संगीत का कोई मज़हब, कोई ज़बान नहीं होती। 'रेडियोवाणी' ब्लॉग है लोकप्रियता से इतर कुछ अनमोल, बेमिसाल रचनाओं पर बातें करने का। बीते नौ बरस से जारी है 'रेडियोवाणी' का सफर।
Showing posts with label suraiya. Show all posts
Showing posts with label suraiya. Show all posts

Sunday, May 30, 2010

मंज़ूर सेठ, सुरैया, नूरजहां और वो पुरानी हवेली।।



रेडियोवाणी पर अमूमन हम एक गाना सुनवाते हैं और बातें उससे जुड़ी होती हैं। ये पोस्‍ट हमारे रोज़मर्रा के सांचे से अलग है। यहां बीते वक्‍त का एक मार्मिक किस्‍सा है, जिसमें समाए हैं कुछ गाने। सोचा ये था कि बिना गानों वाली पोस्‍ट होगी पर आखिर में हम एक गाना सुनवाने का मोह-संवरण नहीं कर सके हैं।
--
यूनुस ख़ान




अनवर ख़ां मेहबूब कंपनी। जबलपुर के बीड़ी के बेहद कामयाब व्‍यापारी। एक शानदार और सुनहर वक्‍त देखा है इस परिवार ने। शानदार हवेलियां। शिकार पर जाना। मुंबई फिल्‍म-जगत की कुछ नामचीन हस्तियों की मेज़बानी। देश-भर में फैला लंबा-चौड़ा कारोबार। शौकीन ख़ानदान था ये।


वक्‍त बीतता चला गया और ख़ानदानी शानो-शौकत धीरे-धीरे फीकी पड़ती चली गई। अगली पीढियों ने ख़ानदान की विरासत को ना तो आगे बढ़ाया और ना ही संभाला-संजोया। हवेलियों को बेचने और किराए पर देने के दिन आ गए। पुरानी पीढियां बदलाव के सामने ख़ुद को बेबस पाकर भीतर ही भीतर घुटती रहीं। ऐसे ही दौर में हम जबलपुर पहुंचे थे। पापा को डिपार्टमेन्‍ट की ओर से घर मिलने में देर थी। किसी कनेक्‍शन के ज़रिए हमें अनवर ख़ां मेहबूब कंपनी की एक हवेली की ऊपरी मंजिल किराए पर मिल गई। इस ख़ानदान को क़रीब से तभी देखा।

मुस्लिमों की हवेलियां एक ख़ास तरह की होती हैं। सफेद रंग, मुग़लिया-शैली की मेहराबें। बड़े-बड़े आईने। मुहल्‍लों का पुरानापन। कबूतरों का डेरा। दीवारों की दरारों में पैर पसारता पीपल। पारिवारिक-मतभेदों की वजह से तालाबंद दरवाज़े। हवेलियों का विभाजित हो जाना। गैरेज में कवर के भीतर छिपी पुराने ज़माने की एंटीक ‘कार’। मोटर-सायकिलें। सुस्‍त और उनींदे नौकर। इस ताम-झाम के बीच रहते हैं मंज़ूर सेठ। उम्र बढ़ गयी, तकरीबन पैंसठ-सत्‍तर मोहर्रम आंखों के सामने बीत गए। पर ये पुराने-वक्‍तों में ठहरे हुए हैं। दुष्‍यंत कुमार ने
कहा है ना—
एक बूढ़ा आदमी है मुल्क़ में या यों कहो
इस अँधेरी कोठरी में एक रौशनदान है।

मंज़ूर सेठ ऐसे ही रोशनदान हैं, जिनकी इस घर को ज़रूरत ना रही। पीढियां बदल गयीं। ख़ानदान के स्‍कूली बच्‍चे नए फैशन, घूमना और प्‍यार-मुहब्‍बत के चक्‍करों में मगन हो चुके हैं। बिज़नेस सिमट गया है और उसकी परवाह ना बड़ों को है ना बच्‍चों को। पुरानी हवेलियों के किराए से गुज़र-बसर ही नहीं बल्कि ऐश हो रहे हैं।

ऐसे ही बदलाव भरे दिनों में हम वहां रहने पहुंचे और ठीक इसी बीच मैं विविध-भारती में ज्‍वाइन करने आ गया। लौटा तो मंज़ूर सेठ को लगा कि मैं वो बंदा हूं जिससे वो बात कर सकते हैं। साफ़ और सीधी बात कहूं तो उन्‍हें लगा कि मैं ही वो बंदा हूं जो ‘शायद’ उनकी बातें सुन और समझ सकता है। बुलावा भेजा गया। हैरत हुई। क्‍योंकि मेरा उनसे ‘दुआ-सलाम’ वाला औपचारिक-सा ही रिश्‍ता था।

  
बहरहाल...मंज़ूर भाई ने बंबई का जिक्र फ़ौरन छेड़ा। कहने लगे कि एक ज़माने में उनका आना जाना था बंबई में। पृथ्‍वीराज कपूर से परिचय था। वो इस हवेली में आ चुके हैं। तब जब जबलपुर वो अपना नाटक लेकर आए थे। उन्‍हीं ने बताया कि राज (कपूर) की शादी भी जबलपुर की लड़की (कृष्‍णा मल्‍होत्रा) से हुई थी। पृथ्‍वीराज कपूर से उन्‍होंने कहा था कि हमारे साथ शिकार पर चलो। 

मंज़ूर सेठ बता रहे हैं--'बेटा एक वक्‍त हमारा भी था। बड़े शौक़ थे हमारे। गाडियों के। फिल्‍मों के। और जबलपुर में पहला ग्रामोफोन भी हमारे यहां ही आया था। जिस पर हम नूरजहां, सुरैया और पुराने गवैयों के गाने सुनते थे। विदेश से लाए गए और इस वक्‍त ख़राब पड़े फ़ानूस के ठीक नीचे हम बैठे हैं। टीक-की काले रंग की पुरानी गोल-मेज़, जिसे मंज़ूर सेठ बजा रहे हैं और यूं बजा रहे हैं जैसे डफ़ बज रहा हो। मंज़ूर सेठ का बुढ़ापे से लाचार गला, उखड़ती सांसें और विकल आवाज़---वो बता रहे हैं कि सन छियालीस में बंटवारे से पहले आई फिल्‍म का गाना सुना रहा हूं बेटा। तुम्‍हारे वालिद भी तब पैदा नहीं हुए होंगे। 'आवाज़ दे कहां है--दुनिया मेरी जवां है'। किस्‍मत पे छा रही है क्‍यूं रात की सियाही/ वीरान है मेरी नींदें तारों से ले गवाही/ बरबाद मैं यहां हूं आबाद तू कहां है/ दुनिया मेरी जवां है / बरबाद मैं यहां हूं/ आबाद तू कहां है/ बेदर्द आसमां है / दुनिया मेरी जवां है.......'

मैं देख रहा हूं कि गाते-गाते अचानक मंज़ूर सेठ का गला रूंध जाता है...आवाज़ नहीं निकलती और आंखों भीग-भीग जा रही हैं। पर उनके दिल में इतना ग़ुबार है कि वो सारा निकाल देनाsuraiya-wallpaper चाहते हैं। वो बता रहे हैं कि नूरजहां और सुरैया जैसी ख़ूबसूरत गवैया आगे चलकर कोई नहीं हुईं। उन्‍हें सुरैया की ख़ूबसूरती बेमिसाल लगती है। जैसे आसमान से उतर आई कोई परी। वो कह रहे हैं कि ऊपर वाला ख़ूबसूरत आवाज़ और ख़ूबसूरत जिस्‍म एक साथ सभी को नहीं देता। बहुत नसीब वालों को देता है। उन्‍हें नूरजहां का एक और गाना याद आ गया है। कह रहे हैं कि ये 'गांव की गोरी' फिल्‍म का गाना है। मैं कहता हूं कि ये फिल्‍म 'विलेज गर्ल' के नाम से ज़्यादा मशहूर है। वो बोल याद करते हैं और टेबल पर थाप देते हुए गा रहे हैं---'किस तरह भूलेगा दिल/ उनका ख्‍याल आया हुआ/ जा नहीं सकता अभी/ शीशे में बाल आया हुआ/ ओ घटा काली घटा.... अबके बरस तू ना बरस/ मेरे प्रीतम को अभी परदेस है भाया हुआ......।' मंज़ूर सेठ को सब याद है। ये सन पैंतालीस में आया गाना है।   

जाने क्‍या हुआ है। मंज़ूर सेठ की आंखों में धुंआ-सा छा गया है। उनका गला रूंध गया है। वो हांफ रहे हैं। पुराने यादें इस पुरानी हवेली में जुगनू-सी चमक रही हैं। वो ज्‍यादा से ज्‍यादा गाने सुना देना चाहते हैं। वो ये जताना चाहते हैं कि उनकी जिंदगी सिर्फ कारोबार में नहीं बीती, उन्‍होंने अच्‍छे गानों का बक़ायदा लुत्‍फ़ लिया है। वो अपनी उम्र के दूसरे बूढ़ों से थोड़े-अलग हैं। कमरे में ज़ाफरान की गहरी ख़ुश्‍बू फैली है। ख़ूब मेवों से लदे ज़ाफ़रानी-चावल(ज़र्दा) परोसा गया है। उससे भी ज़्यादा गहरी है मंज़ूर सेठ की यादों की ख़ुश्‍बू। वो फिल्‍म 'शमा' की याद दिलाते हैं। 'खिलाओ फूल किसी के, किसी चमन में रहो/ जो दिल की राह से गुज़री है वो बहार हो तुम/ धड़कते दिल की तमन्‍ना हो मेरा प्‍यार हो तुम, मुझे क़रार नहीं कि बेक़रार हो तुम...।' वो बता रहे हैं कि इस गाने में निम्‍मी कितनी ख़ूबसूरत लगी हैं।

सुरैया की आवाज़ को लेकर मंज़ूर सेठ क़सीदे काढ़ रहे हैं। सुरैया की तारीफ़ के अलफ़ाज़ ख़त्‍म नहीं होते उनके पास। उन्‍हें अफ़सोस है कि बेचारी सुरैया को जिंदगी भर अकेले रहना पड़ा है। (तब तक सुरैया हयात हैं....और अख़बारों में उनकी कोई ख़बर नहीं आती है, ना ही उर्दू फिल्‍म मैग्‍ज़ीन उनका जिक्र करती हैं) मंज़ूर सेठ को सुरैया का सन 1947 का गाना याद आ गया है। इसलिए क्‍योंकि इस साल मुल्‍क का बंटवारा हुआ। और जबलपुर ख़ून में रंग गया। कारोबार ठप्‍प हो गया था। इस साल 'दर्द' का दर्द-भरा गाना आया था। सुना है तुमने। फिर टेबल बज रही है। 'चले दिल की दुनिया को बरबाद करके/ बहुत रोएंगे हम तो तुम्‍हें याद करके....'

मंज़ूर सेठ उस दौर की तारीफ़ करते नहीं थकते। इस दौरान कई नात और मनक़बत की लाइनें और कुछ शेर भी सुनाए जा चुके हैं। ग़ालिब से लेकर मीर तक का जिक्र हो चुका है। और रेडियो के बारे में मुझसे कौतुहल भरे सवाल पूछे जा चुके हैं। मंज़ूर सेठ का गाना ज़ारी है। उनका कहना है कि उनके ख़रीदे सारे रिकॉर्ड किसी कोठरी में बंद कर दिए गए हैं। ग्रामोफोन की सुई टूट गयी थी, पहले तो मिलती रही, अब कहीं नहीं मिलती। इसलिए उसे कमरे में कोने में सजा दिया गया है। कभी-कभार उस पर जमी धूल साफ कर ली जाती है। पुराने बाजे पर रेडियो सीलोन बजता है। वहां से या तुम्‍हारी विविध-भारती से गाने सुन लेते हैं। पर नाती-पोते कहते हैं ये क्‍या लगा रखा है। बंद करवा देते हैं।

मंज़ूर सेठ कहते हैं कुछ भी कहो पुराने गानों की बात ही अलग है। वो भी नूरजहां और सुरैया के। उनका कहना है कि अगर बंटवारे के बाद नूरजहां सरहद पार नहीं जाती...तो 'सबकी' छुट्टी कर देती। मुझे इस 'सबकी' के मायने फौरन समझ में आ गए हैं। मंज़ूर सेठ के ज़ेहन में सुरैया की तस्‍वीरें तैर रही हैं। रात बहुत हो चुकी है। मैं अपने घर लौट रहा हूं। मंज़ूर सेठ कहते हैं तुम जाओ। अभी हम थोड़ी देर और गायेंगे। मैं सीढियां चढ़ रहा हूं। ऊपर की मंजिल पर ही तो हमारा घर है। एक विकल आवाज़ मेरा पीछा करती है----'तेरा ख़्याल दिल से...भुलाया ना जायेगा/ उल्‍फत की जिंदगी को मिटाया ना जायेगा।'

मैं समझ नहीं पा रहा हूं कि ये कोई फिल्‍मी-सिचुएशन है या असली जिंदगी। कुछ साल बीते। हमारा परिवार वहां से अपने नए ठिकाने पर चला गया। नई बस्‍ती का हमारा ये अपना घर मंज़ूर सेठ की दुनिया से बहुत दूर है। एक बार मंज़ूर सेठ की खोज-ख़बर ली। पता चला..वो तो कब के अल्‍लाह को प्‍यार हो गये। उनकी बसाई दुनिया अब भी उजड़ रही है। हवेलियों की दीवारों पर काई जमी है। उनके आंगनों में बच्‍चे गर्मियों की दोपहर में क्रिकेट खेलते हैं। उन्‍हीं की एक हवेली में 'बर्फ' बनती है। 'आईस-फैक्‍ट्री' बना दी गयी है। पुराना ज़माना और पुरानी शानो-शौक़त पर अब बर्फ जमाई जाती है। हमारे दिल कितने 'ठंडे' हो गये हैं। इनमें जज़्बात की गरमी नहीं रही। 


song: tera khayal dil se
singer: suraiya
year: 1949
lyrics: shakeel
music: naushad
duration: 3.03




एक और प्‍लेयर ताकि सनद रहे।






डाउनलोड लिंक

उल्‍फ़त की जिंदगी को मिटाया ना जायेगा
मजबूरियों ने छीन मुझसे अगर ज़बां
आंसू कहेंगे दिल के उजड़ने की दास्‍तां
आंखों से हाल दिल का छिपाया ना जायेगा
उल्‍फत की जिंदगी को मिटाया ना जायेगा।।
लूटो ना दुनिया वालो, मेरे दिल की तुम ख़ुशी
अच्‍छी नहीं है हाय, ग़रीबों से दिल्‍ल्‍लगी
ये घर उजड़ गया तो बसाया ना जायेगा
उल्‍फत की जिंदगी को मिटाया ना जायेगा।।


-----
अगर आप चाहते  हैं कि 'रेडियोवाणी' की पोस्ट्स आपको नियमित रूप से अपने इनबॉक्स में मिलें, तो दाहिनी तरफ 'रेडियोवाणी की नियमित खुराक' वाले बॉक्स में अपना ईमेल एड्रेस भरें और इनबॉक्स में जाकर वेरीफाई करें।

READ MORE...
Blog Widget by LinkWithin
.

  © Blogger templates Psi by Ourblogtemplates.com 2008 यूनुस ख़ान द्वारा संशोधित और परिवर्तित

Back to TOP