संगीत के शौक़ ने फंसा दिया, आप भी फंसिए और इन धुनों को पहचानिए
हमारा बचपन भी वैसा ही गुज़रा है जैसा छोटे शहर के किसी आम मध्यवर्गीय परिवार के लड़कों का बीतता है । गाडियों के एक्सल से निकले मेटल के पहिये को तार से बने 'ड्राइवर' से चलाते हुए दौडते थे और लगता था कि धरती के उस पार तक चले जायेंगे । धूप में 'पिट्ठू' 'गुल्ली-डंडा' या पतंगबाज़ी करते 'काले-ढुस' होकर लौटते थे और मां-पापा की डांट सुनते थे । कॉमिक्स की अदला-बदली करते थे और सपनों में खोए रहते थे । माचिस की डिब्बियों के रैपर जमा करते थे, पुराने सिक्के और डाकटिकट जमा करते थे और सोचते थे कि दुनिया की सबसे बड़ी दौलत है ये ।
इस दौरान एक चीज़ थी जो यहां-वहां-जहां-तहां 'संतोसी-माता' की तरह 'विराजमान' रहती थी और वो था संगीत और संगीत के नाम पर मुहल्लों में होने वाला कानफोड़े शोर ( शोर नहीं बाबा 'सोर'....'सोर' ) कभी 'गनेस जी' के 'गनेसोत्सव' के नाम पर तो कभी 'नवरात्र' के नाम पर, कभी किसी मज़ार के 'उर्स' के नाम पर तो कभी किसी के घर का 'चिराग़' पैदा होने के नाम पर, कभी शादी के नाम पर तो कभी 'हैपी-बड्डे' के नाम पर । अब हम क्या कहें कल हमारे मित्र 'डाकसाब' की एक मेल आई है : उन्होंने जैसे हमारे मन के किसी कोने में घुसकर हमारी भावनाओं पर डाका डालके खुद लिख दिया । समझ लीजिएगा कि शब्द उनके हैं और भाव हमारे हैं ( जे हमारे साथ अकसर क्यों होता है जी )
| बचपन के सुने ज़्यादातर फ़िल्मी गाने,जो हमारे मन में बहुत गहरे अन्दर तक रच-बस गये हैं,वे नहीं हैं जो हमने रेडियो पर सुने या भोंपूनुमा ग्रामोफ़ोन पर; बल्कि वे हैं, जो हमने लाउडस्पीकर पर सुने। बैकग्राउण्ड में कहीं दूर क्षितिज या किसी वादी से आती आवाज़ जैसे ये गाने तब एक अजीब सा सम्मोहन पैदा करते थे । तीन-चार बरस की उस उम्र में इनमें से कईयों के तो बोल भी ठीक से समझ नहीं आते थे। अपनी बाल-बुद्धि से ही शब्द गढ़ कर उन धुनों को ज़ुमलों का ज़ामा पहनाते और गुनगुनाते थे हम। अगर शब्द समझ आये भी, तो उनमें से कईयों के पीछे छिपे असली भावों या जीवन-दर्शन की समझ कहाँ थी तब ? ऐसा ही एक गाना तब अक्सर दूर कहीं लाउडस्पीकर पर ख़ूब बजा करता था। कुछ तो दूरी और कुछ लाउड स्पीकरों की फटी हुई साउण्ड क्वालिटी की वज़ह से बोल तो साफ़ समझ नहीं आते थे,पर धुन बड़ी सम्मोहक थी । उन्हीं दिनों एक दिन (शायद ज़िन्दगी में पहली बार ) पुलिस को एक आदमी को सड़क पर हथकड़ी लगाकर ले जाते हुए देखा (पीछे-पीछे तमाशबीनों की भीड़ के साथ)। तब इस गाने को सुनकर मन में हमेशा यही सीन घूमता था। उसके बाद फिर पिछले कोई चालीस सालों से नहीं सुना यह गाना । "विविध-भारती" के पास शायद है भी नहीं । होता तो इतने सालों में कभी न कभी, कहीं न कहीं, बजता ज़रूर। बाकी सब जगह ढूँढ-ढाँढ कर भी थक गये । पुराने लोग कह ही गये हैं - ढूँढो तो भगवान भी मिलता है ( वैसे कहते तो हम भी हैं; शायद धीरे-धीरे पुराने पड़ने का लक्षण है ),तो आख़िर VCD क्या चीज़ है ? जाकर हमें भी मिली और इस तरह लगे हाथों यह फ़िल्म देखने की हसरत भी पूरी हो गयी। तो यह रही साथ में अटैच्ड इस गाने के शुरुआती संगीत की धुन । दूसरी फ़ाइल में है एक अन्तरे की धुन( ख़ास बात यह है कि प्रचलित प्रथा के विपरीत हर अन्तरे के बीच की धुन एकदम वही नहीं है,बल्कि थोड़ी अलग है) वैसे आप जैसे (संगीत के) नशेड़ियों के लिये इस पहेली में ज़्यादा दम तो नहीं लगता, फिर भी बताइये कि यह गाना कौन-सा है ? |
इसके बाद उन्होंने दो एम.पी3 फाइलें जोड़ दी हैं । एक तो बचपन के उन 'हाय हाय' और 'अश अश' वाले दिनों की याद दिला दी । ऊपर से जे पहेली । जुलम करे । दिमाग़ पर ज़ोर डाला पर बात बन नहीं रही है । मदद कीजिए । पहचानिए इन गानों को । अगर जे पहेली आप पर भी 'जुलम' कर रही है तो 'मुंडी झुकाकर' हार मान लीजिए । हम भी मान जाएंगे । गंगा मैया की कसम, नरबदा मैया की कसम हमें इस पहेली का जवाब नहीं मालूम । जिन्हें मालूम है बो तो चिढ़ा रहे हैं ।
पहली फाइल मुखड़े की धुन
दूसरी फाइल अंतरे की धुन
READ MORE...



