संगीत का कोई मज़हब, कोई ज़बान नहीं होती। 'रेडियोवाणी' ब्लॉग है लोकप्रियता से इतर कुछ अनमोल, बेमिसाल रचनाओं पर बातें करने का। बीते नौ बरस से जारी है 'रेडियोवाणी' का सफर।
Showing posts with label मीना कुमारी. Show all posts
Showing posts with label मीना कुमारी. Show all posts

Saturday, August 1, 2009

यूं तेरी रहगुज़र से दीवानावार गुज़रे : मीनाकुमारी के अशआर उन्‍हीं की आवाज़ में ।

मैंने अभी कुछ दिन पहले की अपनी पोस्‍ट में कहा था कि गीता रॉय की याद कभी भी आ सकती है, वही वाक्‍य मीना आपा के लिए दोहराना चाहता हूं । मीना कुमारी की याद कभी भी आ सकती है । उनके लिए हम तारीख़ों के मोहताज नहीं । ख़ूबसूरत लोग अपने साथ अपनी पीड़ा लेकर भी आते हैं । दुनिया की लगभग सभी ख़ूबसूरत नायिकाओं और इतर महिलाओं को अपने हिस्‍से के संत्रास सहने पड़े और मीना आपा भी उनमें से एक हैं । आज अगर वो होतीं तो सतत्‍तर साल की होतीं और चांदी के रंग वाले बालों में उनका नूर भरा चेहरा कुछ और ही कहानी कहता । पर मीना आपा की जिंदगी बड़ी लेकिन संक्षिप्त होनी
थी । इसीलिए तो महज़ चालीस बरस की उम्र में उनकी कहानी खत्‍म हो गयी । कुछ कहानियां कभी खत्‍म नहीं होतीं । मीना आपा की कहानी भी ऐसी ही है ।



परदे पर उनके निभाए किरदारों के बीच भी पता नहीं क्‍यों मुझे लगता है कि उनका दुख चुपके से उनके चेहरे पर छलक पड़ता था । उनकी शायरी में उनकी निजी जिंदगी के सख्‍त अहसास उतर आए हैं । ख़ैयाम ने उनसे उनके ही कुछ अशआर गवाए थे । वैसे गुलज़ार ने उनकी शायरी की डायरी को संपादित करके प्रकाशित किया है ।

भाई शरद कोकास का इसरार है कि मीना आपा के जन्‍मदिन पर I Write I Recite नामक एलबम वाली पोस्‍ट को दोबारा प्रकाशित किया जाए । तो मैंने सोचा कि उसी अलबम से कुछ और सुना जाए इस बार । अभी यूट्यूब वीडियो लगा रहा हूं । जो एकाध दिन में मीडिया प्‍लेयर में बदल दिया जाएगा ।

कोई बताए कि जब मीना आपा गाती हैं तो उन्‍हें सुनकर मुझे लगता है ....
कोई सफेद लिबास पहने मर्सिया गा रहा है ।



यूं तेरी रहगुज़र से दीवानावार गुज़रे
कांधे पे अपने रखके अपना मज़ार गुज़रे
बैठे हैं रास्‍ते में दिल का खंडहर सजाकर
शायद इसी तरफ़ से एक दिन बहार गुज़रे
बहती हुई ये नदिया घुलते हुए किनारे
कोई तो पार उतरे कोई तो पार गुज़रे
तूने भी हमको देखा, हमने भी तुझको देखा
तू दिल ही हार गुज़रा हम जान हार गुज़रे

READ MORE...

Wednesday, August 1, 2007

चांद तन्‍हा है आसमां तन्‍हा--मीनाकुमारी के जन्‍मदिन पर उन्‍हीं की आवाज़ में उनके अशआर


आज मीनाकुमारी का जन्‍मदिन है ।

और ये बात मुझे इरफ़ान ने याद दिलाई ।

मीना कुमारी के लिए मैं ज्‍यादा क़सीदे नहीं काढ़ूंगा, बस इतना कहूंगा कि हिंदी फिल्‍मों में अगर कोई अभिनेत्री पीड़ा और संत्रास का प्रतीक बन सकी है तो वो मीना कुमारी हैं ।

उनकी अपनी जिंदगी शायद दर्द का एक मुसलसल अहसास बनके रह गयी थी ।


एक ख़ूबसूरत चेहरा, एक निहायत ख़ूबसूरत शख्सियत, जैसे जन्‍नत से भटक के आयी हो कोई फ़रिश्‍ता रूह । और शायद ये ये भटकन ख़ुदा को भी पसंद ना आई हो, इसलिये इस भटकी हुई रूह पर ज़ुल्‍मतों का पहाड़ बरपा दिया गया ।

बहरहाल मीना कुमारी ने अपना दर्द अपनी शायरी में उड़ेला था ।

इससे पहले भी चिट्ठाजगत पर मीना कुमारी की शायरी का जिक्र हो चुका है ।
बस आपको इतना बताना है कि एक ज़माने में एक अलबम निकला था नाम था—‘I write I recite’ । इस अलबम में संगीतकार ख़ैयाम ने मीना कुमारी से उन्‍हीं के अशआर गवाए थे । इसका कैसेट मेरे पास है । विविध भारती की लाईब्रेरी में इसका रिकॉर्ड है । और मुंबई की म्‍यूजिक शॉप्‍स में एकाध बार मैंने इसकी सी.डी. भी बिकते देखी है ।

सही मायनों में ये एक अनमोल पेशक़श रही । आप खुद ही अहसास कीजिए ।


चांद तन्‍हा है आसमां तन्‍हा
दिल मिला है कहां कहां तन्‍हा

बुझ गयी आस छुप गया तारा
थरथराता रहा धुंआ तन्‍हा

जिंदगी क्‍या इसी को कहते हैं
जिस्‍म तन्‍हा है और हां तन्‍हां

हमसफर कोई गर मिले भी कहीं
दोनों चलते रहे तन्‍हा तन्‍हा

जलती बुझती सी रोशनी के परे
सिमटा सिमटा सा इक मकां तन्‍हां

राह देखा करेगा सदियों तक
छोड़ जायेंगे ये जहां तन्‍हा








इस ग़ज़ल को मीनाकुमारी की आवाज़ में सुनने के लिए
यहां क्लिक कीजिए


आग़ाज़ तो होता है, अंजाम नहीं होता,
जब मेरी कहानी में वह नाम नहीं होता ।।

जब ज़ुल्फ़ की कालिख में गुम जाए कोई राही,
बदनाम सही, लेकिन, गुमनाम नहीं होता ।।

हंस-हंस के जवां दिल के हम क्यों ने चुनें टुकड़े
हर शख़्स की क़िस्मत में ईनाम नहीं होता ।।

दिन डूबे है या डूबी बारात लिए किश्‍ती
साहिल पे मगर कोई कोहराम नहीं होता ।।

मीनाकुमारी की एक और ग़ज़ल उन्‍हीं की आवाज़ में--
इसे सुनने के लिए
यहां क्लिक कीजिए ।

आबलापा कोई इस दश्त में आया होगा..........आबला पा:जलते हुए पैरों के साथ
वरना आँधी में दिया किसने जलाया होगा ।।

ज़र्रे ज़र्रे पे जड़े होंगे कुँआरे सिज़दे
इक-इक बुत खुदा उसने बनाया होगा ।।

प्यास जलते हुये काँटों की बुझायी होगी
रिसते पानी को हथेली पे सजाया होगा ।।

मिल गया होगा अगर कोई सुनहरी पत्थर
अपना टूटा हुआ दिल याद तो आया होगा ।।


Technorati tags: ,

READ MORE...
Blog Widget by LinkWithin
.

  © Blogger templates Psi by Ourblogtemplates.com 2008 यूनुस ख़ान द्वारा संशोधित और परिवर्तित

Back to TOP