनका कहना था कि गाईड राजू
की रोज़ी तो लीला नायडू ही हो सकती हैं । उन्होंने vogue पत्रिका में लीला नायडू को दुनिया की दस सबसे खूबसूरत महिलाओं के तौर पर देखा था । इस्माइल मर्चेन्ट की फिल्म The Householder भी टैड ने देख रखी थी और उनका मानना था कि लीला नायडू इस भूमिका के लिए परफेक्ट रहेंगी । लेकिन देवआनंद को लीला नायडू जम नहीं रही थीं । उनका कहना था कि रोज़ी एक लज्जावान भारतीय स्त्री नहीं थी । वो स्वतंत्र विचारों वाली, जुनूनी स्त्री थी और सबसे बड़ी बात वो एक नर्तकी थी । जबकि लीला नायडू नर्तकी नहीं थीं । फिर पद्मिनी के नाम पर विचार किया गया । फिर बारी आई वैजयंतीमाला की । लेकिन टैड इन नामों में से किसी पर भी सहमत नहीं हुए । फिर देव आनंद ने वहीदा रहमान के नाम का सुझाव दिया और Tad danielwski इससे सहमत हो गए । (लीला नायडू की तस्वीर इस वेबसाईट से साभार )
सवाल ये था कि क्या वहीदा रहमान एक शादीशुदा महिला का किरदार निभाने को राज़ी होंगी, जो अपने सपनों को पूरा करने के लिए बड़े साहस के साथ अपने वृद्ध और नपुंसक पति को छोड़कर एक युवा गाईड के साथ भाग
निकलती है । पर वहीदा राज़ी हो गईं । जब फिल्म 'नीलकमल' के निर्देशक राम माहेश्वरी को वहीदा के इस 'खलनायिकानुमा' रोल की ख़बर मिली तो वो भड़क गए । उन्होंने वहीदा से कहा कि मेरी फिल्म और अपने कैरियर को तबाह मत करो । मेरी फिल्म में तुम सीता की भूमिका कर रही हो । लेकिन वहीदा रहमान ने तय कर लिया था । वो अपने आप को सती-सावित्री वाली भूमिका में बांधकर नहीं रखना चाहती थीं । वहीदा का कहना था कि जिंदगी में कई बार ऐसे मौक़े आते हैं जब कोई भी महिला रोज़ी की तरह फैसले करती है और बाद में रोज़ी की ही तरह अपने फैसले पर पछताती भी है । वहीदा रहमान को पूरा यक़ीन था कि वो दर्शकों से रोज़ी प्रति सहानुभूति जुटा लेंगी ।
लेकिन वहीदा रहमान के सामने एक और दिक्कत थी । जब उन्हें पता चला कि राज खोसला गाईड का निर्देशन करेंगे तो उन्होंने अपने हाथ पीछे खींच लिये । दरअसल फिल्म 'सोलहवां सावन' के निर्माण के दौरान वहीदा और राज खोसला की अनबन हो गयी थी । और वहीदा ने तय किया था कि अब वो कभी राज खोसला के साथ काम नहीं करेंगी । देव आनंद को समझ में आ गया कि वहीदा रहमान की ख़ातिर उन्हें राज खोसला को हटाना होगा । बड़ी दिक्कत थी । जब राज खोसला को हटा दिया गया तो फिर सवाल उठा कि गाईड का निर्देशन कौन करे । और इस बार देव आनंद ने दरवाज़ा खटखटाया अपने बड़े भाई साहब चेतन आनंद का । जिन्होंने नवकेतन के पहली फिल्म 'अफसर' का निर्देशन किया था ।
फिल्म गाईड के निर्माण्ा से जुड़ी कुछ और दिलचस्प बातें कल ।
आर के नारायण की पुस्तक 'द गाईड' गूगलबुक्स पर यहां पढ़ें ।
जाने से पहले आपको फिल्म गाईड का सबसे कम चर्चित और मेरा पसंदीदा गीत सुनवाता जाऊं । इसे संगीतकार कुमार सचिन देव बर्मन ने स्वयं गाया है । रचना शैलेन्द्र की है । अपने संगीत और गायकी में ये गाना मुझे सर्वोत्कृष्ट लगता है । इस गाने में मुखड़े के बाद सितार, तबले और बांसुरी की तान सुनिए । और अपने मन के बयाबान में खो जाईये ।
इस गाने से पहले अपने मन की कुछ बातें कहना चाहता हूं । पिछली कुछ पोस्टों से बिना किसी योजना के ये हो गया है कि बंजारे मन के गाने रेडियोवाणी पर बजाए जा रहे हैं । संयोग देखिए कि गाइड पर इस पोस्ट को लिखते हुए मैंने सोचा नहीं था कि ये गाना लगाऊंगा । पर सच मानिए कि मेरे जैसे बंजारे मन वाले व्यक्ति के दिल के क़रीब ये गाना नहीं होगा तो भला और कौन सा होगा । इस गाने का एक एक शब्द दिल पर उतरता है । आप चाहे जिस भी परिस्थिति में हों, ये आपको अपने जीवन की कहानी लगेगी । इस गाने के ज़रिए मैं गीतकार शैलेन्द्र को सलाम भी कर रहा हूं ।
वहां कौन है तेरा मुसाफिर जायेगा कहां
दम ले ले घड़ी भर ये छैंया पाएगा कहां
बीत गये दिन, प्यार के पल छिन
सपना बनी वो रातें
भूल गये वो, तू भी भुला दे
प्यार की वो मुलाक़ातें
सब दूर अंधेरा, मुसाफिर जाएगा कहां ।।
कोई भी तेरी राह ना देखे, नैन बिछाए ना कोई
दर्द से तेरे कोई ना तड़पा, आंख किसी की ना रोई
कहे किसको तू मेरा, मुसाफिर जाएगा कहां ।।
कहते हैं ज्ञानी, दुनिया है फ़ानी
पानी में लिखी कहानी
है सबकी देखी, है सबकी जानी
हाथ किसी के ना आई,
कुछ तेरा ना मेरा, मुसाफिर जायेगा कहां ।।
दम ले ले घड़ी भर ये छैंया पायेगा कहां ।।

