संगीत का कोई मज़हब, कोई ज़बान नहीं होती। 'रेडियोवाणी' ब्लॉग है लोकप्रियता से इतर कुछ अनमोल, बेमिसाल रचनाओं पर बातें करने का। बीते नौ बरस से जारी है 'रेडियोवाणी' का सफर।
Showing posts with label मेहदी हसन. Show all posts
Showing posts with label मेहदी हसन. Show all posts

Friday, June 22, 2012

तेरा मिलना बहुत अच्‍छा लगे है: मेहदी और लता


मेहदी हसन चले गये और रेडियोवाणी पर लिखने लायक़ तसल्‍ली अब हासिल हुई है।




अफ़सोस की कोई हद और सरहद नहीं होती। एक कलाकार जाता है कुछ यूं कि जैसे एक डाली से कोई सुरीला पंछी उड़ जाये और वो शाख़ कांपती रहे देर तक। उस शाख़ का कांपना अपने अफ़सोस को बयां करना है। मेहदी हसन की वफ़ात की ख़बर मिली....उस दिन मसरूफियत ने गिरफ्तार कर रखा था, पर हाथ जैसे माउस तक नहीं उठ रहे थे। जिस नामचीन प्रोग्राम के संपादन में हमने ख़ुद को झोंक रखा था....वो पूरी तरह बेमानी हो उठा था।

मेहदी के जाने से मन का एक दरीचा फिर खुल गया। हम छप्‍प से पहुंच गये मध्‍यप्रदेश के छोटे से शहर सागर। जहां अस्‍सी का दशक अपना आधे से थोड़ा ज्‍यादा सफ़र तय कर चुका था। हमारे हाइ-स्‍कूल के उचाट दिन थे। पढ़ाई के अलावा बाक़ी सब पढ़ने के दिन। लिखने के बेहद शुरूआती दिन। सुनने की तमीज़ के भी शुरूआती दिन। श्रवण को पता नहीं याद होगा कि नहीं, पर तब वो कैसेट उधार देता था। मन्‍ना डे की गायी 'मधुशाला', मेहदी हसन का “ghazals by mehndi hasan” और ग़ुलाम अली का कोई अलबम। हम इन्‍हें कॉपी कर लेते। और सुरों की एक ऐसी दुनिया में पहुंच जाते...जो हमारे लिए बेहद नई थी। फिलिप्‍स का वो मोनो-प्‍लेयर उन दिनों हमारी सबसे बड़ी दौलत और नियामत था।



फिर तो लंबा एरियल लगाकर हम पाकिस्‍तान के अलग अलग शहरों के रेडियो स्‍टेशन तलाशते। ताकि मेहदी को सुन सकें। इस तरह उनके फिल्‍मी-गीतों से परिचय हुआ। बहुत बाद में पता चला कि वो पाकिस्‍तानी फिल्‍मों की भी एक कामयाब आवाज़ हैं। उनके कितने कितने फिल्‍मी गीत हमारे दिलों की धड़कन बने रहे।

‘प्‍यार भरे दो शर्मीले नैन’...जिसके बारे में बाद में पता चला कि ये पाकिस्‍तानी फिल्‍म ‘चाहत’ (1974) में शामिल थी। फिल्‍म ‘अज़्मत’ का राग भीमपलासी पर आधारित गीत—‘जिंदगी में तो सभी प्‍यार किया करते हैं, मैं तो मरके भी मेरी जान तुझे चाहूंगा’। पाकिस्‍तानी फिल्‍म ‘एक रात’ का गाना—‘एक बार चले आओ’.... रफ़्ता रफ्ता वो मेरी हस्‍ती का सामां हो गये (फिल्‍म-ज़ीनत) हम चले इस जहां से—(पाकिस्‍तानी फिल्‍म दिल्‍लगी), क्यों पूछते हो क्‍या तुमसे कहूं मैं किसलिए जीता हूं (बहिश्‍त), खामोश हैं नज़ारे एक बार मुस्‍कुरा दो (फिल्‍म बंदगी बंदगी) जैसे गानों ने उन्‍हें सारी दुनिया का चहेता बना दिया। दरअसल ये सारे गीत आज इंटरनेट के ज़माने में तो बड़ी आसानी से उपलब्‍ध हैं। पर उस दौर में शहरों-शहरों भटकते हुए हमें जबलपुर में हासिल हुए। किसी कैसेट में।

ग़ज़लों की बहुत पाक़, बहुत ही पवित्र दुनिया का बहुत ही नायाब सुर थे मेहदी। मेहदी की दुनिया में ये पक्‍का था कि वो सिर्फ़ और सिर्फ उम्‍दा अशआर को ही उठायेंगे। उन्‍होंने चाहे नामचीन शायरों को गाया हो या नये-नवेले....पर हमेशा अपने दर्जे को कायम रखा। मेहदी की गायी ग़ज़लें उर्दू शायरी की कुछ अनमोल ग़ज़लें हैं। कमाल की बात ये है कि अपनी अदायगी को उन्‍होंने एकदम ठोस बनाए रखा। हर ग़ज़ल के हर शेर और उसके हर लफ्ज़ की गूंज को ध्‍यान में रखकर वो धुन बनाते। बाज़-वक्‍त वो अपने कंसर्ट्स में समझाते भी कि इसे ऐसे भी गाया जा सकता है। और ऐसे भी। पर ऐसा इसलिए गाया क्‍योंकि इसका असर ज़्यादा होता है। तभी तो वो अहमद फ़राज़ की ग़ज़ल 'शोला था जब बुझा हूं/हवाएं मुझे ना दो' को पूरे साढ़े चौदह मिनिट गाते हैं। ऐसे मानो.....हौले हौले कोई तिलस्‍म अपना असर कर रहा हो। जैसे एक मीठा बुख़ार तन-मन को अपनी गिरफ्त में ले रहा हो। इन चौदह मिनिटों के बाद हम शायद आने वाले चौदह दिन इस अहसास से बाहर नहीं आ पाते।

कुछ बरस पहले जयपुर के भाई ईश मधु तलवार ने एक बेमिसाल लेख लिखा था उन पर। जो आउटलुक में छपा था। उसमें मेहदी के राजस्‍थान की सरज़मीं से बेइन्तिहा प्‍यार की बात थी। रेडियोवाणी के दूसरे पन्‍ने पर हम उसे बाक़ायदा साभार पेश कर रहे हैं। यहां पढिए।

राजस्‍थान से उनका प्‍यार तो उनकी गाई मांड में झलकता है। 'केसरिया बालमा हो जी पधारो म्‍हारे देस'। लगता है कि मारू की सरज़मीं का अपना बेटा अपनी धरती पर निहाल हुआ जा रहा है। अफ़सोस ही है कि बंटवारे ने उन जैसे कई कलाकारों को सरहद के उस पर ला खड़ा किया। पर आवाज़ें सरहदों की मोहताज नहीं होतीं। इसलिए शायद उस पार से ज्‍यादा उनके चाहने वाले इस पार रहे।

मेहदी का जाना हमारी दुनिया से एक और ख़ालिस अहसास का चले जाना है। मिलावट भरी और लगातार तरल होती चली जा रही इस दुनिया में हम बार बार लौटेंगे मेहदी के पास। ठोकरें लगने पर....अपनी इंसानियत को टटोलने की ज़रूरत महसूस होने पर....किसी अपने के बिछुड़ जाने पर एक सहारा खोजने के लिए.....अपनी शामों को ख़ूबसूरत बनाने के लिए.......कभी-कभी बिना किसी बहाने के बस यूं ही। मैक़दे और मेहबूब वाली झटकेदार ग़ज़लों के बीच मेहदी एक रोशन सितारा बने रहेंगे......अंधेरे के बीच बतलायेंगे कि रास्‍ता इधर है।

लता मंगेशकर ने कहा था कि उनकी आवाज़ में भगवान बसता है। मेहदी और लता ने साथ-साथ नहीं गाया। बरसों बरस कोशिशें हुईं। और आखिरकार मेहदी साहब ने पांच ग़ज़लें कंपोज़ करके भेजीं। जिनमें से लता जी ने संगीतकार मयूरेश पई के साथ मिलकर एक ग़ज़ल चुनी। और 2011 में रिलीज़ अलबम 'सरहदें' में इसे शामिल किया गया। आपको बता दें कि इस अलबम में सोनू निगम, सुरेश वाडकर और हरिहरन कई और कलाकार भी शामिल थे। 'तेरा मिलना' नामक इस ग़ज़ल को फ़रहद शहज़ाद ने लिखा। मेहदी हसन ने अपनी आवाज़ को सन 2009 में पाकिस्‍तान में रिकॉर्ड किया। और लता जी ने सन 2010 में बंबई में अपना हिस्‍सा गाया। दो महान कलाकार एक साथ कभी नहीं गा सके। पर तकनीक को शुक्रिया अदा करें कि हमें इनकी एक साथ गाई ये रचना हासिल हो सकी है। मेहदी की याद में क्‍या सुनाएं। क्‍या छोड़े। आईये यही सुनें।

ghazal: tera milna
shayar: farhat shehzad


singers: mehndi hasan and lata mangeshkar
duration : 5 57





तेरा मिलना बहुत अच्‍छा लगे है 
मुझे तू मेरे दुख जैसा लगे है
चमन सारा कहे है फूल जिसको
मेरी आंख को तेरा चेहरा लगे है

ये तेरा लम्‍स है कि जिंदगी है   (लम्‍स--छूअन)
तुझे छू लूं तो दिल जिंदा लगे है
रगों में तेरी ख्‍वाहिश बह रही है
ज़माने को लहू दिल का लगे है
मुझे तू मेरे दुख जैसा लगे है
तेरा मिलना बहुत अच्‍छा लगे है।


-----

अगर आप चाहते  हैं कि 'रेडियोवाणी' की पोस्ट्स आपको नियमित रूप से अपने इनबॉक्स में मिलें, तो दाहिनी तरफ 'रेडियोवाणी की नियमित खुराक' वाले बॉक्स में अपना ईमेल एड्रेस भरें और इनबॉक्स में जाकर वेरीफाई करें।


READ MORE...

Friday, April 4, 2008

'अच्‍छी बात कहो'-मेहदी हसन के बहाने स्‍कूल के ज़माने की विकल याद ।।

मेहदी हसन के चाहने वालों की तादाद कम नहीं है । हम मेहदी हसन के बचपन से शैदाई रहे हैं । याद आता है वो ज़माना जब हम मध्‍यप्रदेश के शहर सागर में थे । स्‍कूल की पढ़ाई के आखिरी दो साल थे । उसके बाद इंजीनियरिंग का मां बाप का सपना पूरा करने की जिम्‍मेदारी थी । उन दिनों में जाने कब और कैसे रेडियो का शौक़ लग गया था । फिलिप्‍स का एक तीन बैन्‍ड वाला रेडियो हमारी स्‍टडी-टेबल पर विराजमान रहता । विज्ञान के विद्यार्थी थे, लगातार किताबों में नज़रें गड़ी रहतीं और रेडियो चलता रहता । पिताजी कहते कि ये कौन सी पढ़ाई है जो रेडियो के साथ हुआ करती है । पर अपन कहां सुधरने वाले थे ।

उन दिनों में रेडियो पर भटकना आज की इंटरनेटी यायावरी की तरह था । वाक़ई । और एक शाम तकरीबन पांच बजे के आसपास रेडियो की हमारी भटकती सुई शॉर्टवेव पर जा टिकी उस जगह जहां मेहदी हसन साहब की आवाज़ सुनाई दे रही थी । शायद रेडियो पाकिस्‍तान की विदेश सेवा के कार्यक्रम थे वो ।

.... फिर तो हर शाम बस यही तरंगें गूंजा करतीं--'गुलों में रंग भरे, बादए नौबहार चले, चले भी आओ के गुलशन का कारोबार चले' । राजकमल पेपरबैक्स की उर्दू शायरी वाली देवनागरी पुस्तकों में नीचे दिये गये मायने हमारी उर्दू को सुधारा करते ।

जो लहरदार प्रसारण में सुनाई देते थे । शॉर्टवेव का प्रसारण लहरदार होता है अकसर । रेडियो के शौकीन इस बात की तस्‍दीक करेंगे । बहरहाल मेहदी हसन को सुनने का एक अड्डा मिल गया । वहां मेहदी हसन के फिल्‍मी गीत बजाए जाते जो मध्‍यप्रदेश के उस अख्‍खड़ उनींदे और रूके रूके से शहर में कहीं और मिल ही नहीं सकते थे । ये गीत बार बार बजता जिसके बोल थे--'मुरझाये हुए फूलों की क़सम इस देश में फिर ना आयेंगे । मालिक ने बुलाया भी हमको, हम राहों में खो जाएंगे' । उस दौर के बाद ये गीत आज तक सुनने को नहीं मिला । अगर किसी के पास उपलब्‍ध हो तो हमारी विकलता को कम कीजिए भाई ।

ख़ैर उन्‍हीं दिनों हमने अपने जेबख़र्च के पैसों को जमा कर करके कैसेट खरीदने शुरू किये थे । अकसर भोपाला आना जाना लगा रहता था । एक दिन भोपाल में लॉयल बुक डिपो की ख़ाक छान रहे थे कि नज़दीक कहीं किसी कैसेट शॉप में घुस गये । और आधे पौने घंटे में एक कैसेट हाथ लगा । जिसमें मेहदी हसन के फिल्‍मी गीत थे । पाकिस्‍तानी फिल्‍मों के गीत । ओह, मन मांगी मुराद पूरी हुई । वरना होता ये था कि या तो पाकिस्‍तानी रेडियो स्‍टेशनों का सहारा था या फिर ऑल इंडिया रेडियो की उर्दू सर्विस का ग़ज़लों का प्रोग्राम । वो तो भला हो सहपाठी श्रवण हलवे का । जिसने पहली बार मुझे मेहदी हसन का एक कैसेट उधार दिया और शायद हमने उसकी कॉपी करवा ली । फिर तो हर शाम बस यही तरंगें गूंजा करतीं--'गुलों में रंग भरे, बादए नौबहार चले, चले भी आओ के गुलशन का कारोबार चले' । राजकमल पेपरबैक्‍स की उर्दू शायरी वाली देवनागरी पुस्‍तकों में नीचे दिये गये मायने हमारी उर्दू को सुधारा करते । बहुत ही भारी भरकम उर्दू शब्‍दों के अर्थ पूछे जाते । ग़ज़लों को समझने की कोशिश की जाती ।

'नक्‍श फरियादी है किसकी शोख़ीए तहरीर का ।

काग़ज़ी है पैरहन हर पैकरे तस्‍वीर का ।'

बाप रे । इससे तो अच्‍छा था कि ट्रिग्‍नॉमेट्री के कठिन समीकरण समझ लिये जाएं या फिर न्‍यूक्लियर फिजिक्‍स घोंट ली जाए । पैकरे तस्‍वीर, तहरीर, पैरहन । सबके अर्थ खोजते और जोड़ते तो बात नहीं बनती । उन दिनों सबसे ज्‍यादा दिक्‍कत ग़ालिब को समझने में ही हुई । ख़ैर बात ज़रा भटक गयी । हां तो हमें मेहदी हसन की आवाज़ से मुहब्‍बत हो गयी थी । उनके आगे उस दौर में छाए हुए पंकज उधास भी कुंए से पानी खींचते नज़र आते थे । मतलब ये कि हमारे लिए ग़ज़ल की दुनिया मेहदी हसन से शुरू होकर उन्‍हीं पर ख़त्‍म हो जाती थी । ऐसे में उनके पाकिस्‍तानी फिल्‍मों के गाने हमारे लिए एक नियामत की तरह थे । आज मैं आपको उसी दौर में पहली बार सुना एक गीत सुनवा रहा हूं रेडियोवाणी के मंच से । ये गीत नैतिक शिक्षा के पाठ की तरह है । यूं लगता है मानो कोई बूढ बुजुर्ग अपने चांदी जैसे बालों और फकीराना तबियत की धुन में गाये जा रहा है और शरारती बच्‍चों की टोली अचानक विस्‍मय से उसे सुन रही है । मैंने ज्‍यादा मशक्‍कत नहीं की ये जानने की कि इसे लिखा किसने है । पर ज़रा सुनिए तो इस गाने को और फिर कहिए कि कैसा जादू है इस गाने में । मेहदी हसन के शैदाई अपने हाथ उठाएं । हमें गिनती करनी है । ये रहे इस गाने के बोल:

अच्‍छी बात कहो अच्‍छी बात सुनो, अच्‍छाई करो, ऐसे जियो

चाहे ये दुनिया बुराई करे, तुम ना बुराई करो ।

अच्‍छी बात कहो ।।

दुख जो औरों के लेते हैं, मरके भी जिंदा रहते हैं ।

आ नहीं सकतीं उस पे बलाएं, लेता है जो सबकी दुआएं

अपने हों या बेगाने हों सबसे भलाई करो ।।

अच्‍छी बात कहो ।।

चीज़ बुरी होती है लड़ाई, होता है अंजाम तबाही

प्‍यार से तुम सबको अपना लो, दुश्‍मन को भी दोस्‍त बना लो

भटके हुए इंसानों की तुम राहनुमाई करो ।

अच्‍छी बात कहो ।। 

READ MORE...
Blog Widget by LinkWithin
.

  © Blogger templates Psi by Ourblogtemplates.com 2008 यूनुस ख़ान द्वारा संशोधित और परिवर्तित

Back to TOP