संगीत का कोई मज़हब, कोई ज़बान नहीं होती। 'रेडियोवाणी' ब्लॉग है लोकप्रियता से इतर कुछ अनमोल, बेमिसाल रचनाओं पर बातें करने का। बीते नौ बरस से जारी है 'रेडियोवाणी' का सफर।
Showing posts with label instrumental. Show all posts
Showing posts with label instrumental. Show all posts

Tuesday, March 30, 2010

संगीत की तरंगित बातें और एक instrumental पहेली-2







फिल्‍म-संगीत का संसार सचमुच बड़ा ही निराला है । इस सागर में जितना गहरा ग़ोता लगाएं उतने ही अनमोल मोती सामने आते हैं । आप किसी भी गाने को कई स्‍तरों पर सुनते हैं । गाना अपने बोलों ज़रिए आपके जज्‍़बात जगा देता है । गाने वाले की आवाज़ दिल पर गहरा असर करती है । फिर संगीत पर भी आपका ध्‍यान जाता है....कुछ लोगों का ध्‍यान तो जाता है और जाना भी चाहिए । यहां संगीत का मतलब सिर्फ गाने की धुन या गाने के बीच बज रहे वाद्य नहीं हैं । बल्कि ये तो एक अलग ही दुनिया है । हमारे पियूष मेहता जैसे कुछ लोग ऐसे हैं--जो इसी दुनिया में खोए हुए हैं ।

किस गाने में कौन-सा वाद्य बजा, किसने बजाया, बजाने वाले व्‍यक्ति ने किन-किन फिल्‍मों में किन-किन संगीतकारों के साथ और किस-किस गाने में क्‍या-क्‍या बजाया । इसका कोई ख़ास लिखित ब्‍यौरा नहीं मिलता । हां कुछ कहानियां, कुछ किस्‍से और कुछ मिथक हैं जो चले आ रहे हैं । और एक समुदाय है जो इन्‍हें खोजता और जिंदा रखता है ।
music-instruments
दरअसल फिल्‍म-संसार में ऐसे कई साजिंदे और अरेन्‍जर रहे हैं जिन्‍हें unsung heroes कहा जा सकता है । क्‍योंकि गाने तो हम सभी सुनते हैं पर इन लोगों के बारे में सबको पता नहीं होता, ना ही सबका ध्‍यान इस बात पर जाता है । मनोहारी सिंह, मिलन गुप्‍ता, ब्लास्को मॉन्सोरेट, फ़्रैन्को वाज़, होमी मुल्लां, रन्जीत गज़मर,  सुरेश यादव, केरसी लॉर्ड, इनॉक डैनियल्‍स, बासु चक्रवर्ती, किशोर देसाई, दत्‍ता नाईक,  भानु गुप्ता, किशोर सोढा, श्यामराज, रमेश अय्यर, सुनील कौशिक , प्रदीप्तो सेनगुप्ता, नूर सज्‍जाद...उफ़ कितनी लंबी फेहरिस्‍त है उन लोगों की जिन्‍हें दुनिया 'साजिन्‍दे' कहती है । फिल्‍म-संगीत-जगत में इनमें से कुछ 'अरेन्‍जर' भी रहे हैं । पर एक गाने की रचना में इनका योगदान ग़ज़ब का होता है । लेकिन ज्‍यादातर 'अनकहा', 'अनुसुना', 'अनजाना'  ही रह गया है ।

इसलिए हमने समय-समय पर 'रेडियोवाणी' पर ये मुद्दा उठाया है । आज जो पहेली आपके सामने रखी जा रही है, उसके ज़रिए सामने आने वाला है ऐसे ही एक ग़ज़ब
के instrumentalist का नाम । पहले ज़रा इस ऑडियो-क्लिप को सुन लीजिए ।





और ये रहे पहेली के सवाल--



1. गिटार को छोडिए, ये मुख्‍य-वाद्य कौन सा है ?
2. इसे किसने बजाया होगा ?
3. ये कौन-सा गाना है, फिल्‍म का नाम भी बताएं ?























इस पहेली को हम दो दिन के लिए टांग रहे हैं ।












गुरूवार को इसका जवाब दे दिया जाएगा ।
और अब सबसे मुख्‍य-बात । ये पहेली हमारे मित्र 'डाक-साब' के सौजन्‍य से ।
ये भी बता दें कि हम इस पहेली से उनके हाथों चारों ख़ाने चित्‍त हो चुके हैं ।
वैसे रेडियोवाणी पर संगीत की तरंगित बातों और इंस्‍ट्रूमेन्‍टल पहेली का अनियमित सिलसिला आगे भी जारी रहेगा ।


-----
अगर आप चाहते  हैं कि 'रेडियोवाणी' की पोस्ट्स आपको नियमित रूप से अपने इनबॉक्स में मिलें, तो दाहिनी तरफ 'रेडियोवाणी की नियमित खुराक' वाले बॉक्स में अपना ईमेल एड्रेस भरें और इनबॉक्स में जाकर वेरीफाई करें।





READ MORE...

Saturday, August 29, 2009

संगीत की तरंगित बातें और एक instrumental पहेली

एक बार विविध-भारती पर संगीतकार ख़ैयाम ने कहा था कि संगीत एक इबादत है जिसे लोग भूलते जा रहे हैं ।



अब आप बताईये कि सही कहा था या ग़लत । आज की इस पोस्‍ट का ख़ैयाम साहब की इस बात से कोई ख़ास लेना-देना नहीं है । आज तो हम अपने मन की
'तरंग' में हैं । लेकिन चूंकि 'तरंग' पर हम संगीत नहीं चढ़ाते इसलिए अपने मन की ये तरंग यहां ठेले दे रहे हैं । जीवन में इत्‍ता सारा संगीत सुन लो कि दिमाग़ में बस 'सारेगामा' ठुंसा पड़ा रहे, तो यही होता है । फिल्‍मी-संगीत सुनो, इल्‍मी  सुनो, पॉप सुनो, रॉक सुनो, रैप सुनो, फिर चलो 'लेटिन अमरीका' और ज़रा वहां की तरंगों में झूम लो । फिर बुंदेलखंड में 'खुरई' पहुंच जाओ और सुनो 'मेरी बऊ हिरानी है ऐ भैया मुझे बता दैयो' । इत्‍ते में जी ना भरे तो 'दमोह' पहुंच जाओ और सुनो 'बैरन हो गयी जुन्‍हैया मैं कैसी करूं' । बुंदेलखंड से जी ऊब गओ हो तो चलो उत्‍तरप्रदेश पहुंच जाएं और गाएं--'पहिने कुरता पर पतलून आधा फागुन आधा जून' । कमी तो है नहीं लोक-संगीत की । राजस्‍थान चलें और गाएं 'डिग्‍गीपुरी के राजा' । अब चलें हरियाणा और सुनें--'तू एक राजा की राजदुलारी मैं सिर्फ लंगोटे वाला सूं । फिर महाराष्‍ट्र राज्‍य में आ जाओ और सुनो--'मी डोलकर दरयाचा राजा' । पंजाब पहुंच जाओ-'बारी बरसी खटन गयासी' पर 'बल्‍ले-बल्‍ले' कर लो ।





READ MORE...

Friday, January 16, 2009

मेंडोलिन पर वो नॉस्‍टेलजिक धुन

पिछले दिनों 'रेडियोनामा' पर सागर भाई सा ने एक पोस्‍ट लगाई थी, जिसका शीर्षक था....'एक मित्र की मदद करें' । इस पोस्‍ट में उन्‍होंने विनोद कुमार श्रीवास्‍तव जी की एक मेल का जिक्र किया था । विनोद जी का कहना था....... 

बहुत सालों पहले आल इण्डिया रेडियो पर दो कार्यक्रमों के बीच के खाली समय में एक कर्णप्रिय धुन बजायी जाती थी. वह धुन किसी तार वाद्य ( सितार, संतूर, बैंजो आदि ) पर बजायी गई थी. पुराने रेडियो श्रोताओं को उस धुन की याद जरुर होगी. वह धुन आजकल नही सुनाई पड़ती है. क्या कही से वह धुन पुनः सुनी जा सकती है? कृपया मार्गदर्शन करें.

उन दिनों हम गए हुए थे मुंबई शहर से बाहर । लौटे तो विनोद जी की एक मेल इनबॉक्‍स में प्रकट हुई । जिसमें उन्‍होंने इस धुन को बजाने का प्रयास किया था अपने यामाहा की-बोर्ड पर ।
जिस दिन सागर भाई सा की पोस्‍ट देखी थी उसी दिन ये एक पुरानी सुनी ट्यून दिमाग़ में गूंज रही थी । विनोद जी के भेजे अटैचमेन्‍ट ने उसकी तस्‍दीक कर दी । ये वही ट्यून थी...जिसे देश भर के आकाशवाणी केंद्र फिलर के तौर पर बजाते रहे हैं । और लगभग सभी जगह घिस-घिसाकर इसका मलीदा बन चुका है । पर हमने ठान ली थी कि चाहे जो हो जाए, चाहे धरती आकाश एक करना पड़े, हम इस ट्यून को खोजकर ही रहेंगे । लीजिये ये रही ट्यून । रिकॉर्ड के मुताबिक़ में‍डोलिन पर इसे जसवंत सिंह ने बजाया है ।



मुझे इस ट्यून से बचपन में कई-कई बार रेडियो के अगले कार्यक्रम के इंतज़ार के पल याद आते हैं । और मन में ये सवाल कौंधता है कि आखिर कोई वाद्य-संगीत इतना बेक़रार कैसे कर सकता है हमें । विनोद जी जिस तरह इस ट्यून के लिए अधीर और परेशान थे...वैसा कई गीतों और धुनों के लिए मैं भी रह चुका हूं, रहता हूं और रहूंगा । आपमें से बहुत लोग इस अधीरता और व्‍यग्रता को समझ सकते हैं । कितना रहस्‍मय होता है संगीत का असर । शायद आध्‍यात्‍म की सीमाओं में हस्‍तक्षेप करता हुआ ।

जसवंत सिंह के बारे में हमें कहीं कोई जानकारी नहीं मिली । हां यूट्यूब पर जो वीडियो मिला वो ये रहा । आपमें से किसी को अगर जसवंत सिंह के बारे में पता है तो कृपया रोशनी दिखाएं भई ।



इस पोस्‍ट को रेडियोनामा पर पोस्‍ट करना था । पर आज साप्‍ताहिकी का दिन है । और इस ट्यून को आज की प्रस्‍तुत किये बिना हमसे रहा नहीं जा रहा था । ये ट्यून शीघ्र ही रेडियोनामा पर साईड-बार में सहेज दी जाएगी । ताकि जब मरज़ी हो आप आराम से इसे वहां सुन सकें । बताईये, आपको कौन-सी ट्यून परेशान कर रही है ।

READ MORE...

Thursday, March 20, 2008

सेक्‍सोफोन पर मनोहारी सिंह की बजाई धुन-'हम बेवफ़ा हरगिज़ ना थे'

रेडियोवाणी पर हमने फिल्‍मी गीतों के instrumentals की एक अनियमित श्रृंखला शुरू की है । दरअसल इस श्रृंखला को शुरू करने के पीछे कहीं ना कहीं मन में मनोहारी सिंह के बारे में लिखने की तमन्‍ना छिपी थी । मनोहारी सिंह विख्‍यात म्‍यूजि़क अरेन्‍जर, संगीतकार, सेक्‍सोफोन और मेटल फ्लूट वादक हैं । मुझे उनका सेक्‍सोफोन वादक वाला रूप ज्‍यादा पसंद है । आपको बता दूं कि उनसे कई बार मुलाक़ात हो चुकी है । उनकी प्रतिभा को सलाम करते हुए एक बार उन्‍हें विविध भारती में भी बुलाया गया था और मैंने उनसे लंबी बातचीत की थी । उनकी सफ़र और उनके संघर्ष के बारे में सुना था आमने सामने बैठकर । इस दौरान मनोहारी दादा ने काफी कुछ बजाया भी था । पिछले दिनों सुनने में आया था कि मनोहारी दादा की तबियत ठीक नहीं थी । अब वे स्‍वस्‍थ हैं ।


अगर आप मनोहारी सिंह के बारे में और जानना चाहते हैं तो ज़रा अंग्रेज़ी अख़बार DNA की इस लिंक पर जाएं । और मनोहारी दादा का इंटरव्‍यू पढें photo 1। ये तस्‍वीर मैंने इसी वेबसाईट से साभार ली है । ज़रा तस्‍वीर में मौजूद लोगों को पहचानिए । मोहम्‍मद रफ़ी साहब को तो आप पहचान गये होंगे । फिर हैं फिल्‍मों में बांसुरी बजाकर मशहूर हुए सुमन राज, फिर मनोहारी सिंह और सबसे दाहिनी तरफ विख्‍यात बांसुरी वादक पंडित हरिप्रसाद चौरसिया ।


वैसे आपको बता दें कि अगर आप सेक्‍सोफोन की तरंग को पहचानते हैं तो समझ लीजिए कि हिंदी फिल्‍मी गीतों के interludes में जहां कहीं भी सेक्‍सोफोन बजता सुनाई दे, उसे मनोहारी सिंह से जोड़ लीजिए । पचास के दशक से आज तक वो सेक्‍सोफोन बजाते आ रहे हैं । अब काश्‍मीर की कली फिल्‍म का वो गीत लीजिए--'ये दुनिया उसी की ज़माना उसी का' या फिर आरज़ू फिल्‍म का 'बेदर्दी बालमा तुझको मेरा मन याद करता है' या फिर आराधना का 'रूप तेरा मस्‍ताना' सभी गानों में सेक्‍सोफोन बजाने के लिए मनोहारी दादा ने अपना जिगर फूंका है । आगे चलकर मैं अपने पॉडकास्‍ट के ज़रिए आपको मनोहारी दादा के सेक्‍सोफोन से परिचित कराऊंगा । और ज़रूर कराऊंगा । लेकिन फिलहाल कुछ बातें और फिर एक धुन ।


मनोहारी दादा के फिल्‍म संगीत जगत में जो सम्‍मान प्राप्‍त है वो विरलों को मिलता है । वे बेहद विनम्र हैं, बहुत कद्दावर शख्सियत हैं । दिलचस्‍प ये है कि आज तक लगातार वो कई स्‍टेज शो करते हैं । कुछ वर्ष पहले मन्‍नाडे के एक स्‍टेज शो के लिए जब हम पहुंचे तो पाया कि यहां संगीत की बागडोर तो अपने मनोहारी दादा संभाल रहे हैं । अगर आपको मनोहारी दादा को सेक्‍सोफोन बजाते हुए सुनना है तो यू-ट्यूब पर जाईये और ज़रा सर्च कीजिए । कई वीडियोज़ मिल जाएंगे । फिलहाल आपके लिए वो ट्यून जो मेरे लिए बहुत ख़ास है । किशोर दा के गीतों को लेकर मनोहारी दादा ने सेक्‍सोफोन पर बजाई धुनों का एक अलबम निकाला था 'मिसिंग यू' । concord नामक म्‍यूजि़क कंपनी ने इस कैसेट को रिलीज़ किया था । मेरे संग्रह में ये कैसेट सुरक्षित है । पर ये धुन मैंने जुगाड़ कर कहीं और से प्राप्‍त की है । तो आईये शालीमार फिल्‍म के इस शानदार गाने की बेमिसाल धुन से होकर गुज़रा जाए । और मुमकिन हो तो ज़रा तसल्‍ली से बैठिये । आंखें बंद कीजिए और हौले हौले इस धुन को दिल में उतरने दीजिए । आनंद दोगुना हो जाएगा । मनोहारी दादा-- हम आपके फ़न को सलाम करते हैं ।


READ MORE...

Thursday, March 13, 2008

क्‍लेरिनेट पर 'आजा रे परदेसी' : मास्‍टर इब्राहीम ।

रेडियोवाणी पर पिछली बार प्रायोगिक तौर पर हमने आपको एक गाने की धुन सुनवाई थी जिसे क्‍लेरिनेट पर बजाया था मास्‍टर इब्राहीम ने । लेकिन थोड़ी-सी ग़फ़लत हो गयी । सूरत से पियूष मेहता का संदेस आया कि इस धुन में थोड़ा पंगा है । मतलब ये कि ये क्‍लेरिनेट वाली धुन नहीं है और ना ही मास्‍टर इब्राहीम की बजाई लगती है । मैंने तफ़्तीश की...वाद्य संगीत के मामले में संशय बहुत होता है । तफ़्तीश में पाया गया कि एलबम बनाने वालों की ग़लती से इनॉक डैनियल्‍स के पियानो अकॉर्डियन वाले एलबम की एक धुन यहां वहां हो गयी और नाहक हमें माथा-पच्‍ची में डाल दिया ।

अब स्थिति स्‍पष्‍ट कर दी जाए कि पिछली पोस्‍ट में सुनवाई गयी धुन को इनॉक डैनियल्‍स की समझा जाये और वो वाद्य क्‍लेरिनेट नहीं बल्कि पियानो अकार्डियन माना जाए । अबकी बार बड़ा संभल संभल के एक और फिल्‍मी धुन लाया हूं । पर इस बार पक्‍की जानकारी है और ये मास्‍टर इब्राहीम की क्‍लेरिनेट पर ही बजाई हुई ही है । लेकिन इस धुन पर आने से पहले इंदौर से भाई संजय पटेल की पिछली पोस्‍ट पर आई टिप्‍पणी में से कुछ पंक्तियों पर ग़ौर कीजिए----

साज़-आवाज़ कार्यक्रम में मास्टर इब्राहिम की बहुतेरी धुनों को सुनने का मौक़ा मिलता था यूनुस भाई. इसी में वान शी प्ले, एनॉकडेनियल्स ,वी . बलसारा और चिरंजीत सिंह से हवाइन गिटार,एकॉर्डियन,यूनीबॉक्स प्यानो और मेंडोलियन पर कई धुनें सुनने के बाद मैं पिताजी से ज़िद कर के बेंजो ख़रीद लाया था और स्कूल से कॉलेज तक आते आते कई ट्रॉफ़िया जीतने का मज़ा ले चुका था. साज़ और आवाज़ ने मुझ जैसे कई मध्यमवर्गीय परिवारों के किशोरों और युवकों को विभिन्न वाद्यों की ओर खींचा.आपकी पोस्ट और माडसाब के ज़िक्र से किशोर और युवा मन की यादों के गलियारों की सैर कर आया हूँ आज

इससे पता चलता है कि ये वाद्य-संगीत, ये फिल्‍मी धुनें किस क़दर असर करती रही हैं । मेरा ख़ुद का मामला यही है कि गानों और उनकी धुनों ने मुझे कई वाद्य-यंत्रों की तरफ खींचा । जिसमें गिटार और सेक्‍सॉफॉन बहुत प्रमुख हैं । अफ़सोस कि इन दोनों साज़ों को बजाना मैं आज तक नहीं सीख पाया । ये तमन्‍ना आज भी अधूरी ही है । बहरहाल फिर से मास्‍टर इब्राहीम पर लौट आएं । उनके क्‍लेरिनेट में ग़ज़ब का आकर्षण है । इस पोस्‍ट में मैं आपके लिए एक अभ्‍यास छोड़ रहा हूं । अगर वाक़ई आप संगीत के गहरे रसिक हैं तो इस गाने को सुनते हुए क्‍लेरिनेट पर तो ध्‍यान दीजिएगा ही, पर ज़रा ये भी आज़माईये कि फिल्‍म मधुमति के इस बेहद चर्चित गीत की सारी पंक्तियां आपको याद आईं या नहीं । या फिर आप ये कहते रह गये कि.....अरे याद तो है पर ज़बान पर नहीं आ रही हैं । इस अभ्‍यास से इस धुन को सुनने का आपका मज़ा दोगुना हो जाएगा ।

चलने से पहले दो बातें बता दूं । इस गाने के लिए लता मंगेशकर को अपना सन 1958 में पहला फिल्‍मफेयर पुरस्‍कार मिला था । दूसरी बात ये कि इसे शैलेंद्र ने लिखा है । और सलिल चौधरी का संगीत है । लता जी अपने लगभग हर कंसर्ट में फिल्‍मी गीतों का आरंभ इस गाने से करने पर ज़ोर देती हैं ।

अनामदास जी का आग्रह फिल्‍मी धुनों की श्रृंखला का है । अच्‍छा आग्रह है । मैंने अनियमित श्रृंखला शुरू करने का मन बनाया है । इरफ़ान से खुला आग्रह है कि अगर वो वहां से तान छेड़ें तो हम दोनों मिलकर चिट्ठों की दुनिया में फिल्‍मी वाद्य संगीत का बेहतरीन माहौल तैयार कर दें ।

READ MORE...

Tuesday, March 11, 2008

मास्‍टर इब्राहीम की क्‍लेरियोनेट पर बजाई एक फिल्‍मी धुन- संगीत में ढाई मि0 की डुबकी ।

लंबे समय से तमन्‍ना थी कि रेडियोवाणी पर आपको फिल्‍म-इंस्‍ट्रूमेन्‍टल सुनवाये जाएं । मुझे स्‍कूल कॉलेज के ज़माने से ही फिल्‍मी गानों की अलग अलग साज़ों पर बजाई धुनें काफी पसंद रही हैं । एक ज़माने में केवल सुनील गांगुली और इनॉक डैनियल्‍स जैसे वादक ही मशहूर रहे थे जिन्‍होंने गिटार और पियानो अकॉर्डियन जैसे साज़ों पर फिल्‍मी गीत बजाए और अपने स्‍वतंत्र एलबम जारी किये । ये एल पी रिकॉर्ड आज भी निजी कलेक्‍शनों में मौजूद हैं और आकाशवाणी केंद्रों पर तो लगातार इस्‍तेमाल भी किये जाते रहे हैं ।

पर अफ़सोस यही है कि हमारे यहां इन वादकों और इनकी कला को उतना सम्‍मान, उतना नाम और दाम नहीं मिलता जिसके वो हक़दार हैं । पश्चिम में साजिंदों को भी खूब नाम मिलता है और वो अंतर्राष्‍ट्रीय स्‍तर पर ख्‍याति अर्जित करते हैं ।

.... चूंकि ये धुनें हैं शब्‍द नहीं हैं--इसलिए आप अपने काम में मगन रह सकते हैं । हां जब वक्‍त हो तो आंखें बंद करके इनमें डूब जाईये और इनके नये आयाम खोजते रहिए ।

मुझे याद है कि जब मैं आज से तकरीबन सात आठ साल पहले विख्‍यात सैक्‍सॉफोन और मेटल फ्लूट वादक मनोहारी सिंह से मिला और उनके चरण-स्‍पर्श करके उनसे कहा कि मैं आपका शैदाई हूं । सौभाग्‍य है कि आपसे मिलने का मौक़ा मिला । मैंने उनसे ये भी कहा कि मेरे पास आपके दोनों कैसेट हैं जिनमें आपने फिल्‍मी धुनें बजाई हैं तो उनको आश्‍चर्य सा हुआ क्‍योंकि किसी गुमनाम सी कैसेट कंपनी ने इन अलबमों को जारी किया था । फिर तीन साल पहले मनोहारी दादा मैंने लंबा इंटरव्‍यू किया और उन्‍होंने इतने दिल से मेटल फ्लूट और सैक्‍सोफोन पर कई कई धुनें बजाकर सुनाईं ।

मन कर रहा है कि अब instrumentals पर ही एक सीरीज़ की जाए । बहरहाल आपको ये बता दूं कि मनोहारी सिंह बंगाल के रहने वाले हैं और बासु-मनोहारी की जोड़ी आर डी बर्मन के सहायक संगीतकारों के रूप में विख्‍यात रही है । इन्‍होंने कुछ फिल्‍मों में स्‍वतंत्र रूप से संगीत भी दिया है । मनोहारी दादा के अलावा इनॉक डैनियल्‍स, सुनील गांगुली, ब्रायन सिलास, मिलन गुप्‍ता, सुरेश यादव जैसे अनेक कलाकार हैं जिन्‍होंने फिल्‍मी गीतों में अलग अलग साज़ भी बजाए और एक वादक के रूप में अपने साज़ पर फिल्‍मी धुनों के अलबम भी जारी किये ।

आज हम मास्‍टर इब्राहीम की प्रतिभा को सलाम कर रहे हैं जो क्‍लेरियोनेट बजाते रहे हैं । इंटरनेट पर मास्‍टर इब्राहीम के बारे में यहां ज़रा सी जानकारी मिली । और उनकी तस्‍वीर भी । जो यहां दी जा रही है । ibr मास्‍टर इब्राहीम जीरे ख़ान पानीपत वाले, रफ़ीक़ गज़नवी और पंडित दिनकर राव से तालीम ली थी और वे शास्‍त्रीय क्‍लोरियोनेट वादन भी करते रहे थे । शास्‍त्रीय महफिलों में उनके क्‍लेरियोनेट वादन को अपार प्रशंसा मिलती रही । मास्‍टर इब्राहीम ने फिल्‍म संसार में बतौर क्‍लौरियोनेट वादक काफी नाम कमाया । यही नहीं उनके कई एलबम बाजा़र में उपलब्‍ध हैं, जिनमें उन्‍होंने क्‍लेरियोनेट पर मशहूर फिल्‍मी गानों की धुनें बजाई हैं । इन धुनों को सुनने का अपना ही मज़ा है । ये आपको असली गाने का भी आनंद देती हैं और चूंकि ये धुनें हैं शब्‍द नहीं हैं--इसलिए आप अपने काम में मगन रह सकते हैं । हां जब वक्‍त हो तो आंखें बंद करके इनमें डूब जाईये और इनके नये आयाम खोजते रहिए ।

 

आज मैं मास्‍टर इब्राहीम का क्‍लेरियोनेट पर बजाया वो गीत आपको सुनवा रहा हूं जो सन 1967 की फिल्‍म 'हमराज़' का है । साहिर/ रवि । समझ गये ना । चलिए इस गीत में डूब जाते हैं । हो सकता है कि आगे चलकर कोई और इंस्‍ट्रूमेन्‍टल रेडियोवाणी पर प्रस्‍तुत किया जाए । हो सकता है कि पूरी सीरीज़ ही हो जाए । फिलहाल बताईये कि संगीत में क़रीब ढाई मि0 की ये डुबकी आपको कैसी लगी ।

READ MORE...
Blog Widget by LinkWithin
.

  © Blogger templates Psi by Ourblogtemplates.com 2008 यूनुस ख़ान द्वारा संशोधित और परिवर्तित

Back to TOP