संगीत का कोई मज़हब, कोई ज़बान नहीं होती। 'रेडियोवाणी' ब्लॉग है लोकप्रियता से इतर कुछ अनमोल, बेमिसाल रचनाओं पर बातें करने का। बीते नौ बरस से जारी है 'रेडियोवाणी' का सफर।
ध्वनि-तरंगों की ताल पर
विविध-भारती पर मुझे सुनिए:
वंदनवार:रविवार सुबह 6-05 त्रिवेणी: रविवार सुबह 7-45 छायागीत: रविवार रात 10-00 जिज्ञासा- शनिवार शाम 7-45 और रविवार सुबह 9-15
होली मुझे बेहद तरंगित और ललित पर्व लगता है । मुझे लगता है कि आधुनिक-जीवन के तनावों और दबावों से निपटने के लिए होली एक 'स्ट्रेस-बस्टर' की तरह है । जिसमें हम अपने भीतर जमा हो चुके 'संत्रास' को मौज-मस्ती के माध्यम से बाहर निकालकर बहुत हल्के हो जाते हैं । उम्मीद है कि आपकी ये होली ऐसी ही होगी । होली के इस मौक़े पर पंडित छन्नूलाल मिश्रा को सुनना अपने आप में एक दिव्य-अनुभव होता है । हालांकि आपको लग सकता है कि होली के इस शुभ मौक़े पर ये होली थोड़ी-सी अजीब और थोड़ी-सी भयानक है, जो भी है ये अपने आप में एक अद्भुत-होली है । कुल मिलाकर ये छह मिनिट अड़तालीस सेकेन्ड की रचना है । जो आपको एक पूरे जीवन-काल का आनंद देगी । बतलाईये आपकी होली कैसी है और छन्नूलाल जी को सुनना कैसा अनुभव रहा आपके लिए ।
खेलैं मसाने में होरी दिगंबर खेले मसाने में होरी । भूत पिसाच बटोरी, दिगंबर खेले मसाने में होरी ।। लखि सुंदर फागुनी छटा के, मन से रंग-गुलाल हटा के चिता-भस्म भर झोरी, दिगंबर खेले मसाने में होरी ।। गोपन-गोपी श्याम न राधा, ना कोई रोक ना कौनऊ बाधा ना साजन ना गोरी, दिगंबर खेले मसाने में होरी ।। नाचत गावत डमरूधारी, छोड़ै सर्प-गरल पिचकारी पीतैं प्रेत-धकोरी दिगंबर खेले मसाने में होरी ।। भूतनाथ की मंगल-होरी, देखि सिहाएं बिरिज कै गोरी धन-धन नाथ अघोरी दिगंबर खेलैं मसाने में होरी ।।