संगीत का कोई मज़हब, कोई ज़बान नहीं होती। 'रेडियोवाणी' ब्लॉग है लोकप्रियता से इतर कुछ अनमोल, बेमिसाल रचनाओं पर बातें करने का। बीते नौ बरस से जारी है 'रेडियोवाणी' का सफर।
Showing posts with label देव आनंद. Show all posts
Showing posts with label देव आनंद. Show all posts

Friday, September 26, 2008

देव आनंद के नाम--वहां कौन है तेरा मुसाफिर जायेगा कहां । जन्‍मदिन पर विशेष ।

एक अभिनेता के तौर पर मुझे देव आनंद अच्‍छे लगते हैं । एक निर्माता निर्देशक के तौर पर मुझे देव आनंद 'हरे रामा हरे कृष्‍णा तक अच्‍छे लगते रहे थे । उसके बाद वो डिफ्यूज़ हो गए । लेकिन देव आनंद की कर्मठता और जिद कमाल की है । आज उनका 85 वां जन्‍मदिन है । आजकल वो अपनी नई फिल्‍म 'चार्जशीट' पर काम कर रहे हैं ।
dev_anand1
देव आनंद शायद हमारे समाज को सिखा रहे हैं कि लगातार असफलता के बावजूद कैसे शिद्दत के साथ अपना काम किया जा सकता है । देव आनंद सिखा रहे हैं कि रिटायरमेन्‍ट की उम्र तक पहुंचते पहुंचते शिथिल हो जाने वाले मन को कसकर चुस्‍त दुरूस्‍त कैसे रखा जा सकता है । और जिस उम्र में दुनिया 'आराम' करती है उस उम्र में कैसे कर्मठता के रास्‍ते पर चला जा सकता है ।


देव आनंद की जिंदगी नाटकीयता भरी रही है ।


सुरैया से अथाह प्रेम था उन्‍हें । चर्चगेट स्‍टेशन के नज़दीक सुरैया के घर के सामने एक पेड़ के नीचे बारिश में भीगते हुए उन्‍होंने सुरैया के गैलेरी में आने का इंतज़ार किया था । एक मित्र के ज़रिए हीरे की अंगूठी भेजी थी जिसे सुरैया ने स्‍वीकार कर लिया था । पर सुरैया की नानी और सदियों से चली आ रही धर्म की दीवार ने देव और सुरैया को जीवन भर के लिए अलग अलग कर दिया था ।


आज देव आनंद सुरैया का जिक्र थोड़ी तल्‍खी से करते हैं, उनका कहना है कि सुरैया में साहस नहीं था । कभी कभी मैं सोचता हूं कि किस तरह का खालीपन महसूस होता होगा उन्‍हें भीतर से । जब सुरैया नहीं रहीं तो कैसा लगा होगा देव को ।


सुरैया--करीब तीस साल की उम्र में suraiyaसिनेमा को अलविदा कहने वाली एक  नायाब नायिका । उसके बाद धीरे धीरे अपनों से दूर होने वाली एक ज़हीन लड़की । जिसे अंग्रेजी लिट्रेचर से प्‍यार था । जिसे जिंदगी की छोटी छोटी खुशियों से प्‍यार था । सुरैया को हॉलीवुड के अभिनेता ग्रेगरी पैक अच्‍छे लगते थे । जब देव आनंद को ये बात पता चली तो उम्र भर के लिए उन्‍होंने ग्रेगरी पैक की अदाओं को अपनी अदाएं बना लिया । जो सुरैया को अच्‍छा लगा देव आनंद ने उसे अपना लिया ।

कल्‍पना कीजिए कि तीस बरस से आगे की बाकी उम्र सुरैया ने अपने घर में कैद रहकर बिताई । बाहर की दुनिया से खुद को काटकर किताबों में डूबी रहीं । खूब सज धज कर तैयार होतीं और घर में बनी रहतीं । कल्‍पना कीजिए कि उम्रदराज़ होने के बाद भी वो अपने सौंदर्य के ढलने को स्‍वीकार नहीं कर पाईं । वो उसी तरह से मेकअप करके गहने पहनकर घर पर रहतीं, पूरी नफ़ासत के साथ ।
देव आनंद को जब दादा साहेब फालके अवॉर्ड मिला था तो मेरी उनसे बात हुई थी फोन पर । उन्‍होंने जिस तटस्‍थता के साथ इस अवॉर्ड को स्‍वीकार किया था, वो मुझे हैरतअंगेज़ लगती है । उन्‍होंने क़तई स्‍वीकार नहीं किया कि ये अवॉर्ड उन्‍हें देर से मिला है । उन्‍हें इस बात से कोई फर्क ही नहीं पड़ता था ।

देव आनंद की शख्सियत वाक़ई अद्भुत है ।

हम उन्‍हें जन्‍मदिन की शुभकामनाएं दे रहे हैं ।

गाईड फिल्‍म का ये गीत उनके जन्‍मदिन पर-- जो एक साथ कई स्‍तरों पर अपनी बात कहता है ।




वहां कौन है तेरा मुसाफिर जायेगा कहां
दम ले ले घड़ी भर ये छैंया पाएगा कहां
बीत गये दिन, प्‍यार के पल छिन
सपना बनी वो रातें, भूल गये वो, तू भी भुला दे
प्‍यार की वो मुलाक़ातें
सब दूर अंधेरा, मुसाफिर जाएगा कहां ।।
कोई भी तेरी राह ना देखे, नैन बिछाए ना कोई
दर्द से तेरे कोई ना तड़पा, आंख किसी की ना रोई
कहे किसको तू मेरा, मुसाफिर जाएगा कहां ।।
कहते हैं ज्ञानी, दुनिया है फ़ानी
पानी में लिखी कहानी,
है सबकी देखी, है सबकी जानी
हाथ किसी के ना आई,
कुछ तेरा ना मेरा, मुसाफिर जायेगा कहां ।।
दम ले ले घड़ी भर ये छैंया पायेगा कहां ।।


आज पार्श्‍वगायक हेमंत कुमार की भी बरसी है । रेडियोवाणी कल उन्‍हें नमन करेगा ।

READ MORE...

Sunday, April 27, 2008

फिल्‍म गाईड से जुड़े कुछ दिलचस्‍प तथ्‍य और एक शिकायत ।

मित्रो जयपुर से हमारे मित्र राजेंद्र जी ने मुझे ई-मेल करके 'गाईड' पर केंद्रित आलेख-श्रृंखला के बारे में कुछ तथ्‍य उजागर किये हैं । मैंने रोशमिला भट्टाचार्य के आलेख का अनुवाद प्रस्‍तुत किया था । राजेंद्र जी का कहना है कि रोशमिला के आलेख में कुछ त्रुटियां हैं । इस आलेख को उस श्रृंखला की अगली कड़ी के रूप में पढ़ा जाए ।

भाई यूनुस,
गाईड फ़िल्म पर आलेख के लिए बधाई. मैं जो बात कह रहा हूं, आशा है आप उसे अन्यथा नहीं लेंगे. रोष्मिला भट्टाचार्य के लेख में कई सारी गलतियां
हैं, यह कहना कि गाईड फ़िल्म के लिए देवानंद राज खोसला को निर्देशन का भार देने वाले थे इसका कोई प्रमाण नहीं है । नवकेतन की 'काला पानी' 1958 में बनी थी जिसके निर्देशक राज खोसला थे । मगर इस सन के बाद नवकेतन की फिल्मों का निर्देशन विजय आनंद करने लगे थे ।  हालांकि इससे एक बरस पहले ही विजय आनंद नवकेतन के लिए 'नौ दो ग्यारह' का निर्देशन कर चुके थे ।  'काला पानी' के बाद आई 'काला बाज़ार', 'हम दोनों' और 'तेरे घर के सामने' सबका निर्देशन विजय आनंद ने ही किया था । कोई सबब नहीं था कि देवानंद 'काला पानी' के सात साल बाद राज खोसला को वापस लाते । राज खोसला भी तब तक 'एक मुसाफिर एक हसीना' और 'वो कौन थी' जैसी फिल्में बना कर अपनी अलग राह बना चुके थे । 


'गाईड' के लिए देव आनंद की पहली पसंद चेतन आनंद थे और उन्होंने इस फ़िल्म की शूटिंग भी शुरू कर दी थी. मगर जब देवानंद ने फ़िल्म शुरू होने के तुरन्‍त बाद तय किया कि पहले अंग्रेजी संस्करण बनेगा उसके बाद हिन्दी संस्करण की शूटिंग शुरू होगी । तब समस्या ये आयी के चेतन आनंद अपनी फ़िल्म 'हक़ीक़त' से फारिग़ नहीं थे । तब देवानंद को विजय आनंद को निर्देशन के लिए तैयार करना पड़ा ।  देवानंद की हाल ही में प्रकाशित आत्मकथा "रोमेंसिंग विथ लाइफ"  में राज खोसला का कोई जिक्र नहीं है ।  देव साहब लिखते हैं ----"जैसे ही चेतन फ़िल्म से बाहर चले गए मैंने गोल्डी (विजय आनंद का प्यार का नाम) को तैयार किया ।  गोल्डी पहले थोड़ा हिचक रहा था लेकिन बाद में वह इस प्रोजेक्ट का एक बड़ा हिस्सा बन गया. उनके शब्द है "As soon as Chetan walked out, I had persuaded Goldie to step into his shoes. Goldie was a little hesitant at first but later became a big part of the project."


इसलिए वहीदा और राज खोसला के झगडे़ की कहानी गढ़ना उचित नहीं है । भाई यूनुस, इसमें आपका दोष नहीं है ।  आपने भट्टाचार्य के लेख का ही अनुवाद किया है । लेखिका ने देव आनंद से मुलाका़त का हवाला दिया है । इससे एसा लगता है जैसे यह बात देव आनंद ने बताई हो । मगर एसा संभव नहीं है । जिस विस्तार और सच्चाई से देव साहब ने किताब लिखी है, यदि ऐसा होता तो वे उसका वहां ज़रूर जिक्र करते । न तो देव साहब की किताब में और न परिस्थितिजन्य साक्ष्य से यह स्थापित होता है के राज खोसला गाईड का निर्देशन करने वाले थे ।


आज कल नेट पर ही नहीं अखबारों में भी ग़लत तथ्यों की भरमार हो रही है. कोई कुछ भी लिख दे रहा है । हाल ही में एक समाचार-एजेंसी ने शमशाद बेगम को मरा हुआ बता दिया । इसलिएजब हम किसी सामग्री का इस्तेमाल करें तो पहले उसे जांच लेना चाहिए । अब आपके ब्लॉग से उठा कर यही घटना कोई और लिख देगा । हिंदुस्‍तान-टाइम्स के तो मुंबई संस्करण में ही यह गलती रही मगर आपके ब्लॉग से तो यह पूरी दुनिया में फ़ैल गयी । बाद में जाकर यही इतिहास बन जाएगा जो कि सच नहीं होगा ।
--राजेंद्र


इस श्रृंखला के अन्‍य लेख

फिल्‍म गाईड से जुड़ी दिलचस्‍प बातें पहला भाग
फिल्‍म गाईड से जुड़ी दिलचस्‍प बातें दूसरा भाग

READ MORE...
Blog Widget by LinkWithin
.

  © Blogger templates Psi by Ourblogtemplates.com 2008 यूनुस ख़ान द्वारा संशोधित और परिवर्तित

Back to TOP