संगीत का कोई मज़हब, कोई ज़बान नहीं होती। 'रेडियोवाणी' ब्लॉग है लोकप्रियता से इतर कुछ अनमोल, बेमिसाल रचनाओं पर बातें करने का। बीते नौ बरस से जारी है 'रेडियोवाणी' का सफर।
Showing posts with label नीले गगन के तले. Show all posts
Showing posts with label नीले गगन के तले. Show all posts

Tuesday, March 11, 2008

मास्‍टर इब्राहीम की क्‍लेरियोनेट पर बजाई एक फिल्‍मी धुन- संगीत में ढाई मि0 की डुबकी ।

लंबे समय से तमन्‍ना थी कि रेडियोवाणी पर आपको फिल्‍म-इंस्‍ट्रूमेन्‍टल सुनवाये जाएं । मुझे स्‍कूल कॉलेज के ज़माने से ही फिल्‍मी गानों की अलग अलग साज़ों पर बजाई धुनें काफी पसंद रही हैं । एक ज़माने में केवल सुनील गांगुली और इनॉक डैनियल्‍स जैसे वादक ही मशहूर रहे थे जिन्‍होंने गिटार और पियानो अकॉर्डियन जैसे साज़ों पर फिल्‍मी गीत बजाए और अपने स्‍वतंत्र एलबम जारी किये । ये एल पी रिकॉर्ड आज भी निजी कलेक्‍शनों में मौजूद हैं और आकाशवाणी केंद्रों पर तो लगातार इस्‍तेमाल भी किये जाते रहे हैं ।

पर अफ़सोस यही है कि हमारे यहां इन वादकों और इनकी कला को उतना सम्‍मान, उतना नाम और दाम नहीं मिलता जिसके वो हक़दार हैं । पश्चिम में साजिंदों को भी खूब नाम मिलता है और वो अंतर्राष्‍ट्रीय स्‍तर पर ख्‍याति अर्जित करते हैं ।

.... चूंकि ये धुनें हैं शब्‍द नहीं हैं--इसलिए आप अपने काम में मगन रह सकते हैं । हां जब वक्‍त हो तो आंखें बंद करके इनमें डूब जाईये और इनके नये आयाम खोजते रहिए ।

मुझे याद है कि जब मैं आज से तकरीबन सात आठ साल पहले विख्‍यात सैक्‍सॉफोन और मेटल फ्लूट वादक मनोहारी सिंह से मिला और उनके चरण-स्‍पर्श करके उनसे कहा कि मैं आपका शैदाई हूं । सौभाग्‍य है कि आपसे मिलने का मौक़ा मिला । मैंने उनसे ये भी कहा कि मेरे पास आपके दोनों कैसेट हैं जिनमें आपने फिल्‍मी धुनें बजाई हैं तो उनको आश्‍चर्य सा हुआ क्‍योंकि किसी गुमनाम सी कैसेट कंपनी ने इन अलबमों को जारी किया था । फिर तीन साल पहले मनोहारी दादा मैंने लंबा इंटरव्‍यू किया और उन्‍होंने इतने दिल से मेटल फ्लूट और सैक्‍सोफोन पर कई कई धुनें बजाकर सुनाईं ।

मन कर रहा है कि अब instrumentals पर ही एक सीरीज़ की जाए । बहरहाल आपको ये बता दूं कि मनोहारी सिंह बंगाल के रहने वाले हैं और बासु-मनोहारी की जोड़ी आर डी बर्मन के सहायक संगीतकारों के रूप में विख्‍यात रही है । इन्‍होंने कुछ फिल्‍मों में स्‍वतंत्र रूप से संगीत भी दिया है । मनोहारी दादा के अलावा इनॉक डैनियल्‍स, सुनील गांगुली, ब्रायन सिलास, मिलन गुप्‍ता, सुरेश यादव जैसे अनेक कलाकार हैं जिन्‍होंने फिल्‍मी गीतों में अलग अलग साज़ भी बजाए और एक वादक के रूप में अपने साज़ पर फिल्‍मी धुनों के अलबम भी जारी किये ।

आज हम मास्‍टर इब्राहीम की प्रतिभा को सलाम कर रहे हैं जो क्‍लेरियोनेट बजाते रहे हैं । इंटरनेट पर मास्‍टर इब्राहीम के बारे में यहां ज़रा सी जानकारी मिली । और उनकी तस्‍वीर भी । जो यहां दी जा रही है । ibr मास्‍टर इब्राहीम जीरे ख़ान पानीपत वाले, रफ़ीक़ गज़नवी और पंडित दिनकर राव से तालीम ली थी और वे शास्‍त्रीय क्‍लोरियोनेट वादन भी करते रहे थे । शास्‍त्रीय महफिलों में उनके क्‍लेरियोनेट वादन को अपार प्रशंसा मिलती रही । मास्‍टर इब्राहीम ने फिल्‍म संसार में बतौर क्‍लौरियोनेट वादक काफी नाम कमाया । यही नहीं उनके कई एलबम बाजा़र में उपलब्‍ध हैं, जिनमें उन्‍होंने क्‍लेरियोनेट पर मशहूर फिल्‍मी गानों की धुनें बजाई हैं । इन धुनों को सुनने का अपना ही मज़ा है । ये आपको असली गाने का भी आनंद देती हैं और चूंकि ये धुनें हैं शब्‍द नहीं हैं--इसलिए आप अपने काम में मगन रह सकते हैं । हां जब वक्‍त हो तो आंखें बंद करके इनमें डूब जाईये और इनके नये आयाम खोजते रहिए ।

 

आज मैं मास्‍टर इब्राहीम का क्‍लेरियोनेट पर बजाया वो गीत आपको सुनवा रहा हूं जो सन 1967 की फिल्‍म 'हमराज़' का है । साहिर/ रवि । समझ गये ना । चलिए इस गीत में डूब जाते हैं । हो सकता है कि आगे चलकर कोई और इंस्‍ट्रूमेन्‍टल रेडियोवाणी पर प्रस्‍तुत किया जाए । हो सकता है कि पूरी सीरीज़ ही हो जाए । फिलहाल बताईये कि संगीत में क़रीब ढाई मि0 की ये डुबकी आपको कैसी लगी ।

READ MORE...
Blog Widget by LinkWithin
.

  © Blogger templates Psi by Ourblogtemplates.com 2008 यूनुस ख़ान द्वारा संशोधित और परिवर्तित

Back to TOP