सांझ ढले गगन तले- कवि वसंत देव की याद.
हिंदी-सिनेमा में सबसे कम 'क्रेडिट' अगर किसी कलाकार को मिलता है तो वो गीतकार ही हैं। सन 1984 में जब गिरीश कार्नाड के निर्देशन में फिल्म 'उत्सव' आई तो सारी प्रशंसा ख़ुद निर्देशक ले गए या रेखा और थोड़ी बहुत शेखर सुमन। हां निर्माता शशि कपूर के हिस्से में भी थोड़ी प्रशंसा तो आई ही। पर सबसे कम ध्यान अगर किसी का गया तो वो इस फिल्म के गीतकार वसंत देव पर।
मैं खोजने चला तो मुझे ना तो वसंत देव का ठीक-ठाक प्रोफाइल मिला और ना ही उनकी कोई तस्वीर मिली। हां ये ज़रूर पता चला कि श्याम बेनेगल के प्रसिद्ध धारावाहिक 'भारत एक खोज' के लिए ऋग्वेद के दशम मंडल के नासदीय सूक्त का हिंदी रूप उन्होंने तैयार किया था--'सृष्टि से पहले सत नहीं था'। इसे आप यहां सुन सकते हैं। वसंत देव अन्य प्रमुख गीतों की सूची--
अंधियारा गहराया सूनापन घिर आया-- फिल्म 'सारांश'
हर घड़ी ढल रही शाम है जिंदगी-- फिल्म 'सारांश'
कान्हा रे पीर सही ना जाए--फिल्म 'आक्रोश'
मन आनंद आनंद छायो--फिल्म 'विजेता'
बहरहाल...'उत्सव' का ये गाना इतना ललित और अद्भुत है कि जब भी सुनें ये देर तक ज़ेहन में गूंजता रहता है। आज भी इस गीत को खोजा और सुना जाता है। नई पीढ़ी के बच्चे अगर इस गीत में इस्तेमाल किये गये शब्दों के अर्थ खोजते और पूछते हैं तो ये अच्छी बात है।
इस गाने को सुनने से पहले कुछ दिलचस्प तथ्य--
-फिल्म 'उत्सव' भास के नाटक 'चारूदत्त' पर आधारित थी। जिस पर छठी सदी में शूद्रक ने अपना नाटक 'मृच्छकटिकम्' लिखा था।
-इस फिल्म के संवाद हिंदी के प्रसिद्ध व्यंग्यकार शरद जोशी ने लिखे थे।
-फिल्म में लता मंगेशकर और आशा भोसले ने एक युगल गीत गाया था--'मन क्यों बहका आधी रात को'।
-'उत्सव' के गाने 'मेरे मन बाजे मृदंग' के लिए अनुराधा पौड़वाल को 1985 का फिल्मफेयर पुरस्कार मिला था।
song: saanjh dhale gagan tale
singer: suresh wadkar
lyrics: vasant dev
music: laxmikant pyarelal
duration: 4:54
सांझ ढले गगन तले हम कितने एकाकी
छोड़ चले नयनों को किरणों के पाखी
पाती की जाली से झांक रही थीं कलियां
गंध भरी गुनगुन में मगन हुई थीं कलियां
इतने में तिमिर धंसा सपनीले नयनों में
कलियों के आंसू का कोई नहीं साथी
छोड़ चले नयनों को किरणों के पाखी
सांझ ढले।।
जुगनू का पट ओढ़े आयेगी रात अभी
निशिगंधा के सुर में कह देगी बात सभी
कांपता है मन जैसे डाली अंबुआ की
छोड़ चले नयनों को किरणों के पाखी
सांझ ढले।
यू-ट्यूब पर यहां देखिए।
-----
अगर आप चाहते हैं कि 'रेडियोवाणी' की पोस्ट्स आपको नियमित रूप से अपने इनबॉक्स में मिलें, तो दाहिनी तरफ 'रेडियोवाणी की नियमित खुराक' वाले बॉक्स में अपना ईमेल एड्रेस भरें और इनबॉक्स में जाकर वेरीफाई करें।



