संगीत का कोई मज़हब, कोई ज़बान नहीं होती। 'रेडियोवाणी' ब्लॉग है लोकप्रियता से इतर कुछ अनमोल, बेमिसाल रचनाओं पर बातें करने का। बीते नौ बरस से जारी है 'रेडियोवाणी' का सफर।
Showing posts with label chand parosa hai. Show all posts
Showing posts with label chand parosa hai. Show all posts

Sunday, January 3, 2010

मैं अकेला हूं धुंध में 'पंचम' : गुलज़ार, भूपिंदर और 'चांद परोसा है'


कल यानी चार जनवरी को 'पंचम' की याद का दिन होता है । पंचम : आर.डी.बर्मन । 'पंचम' को गए सोलह बरस हो गए पर सोलह पल भी ऐसा नहीं लगा कि वो हमसे दूर हैं । दरअसल  इस दौरान रोज़ाना पंचम के गाने कैसेट्स, कंपेक्‍ट डिस्‍क, आइ पॉड्स और एफ.एम.स्‍टेशनों पर लगातार बजते रहे हैं । इन गानों की शक्‍ल में पंचम लगातार हमारे बीच मौजूद रहे हैं । पंचम ने भारतीय सिनेमा को एक नई 'ध्‍वनि' प्रदान की थी । पंचम शीतल-पेय की बोतलों, कांच की ख़ाली कटोरियों और गिलासों, रसोई के बर्तनों, लकड़ी के टुकड़ों वग़ैरह सबमें से संगीत खोज निकलाते थे । (पंचम के एक्‍स्‍पेरिमेन्‍ट्स के बारे में पढिये रेडियोवाणी के दूसरे पन्‍ने पर यहां )

पंचम एक अन्‍वेषक-संगीतकार थे । और यही वजह है कि कई बार वो इतने एक्‍सपेरीमेन्‍टल हो गए कि ज़माने ने उस वक्‍त उनकी कुछ रचनाओं को एकदम से नकार दिया । हालांकि उनके जाने के बाद अब हमें उनकी धुनों के नए चेहरे और नए आयाम समझ में आ रहे हैं ।

बाक़ी कलाकारों को छोड़ दें और सिर्फ पंचम, गुलज़ार और आशा भोसले की तिकड़ी के बारे में ही सोचें तो ये सही मायनों में भारतीय सिनेमा के लिए मणि-कांचन संयोग रहा था । ऐसी क्रियेटिव, एक्‍सपेरीमेन्‍टल और दिलेर तिकड़ी सिनेमा में दूसरी नहीं हुई । पंचम की याद आती है तो गूंजता है आशा भोसले का तरंगित-स्‍वर---'रात क्रिसमस की थी, ना तेरे बस की थी ना मेरे बस की थी'  या फिर 'भीनी भीनी भोर आई ' या इससे भी आगे गुलज़ार के शब्‍दों और पंचम के सुरों की डोर थामे आशा भोसले की नायाब उड़ान 'कोई दिया जले कहीं'  ( ये सभी गीत अलबम 'दिल पड़ोसी है' के हैं ) लेकिन इतने से भला प्‍यास कहां बुझती है । हमें तो इससे आगे चाहिए --'क़तरा क़तरा‍ मिलती है', 'मेरा कुछ सामान', 'आंकी चली बांकी चली', 'आऊंगी एक दिन आज जाऊं' 'बड़ी देर से मेघा बरसा', 'बेचारा दिल क्‍या करे', 'छोटी सी कहानी से' ....ये फेहरिस्‍त इतनी लंबी है कि दिल 'अश-अश' कर उठे । dilpadosihai
और एक दिन 'पंचम' चुपचाप चल दिए ।


यूं लगा कि 'म्‍यूजिक-रूम' की बत्‍ती 'गुल' हो गयी हो थोड़ी देर के लिए । दरअसल 'पंचम' तो शीशे के उस पार निकल गए थे । जहां से उनका अक्‍स ही नज़र आ सकता था । ना तो वो सुनाई दे सकते थे और ना ही उन्‍हें छुआ जा सकता था  । गुलज़ार ने 'पंचम' की याद में एकcph1 नज़्म लिखी थी, जिसे उन्‍होंने वैसे तो कई जगह पर पढ़ा है, पर भूपिंदर-मिताली के अलबम 'चांद परोसा है' में इसका बेहद सघन और आत्‍मीय रूप सामने आया है । पहले गुलज़ार पूरी नज़्म पढ़ते हैं उसके बाद पूरी विकलता के साथ भूपिंदर इसे गाते हैं । वही भूपिंदर जो पंचम के लिए हवाईन गिटार बजाया करते थे । बीच में आशा भोसले की आवाज़ में 'वो रात बुझा दो मेरा वो सामान लौटा दो' की ध्‍वनि सुनाई पड़ती है....मानो पहाड़ों पर कोई आवाज़ गूंज रही
हो । ये गीत जब अपने चरम पर पहुंचता है
तो भूपिंदर 'मैं अकेला हूं धुंध में पंचम' को इतनी बार गुनगुनाते हैं कि दिल बैठ जाता है । इस गाने की गायकी, डिज़ाइन और मिक्सिंग सब बेहद सांद्र है । पंचम को याद करने का और 'मिस' करने का इससे अच्‍छा तरीक़ा हो ही नहीं सकता था ।
हम पंचम के चाहने वाले बहुत विकलता के साथ मिलकर कहना चाहते हैं----'मैं अकेला हूं धुंध में पंचम' ।

song- yaad hai pancham
lyrics and narration : gulzar
singer : bhupinder singh

album: chand parosa hai.
duration: 6:28  




एक और प्‍लेयर : ताकि सनद रहे ।




याद है बारिशों का दिन, पंचम


याद है जब पहाड़ी के नीचे वादी में
धुंध से झांककर निकलती हुई
रेल की पटरियां गुज़रती थीं
धुंध में ऐसे लग रहे थे हम
जैसे दो पौधे पास बैठे हों
हम बहुत देर तक वहां बैठे
उस मुसाफिर का जिक्र करते रहे
जिसको आना था पिछली शब, लेकिन  
उसकी आमद का वक्‍त टलता रहा
देर तक पटरियों पर बैठे हुए 
रेल का इंतज़ार करते रहे 
रेल आई ना उसका वक्‍त हुआ
और तुम, यूं ही दो क़दम चलकर
धुंध पर पांव रखके चल भी दिए

मैं अकेला हूं धुंध में 'पंचम' ।।


-----

अगर आप चाहते  हैं कि 'रेडियोवाणी' की पोस्ट्स आपको नियमित रूप से अपने इनबॉक्स में मिलें, तो दाहिनी तरफ 'रेडियोवाणी की नियमित खुराक' वाले बॉक्स में अपना ईमेल एड्रेस भरें और इनबॉक्स में जाकर वेरीफाई करें।

READ MORE...

Monday, July 27, 2009

यार जुलाहे : गुलज़ार की नज़्म के दो रूप ।

'रेडियोवाणी' पर मैंने पहले भी गुलज़ार, विशाल भारद्वाज और सुरेश वाडकर के अलबम 'बूढ़े पहाड़ों पर' की चर्चा की थी । लेकिन तब 'सुनवाने' की उन तकनीकों का ज्ञान नहीं था, जिनका प्रयोग अब 'रेडियोवाणी' पर अब किया जाता है । बहरहाल पिछले कुछ दिनों से भूपिंदर-मिताली और गुलज़ार का अलबम 'चांद परोसा है' सुन रहा था, इसमें मुझे एक ऐसा गीत मिला जिसे 'बूढ़े पहाड़ों पर' में शामिल किया गया है । लेकिन दोनों ही प्रस्‍तुतियों में बहुत बड़ा फ़र्क़ है । इसलिए आज 'रेडियोवाणी' पर हम एक शायर की एक ही रचना की दो प्रस्‍तुतियों से होकर गुज़रेंगे और ये भी पहचानेंगे कि जब दो कलाकार अपने अलग-अलग तरीक़े से किसी रचना को गाते हैं तो उसका रूप कैसे बदल जाता है ।

'बूढ़े पहाड़ों पर' हमारे कॉलेज के दिनों का अलबम है, और कैसेट की शक्‍ल में अभी-भी हमारे संग्रह का हिस्‍सा है । अपनी बनावट और रचनात्‍मकता में ये अलबम उन बहुत थोड़े नॉन-फिल्‍म-अलबमों की लिस्‍ट का हिस्‍सा बनता है, जो एकदम संपूर्ण हैं । जिनमें कोई भी कोर-कसर बाक़ी नहीं रखी गयी है । सुरेश वाडकर का गाया ये गीत सुनिए, जिसमें विशाल भारद्वाज ने इस बात का ख्‍याल रखा है कि जज़्बात एकदम से तरल ना हो जाएं । उनका गाढ़ापन बचा रहे ।    
album:Boodhe pahadon par
song: Yaar julahe.
singer:Suresh Wadkar
lyrics:Gulzar.




यार जुलाहे यार जुलाहे
मुझको भी तरकीब सिखा कोई
अकसर तुझको देखा है कि ताना बुनते
जब कोई तागा टूट गया तो और सिरा कोई जोड़के उसमें
आगे बुनने लगते हो
तेरे इस ताने में लेकिन एक भी गांठ भी रहे बुनकर की
देख नहीं सकता है कोई
..............................................................................
(यहां आकर गाने की गति बदल जाती है और गाना बेहद मार्मिक हो जाता है )
मैंने तो एक बार बुना था एक ही रिश्‍ता
लेकिन उसकी सारी गिरहें साफ़ नज़र आती हैं यार ।


यही गीत जब 'चांद परोसा है' में भूपिंदर गाते हैं तो पूरी आधुनिकता के साथ गाते हैं । भूपी ने इस गाने को थोड़ा 'लाउड' रखा है । 

 
album: Chand parosa hai.
singer: Bhupinder singh.
lyrics:Gulzar.




मुझको भी हां, मुझको भी हां, मुझको भी तरकीब सिखा दे यार
मेरे यार जुलाहे
अकसर तुझको देखा है कि ताना बुनते
जब कोई तागा टूट गया या खत्‍म हुआ


फिर से बांध के, और सिरा कोई जोड़के उसमें
आगे बुनने लगते हो ।
तेरे उस ताने में लेकिन
एक भी गांठ भी रहे बुनकर की
देख नहीं सकता है कोई ।
......................................................................
(यहां भूपिंदर भी अपने स्‍वर को उदास कर देते हैं, पर इन पंक्तियों के बाद गाना फिर से अपनी 'मस्‍ती' पर पहुंच जाता है ।)
मैंने तो एक बार बुना था एक ही रिश्ता
लेकिन उसकी सारी गिरहें साफ़ नज़र आती हैं ।

मुझे तो ये दोनों संस्‍करण दिलचस्‍प लगते हैं । चूंकि सुरेश वाडकर वाला गीत एक अरसे से सुनते आ रहे हैं इसलिए उससे ज्‍यादा अनुराग हो गया है । वैसे आपको बता दें कि 'बूढ़े पहाड़ों पर' आप यहां सुन भी सकते हैं और प्राप्‍त भी कर सकते हैं । ये याद रखिएगा कि यहां इस अलबम की टैगिंग ग़लत की गयी है । दरअसल ये सुरेश वाडकर, गुलज़ार और विशाल भारद्वाज का अलबम है । ना कि जगजीत सिंह का ।

READ MORE...
Blog Widget by LinkWithin
.

  © Blogger templates Psi by Ourblogtemplates.com 2008 यूनुस ख़ान द्वारा संशोधित और परिवर्तित

Back to TOP