संगीत का कोई मज़हब, कोई ज़बान नहीं होती। 'रेडियोवाणी' ब्लॉग है लोकप्रियता से इतर कुछ अनमोल, बेमिसाल रचनाओं पर बातें करने का। बीते नौ बरस से जारी है 'रेडियोवाणी' का सफर।
Showing posts with label आशा भोसले. Show all posts
Showing posts with label आशा भोसले. Show all posts

Monday, September 15, 2008

बैठे हैं रहगुजर पे दिल का दिया जलाये: संगीतकार बाबुल का एक यादगार गाना

कुछ गाने पता नहीं कैसे मन की कंदराओं में दब जाते हैं और उनकी याद बरसों तक नहीं आती ।

मेरे ख्‍याल से परसों की शाम थी जब अचानक ममता ने ये गाना गुनगुनाना शुरू कर दिया और मैं जो अपने किसी काम में या अपने ही ख्‍यालों में गुम था अचानक चौंक गया, हड़बड़ाकर पूछा--फिल्‍म कौन सी है । ममता बोलीं--भूल गए, चालीस दिन । ये ममता के पसंदीदा गानों में से एक है । वैसे भी फिल्‍म-संगीत के मामले में ममता की पसंद बड़ी ही सख्‍त है । मजाल है कि छायागीत में उनकी पसंद के दायरे से बाहर का कोई गाना घुसने की गुस्‍ताखी कर पाए ।


बहरहाल । इस गाने ने कई भूली बिसरी बातें याद दिला दीं ।

कुछ साल पहले मैंने ऐसे संगीतकारों के गाने जमा करने शुरू किये थे जिन्‍होंने बहुत ज्यादा काम नहीं किया । या जिन्‍हें संगीत के दमकते सितारों के बीच ठीक से शोहरत नहीं मिल पाई । बाबुल उन्‍हीं में से एक हैं । अगर सिलसिला बन पाया तो ऐसे संगीतकारों के गाने रेडियोवाणी के ज़रिए आप तक पहुंचाए जायेंगे । इंटरनेटी छानबीन के ज़रिए मुझे बाबुल के बारे में ये पता चला कि बाबुल और बिपिन मदनमोहन के सहायक हुआ करते थे । उन्‍होंने एक साथ 'सलाम-ए-मुहब्‍बत', 'चौबीस घंटे' और 'रात के राही' जैसी फिल्‍मों में संगीत दिया और फिर अपनी अलग अलग राहें चुन लीं ।

'चालीस दिन' वो पहली फिल्‍म थी जो दोनों के अलग होने के बाद बाबुल ने अकेले की थी । इस फिल्‍म का संगीत बड़ा ही कामयाब हुआ था । इस गाने के अलावा इस फिल्‍म में आशा भोसले का गाया गाना 'कहो आके बहार करे मेरा सिंगार' और मुकेश का गाया 'मैं दीवाना मस्‍ताना' जैसे गाने भी थे ।

आशा भोसले का गाया ये गीत एक अकेली नायिका के दर्द की आवाज़ है । इस गाने को लिखा है कैफी आज़मी ने और संभवत: ये फिल्‍म सन 1958 में आई थी ।

गाना बांसुरी की एक विकल तान से शुरू होता है । जिसे आगे बढ़ाते हैं ग्रुप वायलिन और फिर आशा जी की आवाज़ ।



एक और प्‍लेयर


बैठे हैं रहगुजर पर दिल का दिया जलाए
शायद वो दर्द जानें शायद वो लौट आएं ।
आकाश पर सितारे चल चल के थम गए हैं
शबनम के सर्द आंसू फूलों पे जम गए हैं
हम पर नहीं किसी पर ऐ काश रहम खाए
शायद वो दर्द जानें शायद वो लौट आएं
बैठे हैं रहगुज़र पर ।।
राहों में खो गई हैं हसरत भरी निगाहें
कब से लचक रही हैं अरमान की नर्म बाहें
हर मोड़ पर तमन्‍ना आहट किसी की पाए
शायद वो दर्द जानें शायद वो लौट आएं
बैठे हैं रहगुज़र पे ।।

READ MORE...

Monday, September 8, 2008

कैसे उनको पाऊं आली--आशा भोसले का स्‍वर



आज सुर-सखी आशा भोसले की पचहत्‍तरवीं सालगिरह है । इसलिए कुछ ऐसा प्रस्‍तुत करने का मन था, जो आमतौर पर हम आशा जी की आवाज़ में नहीं सुनते ।
आशा जी और जयदेव ने बरसों पहले एक अलबम निकाला था । शायद सन 1971 या 1977 में । इसमें आशा जी ने कमाली, मीरा बाई, जयशंकर प्रसाद और महादेवी की रचनाओं को स्‍वर दिया था । आज के मौक़े के लिए पहले तो मुझे ये अलबम याद आया । फिर याद आया कि आशा भोसले और गुलाम अली के साझा अलबम 'मेराज-ए-ग़ज़ल' से कुछ पेश किया जाए । ख़ैर महादेवी की ये रचना मुझे बहुत प्रिय है ।

Mahadevi verma jaidev asha 2
आईये आशा जी को पचहत्‍तर साल पूरे करने की बधाई देते हुए उनके कांचन-स्‍वर में ये गीत सुना
जाए ।


बस इतना अर्ज़ करना चाहता हूं कि इसमें ठेठ जयदेव शैली का संगीत है । रिदम हो या स्ट्रिंग्‍स, मुरली की शांत तान भी इस गाने में पिरोई गई है । ऐसा संगीत केवल जयदेव ही दे सकते थे । जो जीवन भर अपनी शर्तों पर रहे और अपनी शर्तों पर काम किया ।




कैसे उनको पाऊं आली कैसे उनको पाऊं
वे आंसू बनकर मेरे इस कारण ढुल-ढुल जाते
इन पलकों के बंधन में मैं बांध-बांध पछताऊं
कैसे उनको पाऊं आली ।।
वे तारक बालाओं की अपलक चितवन बन जाते
जिसमें उनकी छाया भी मैं छू न सकूं, अकुलाऊं
कैसे उनको पाऊं आली ।।

READ MORE...

Saturday, September 8, 2007

सुनिए आशा भोसले और गुलाम अली को एक साथ--आशा भोसले के जन्‍मदिन पर विशेष



आज आशा भोसले का चौहत्‍तरवां जन्‍मदिन है ।

आशा भोसले होने का मतलब है लंबा संघर्ष ।

जब बड़ी बहन के रूप में लता मंगेशकर जैसी शख्सियत फिल्‍म-संगीत-संसार में त‍हलका मच रही हों,

जब करियर के हर मोड़ पर आपकी तुलना अपनी बड़ी बहन से की जाए,

जब लता मंगेशकर की सादगी और कलात्‍मकता को श्रेष्‍ठ बताया जाये और आशा की प्रयोगधर्मिता को कम करके आंका जाये,

जब आशा को केवल कैबेरे या दोयम दर्जे के गाने के लिए ही उपयुक्‍त माना जाये,

जब निजी जिंदगी में बहुत कम उम्र में शोषण झेलना पड़े, मां बनना पड़े और बच्‍चों की जिम्‍मेदारी खुद अपने कंधों पर उठानी पड़े
जब आप चौहत्‍तर साल की जिंदगी में अपनी बड़ी दीदी की छाया से निकलकर अपनी एक अलग और ठोस पहचान कायम करें

तो वाक़ई साबित हो जाता है कि आशा भोसले संघर्ष का दूसरा नाम हैं ।

आशा भोसले ने हर तरह के गीत गाकर अपने आप को साबित किया है । और आज इस पोस्‍ट में मैं आपको आशा भोसले की दो बेमिसाल रचनाएं सुनवा रहा हूं । ये इसलिए बेमिसाल हैं कि इन्‍हें आशा भोसले ने गुलाम अली के साथ गाया है । जी हां संगीत के क़द्रदानों को वो अलबम याद होगा जिसमें आशा भोसले ने कुछ रचनाएं गुलाम अली के साथ गाईं थीं और कुछ दोनों कलाकारों के एकल गीत थे । मुझे इस अलबम की सबसे अनोखी बात ये लगती है कि इसके ज़रिए हम दो कालजयी कलाकारों को एक साथ सुन पाते हैं । और वो भी पूरी हार्मनी में । ना तो कोई आक्रामकता, ना कोई मुक़ाबला, ना कोई होड़,
आशा भोसले ने ग़ज़लें कम गायीं हैं । और जिस तरह के सेन्‍सुअस गीत ज्‍यादातर वो गाती रही हैं, वहां से बाहर निकलकर ग़ज़लों या ग़ैरफिल्‍मी गीतों की ख़ामोश कलात्‍मक दुनिया में आना उनके लिए भी काफी चुनौतीपूर्ण और संतोषजनक रहा होगा । ये दोनों रचनाएं पढ़ने में भले सामान्‍य या औसत लगें लेकिन इनको सुनना एक दिव्‍य अनुभव है ।

तो आईये आशा भोसले की विराट प्रतिभा को सलाम करें और उन्‍हें दें जन्‍मदिन की बधाई ।

ये है पहला गीत--नैना तोसे लागे ।

Get this widget Share Track details


नैना तोसे लागे,सारी रैना जागे ।
तूने चुराई मोरी निंदिया, तू ही चैन चुराए ।।

मेरी सांसों में लहराए अंग में खुशबू घोले
मीठा मीठा दर्द जगाए नस नस में तू डोले
सांझ सबेरे होंठों पर भी नाम तेरा ही आए ।। नैना तोसे ।।

सावन मास की धूप सा गोरी तेरा रूप सलोना
एक झलक में कर गया रोशन मन का कोना कोना
रंग हज़ारों तूने मेरे जीवन में बिखराए ।। नैना तोसे ।।

मस्‍त हवाएं,शाम सुहानी,भीगी रूत के मेले
सबको तेरी आस हो जैसे सब हैं आज अकेले
आंगन मेरी तन्‍हाई का तुझ बिन कौन सजाए ।। नैना तोसे ।।

तोड़के रस्‍मों की ज़ंजीरें आ दोनों मिल जाएं
सपने महकें, आशाओं के फूल सभी खिल जाएं
जो दोनों के बीच हैं, पल में वो दूरी मिट जाए ।। नैना तोसे



ये नासिर फराज़ की ग़ज़ल है । सुनिए और पढि़ये ।
Get this widget Share Track details



गये दिनों का सुराग लेकर किधर से आया किधर गया वो
अजीब मानूस अजनबी था मुझे तो हैरान गया वो ।।

बस एक मोती सी छब दिखाकर
बस एक मीठी सी धुन सुनाकर
सितारा-ए-शाम बनकर आया
बरंगे-ख्‍वाब-सेहर गया वो ।। गये दिनों का ।।

ना अब वो यादों का चढ़ता दरिया
ना फुरसतों की उदास बरखा
यूं ही जरा सी कसक है दिल में
जो ज़ख्‍़म गहरा था, भर गया वो ।। गये दिनों का ।।

वो हिज्र की रात का सितारा
वो हमनफ़स-हमसुख़न हमारा
सदा रहे उसका नाम प्‍यारा
सुना है कल रात मर गया वो ।। गये दिनों का ।।

वो रात का बेनवां मुसाफिर
वो तेरा शायर वो तेरा नासिर
तेरी गली तक तो हमने देखा था
फिर ना जाने किधर गया वो ।। गये दिनों का ।।


Technorati tags:
“आशा भोसले” ,
”asha bhosle and ghulam ali” ,

”gaye dinon ka suragh lekar” ,
”naina tose laage”,
”नैना तोसे लागे” ,
”गये दिनों का सुराग लेकर”

चिट्ठाजगत पर सम्बन्धित: “आशा-भोसले”, “गये-दिनों-का-सुराग़-लेकर”, “नैना-तोसे-लागे”, “आशा-भोसले, –और-गुलाम-अली”, “asha-bhosle”, “gaye-dinon-ka-suragh-lekar”, “naina-tose-lage”, “asha-bhosle-and-ghulam-ali”,

READ MORE...

Saturday, August 11, 2007

ज्ञान जी की छुट्टी और जयशंकर प्रसाद का गीत आशा भोसले की आवाज़ में


आज बड़ी माथापच्‍ची की । दरअसल मेरी इस पोस्‍ट का शीर्षक होना चाहिये था—ज्ञान जी की छुट्टी और शंकर हुसैन फिल्‍म के बाकी गाने । क्‍योंकि आज सबेरे पता चला कि रेलगाड़ी वाले ज्ञान जी छुट्टी मना रहे हैं तो सोचा शंकर हुसैन फिल्‍म के गानों की अपनी श्रृंखला को पूरा कर दिया जाए । एक गाना तो कहीं से प्राप्‍त हो गया लेकिन दूसरा कमबख्‍त चल नहीं रहा, म्‍यूजिक इंडिया ऑन लाइन पर आज कोई गड़बड़ है । ये गाना वहीं उपलब्‍ध है । इसलिये ये पोस्‍ट तो हुई मुल्‍तवी ।


बहरहाल—इस बीच मुझे आशा भोसले की आवाज़ में एक अद्भुत रचना मिल गयी ।
शायद कभी विकास ने इसकी चर्चा की थी । संगीतकार जयदेव ने आशा भोसले का एक अलबम तैयार किया था । इसमें महादेवी वर्मा का एक गीत था, एक जयशंकर प्रसाद का गीत और शायद बाकी मीरा के भजन थे । ये रिकॉर्ड विविध भारती में तो है । लेकिन इंटरनेट पर मुझे केवल जयशंकर प्रसाद की रचना ही मिल सकी ।

सुनिए- आशा जी ने‍ कितना अद्भुत गाया है । थोड़े दिन पहले मैं ने पाब्‍लो नेरूदा वाली पोस्‍ट पर कहा था कि क्‍या हमारे यहां साहित्यिक रचनाओं का मशहूर लोग वाचन नहीं कर सकते । फिर ये तो गायन है । लेकिन इसके बाद ऐसा हुआ क्‍यों नहीं ये विचारणीय है ।

जब आप इसे सुनेंगे तो पायेंगे कि आशा जी ने ‘कलह’ को कलय गाया है । शायद धुन की मजबूरी रही होगी । पर इस रचना को सुनना एक अविस्‍मरणीय अनुभव है ।

ज्ञान जी सुन रहे हैं ना ।

इस गीत को सुनने के लिए यहां क्लिक करें

तुमुल-कोलाहल-कलह में मैं हृदय की बात रे मन
विकल होकर नित्‍य-चंचल, खोजती जब नींद के पल
चेतना थक-सी रही तब मैं मलय की वात रे मन
तुमुल-कोलाहल-कलह में मैं हृदय की बात रे मन ।।

चिर-विषाद-विलीन मन की इस व्‍यथा के तिमिर-वन की
मैं उषा सी ज्‍योति-रेखा, कुसुम विकसित प्रात रे मन
जहाँ मरु-ज्वाला धधकती,चातकी कन को तरसती,
उन्हीं जीवन-घाटियों की, मैं सरस बरसात रे मन ।
पवन की प्राचीर में रूक, जला जीवन जी रहा झुक
इस झुलसते विश्‍व-दिन की, मैं कुसुम-ऋतु रात रे मन
चिर निराशा नीरधर से, प्रतिच्छायित अश्रु-सर में,
मधुप-मुखर-मरंद-मुकुलित, मैं सजल जलजात रे



Technorati tags:
जयशंकर प्रसाद,
आशा भोसले,
तुमुल कोलाहल ,
jai shankar prasad,
tumul kolahal,

READ MORE...
Blog Widget by LinkWithin
.

  © Blogger templates Psi by Ourblogtemplates.com 2008 यूनुस ख़ान द्वारा संशोधित और परिवर्तित

Back to TOP